नारायण राणे को फिर याद आए सुशांत सिंह राजपूत, महाराष्ट्र सरकार पर लगा दिए कई आरोप
मुंबई, 27 अगस्त। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लेकर कथित विवादित बयान देने वाले केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद नारायण राणे ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। शुक्रवार को नारायण राणे ने कहा कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है, शिवसेना सत्ता में है इसलिए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। नारायण राणे का यह बयान तब आया है जब बॉम्बे हाई कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। साथ ही महाराष्ट्र सरकार ने राणे पर भविष्य में किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है।

सुशांत सिंह केस पर उठाए सवाल
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने अब बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत और उनकी पूर्व मैनेजर दिशा सालियान केस को लेकर महाराष्ट्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा,
मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है। वे (शिवसेना) सत्ता में हैं, इसलिए उन्होंने मुझे गिरफ्तार कर लिया। कोरोना संक्रमण के मामले में महाराष्ट्र नंबर 1 है। कोविड के दौरान उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की, एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की हत्या कर दी गई। दिशा सालियान (सुशांत सिंह की पूर्व मैनेजर) का रेप और हत्या की गई, जबकि अपराधी आज भी खुलेआम घूम रहे हैं।

शिवसेना और ममता बनर्जी पर साधा निशाना
रत्नागिरी में बोलते हुए नारायण राणे ने आगे कहा,
मेरे घर के सामने आए शिवसैनिकों का पुलिस ने स्वागत किया। पिछले दो सालों में शिवसेना ने कोंकण क्षेत्र को क्या दिया है? उन्होंने सोचा कि अगर वे मेरे खिलाफ कार्रवाई करेंगे तो मैं डर जाऊंगा, लेकिन हमारी यात्रा सफल रही। संजय राउत बिना मतलब के बोलते हैं। शिवसेना के पतन की वजह बनेंगे विनायक और संजय राउत... कोंकण और कश्मीर में उतना ही अंतर है, जितना ममता बनर्जी को प्रधानमंत्री बनने में।

क्या है मामला?
गौरतलब है कि नारायण राणे के 'थप्पड़ मारने वाले' बयान को लेकर महाराष्ट्र में हड़कंप मचा हुआ है। राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लेकर की गई उनकी कथित टिप्पणी को लेकर नारायण राणे को गिरफ्तारी तक का सामना करना पड़ा। हालांकि मंगलवार की रात ही महाड कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई। अब ये मामला बॉम्बे हाई कोर्ट में है जहां महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को न्यायालय से कहा कि वे मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ टिप्पणी के लिए केंद्रीय मंत्री नारायण राणे पर कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करेंगे।

सुशांत सिंह की मौत की जांच जारी
बता दें कि बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मुंबई स्थित अपने फ्लैट में 14 जून 2020 को मृत पाए गए थे। सुशांत सिंह राजपूत का यूं चले जाना हर किसी को हैरान कर गया था। सुशांत के फैंस के लिए यकीन कर पाना बहुत मुश्किल था कि उनके फेवरिट कलाकार अब इस दुनिया में नहीं रहे। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की जांच सीबीआई कर रही है। सीबीआई ने फिलहाल इस मामले में कोई क्लोजर रिपोर्ट सबमिट नहीं की है। अभी भी सुशांत के फैन्स उनके लिए सोशल मीडिया पर अक्सर ट्रेंड चलाते रहते हैं।
यह भी पढ़ें: पत्नी के घरेलू हिंसा के आरोपों के बीच यो यो हनी सिंह ने शेयर किया पहला पोस्ट, किया ये ऐलान












Click it and Unblock the Notifications