मराठी नहीं तो लाइसेंस कैंसिल! 15 अगस्त के बाद महाराष्ट्र में ड्राइवरों पर गाज़, बीजेपी सरकार का स्पेशल क्लास
Marathi Training for Taxi Drivers: महाराष्ट्र में अब रिक्शा और टैक्सी चालकों को मराठी सिखाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने घोषणा की है कि गैर-मराठी चालकों के लिए व्यापक मराठी शिक्षण अभियान शुरू किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस पहल का मकसद यात्रियों और चालकों के बीच संवाद को आसान बनाना और रोजमर्रा के व्यवहार में मराठी भाषा का इस्तेमाल बढ़ाना है।
इस योजना को लेकर मंत्रालय में विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, रिक्शा-टैक्सी यूनियनों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में परिवहन आयुक्त राजेश नार्वेकर भी मौजूद रहे। सभी संगठनों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई।

रोजाना 4 घंटे होगी ट्रेनिंग
सरकार के मुताबिक चालकों को प्रतिदिन चार घंटे का ऑफलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान खास फोकस बोलचाल की मराठी पर रहेगा ताकि चालक यात्रियों से आसानी से संवाद कर सकें। इसके साथ ही ऑनलाइन प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
विभाग के अलग-अलग शाखा कार्यालयों में विशेष क्लासेस लगेंगी, जहां प्रशिक्षित शिक्षक मराठी पढ़ाएंगे। सरकार लगभग 4500 शिक्षकों की नियुक्ति करेगी और उन्हें मानदेय भी दिया जाएगा।
किन शहरों से होगी शुरुआत?
पहले चरण में मुंबई, ठाणे, डोंबिवली, नवी मुंबई, वसई-विरार, पालघर और डहाणू जैसे इलाकों में प्रशिक्षण केंद्र शुरू किए जाएंगे। इस अभियान में कोकण मराठी साहित्य परिषद, मुंबई मराठी साहित्य संघ और कई स्वयंसेवी संस्थाएँ भी सहयोग करेंगी।
परीक्षा के बाद मिलेगा सर्टिफिकेट
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद चालकों की मौखिक परीक्षा ली जाएगी। जो चालक सफल होंगे, उन्हें सरकार की ओर से आधिकारिक प्रमाणपत्र दिया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे चालकों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और यात्रियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित होगा।
AI ऐप से भी सीख सकेंगे मराठी
इस अभियान की खास बात यह है कि सरकार AI आधारित ऑनलाइन ऐप भी उपलब्ध कराएगी। इस ऐप की मदद से चालक हिंदी से मराठी अनुवाद, आसान वाक्य और रोजमर्रा की बातचीत सीख सकेंगे। ऐप में मराठी शब्दों और वाक्य संरचना को बेहद सरल तरीके से समझाया जाएगा।
15 अगस्त 2026 अंतिम तारीख
मंत्री प्रताप सरनाईक ने साफ कहा है कि मराठी सीखने की अंतिम तारीख 15 अगस्त 2026 तय की गई है और इसके बाद किसी भी तरह की समयवृद्धि नहीं दी जाएगी। सरकार को उम्मीद है कि यह अभियान महाराष्ट्र में मराठी भाषा के इस्तेमाल को नई मजबूती देगा और यात्रियों को भी बेहतर अनुभव मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications