'Twisha Sharma की गर्दन की चोंटों से मैच हुआ जिम बेल्ट पर स्किन टिश्यू', पहली से कितनी अलग दूसरी ऑटोप्सी?

Twisha Sharma Case Second Autopsy Report: भोपाल की मॉडल ट्विशा शर्मा (33 वर्षीय) की संदिग्ध मौत के मामले को दूसरी पोस्टमार्टम (ऑटोप्सी) रिपोर्ट ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश पर दिल्ली एम्स (AIIMS) के मेडिकल बोर्ड द्वारा तैयार की गई 11 पन्नों की फाइनल फोरेंसिक रिपोर्ट केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है।

इसमें पुष्टि हुई है कि जिस चीज (जिम्नास्टिक्स बेल्ट) से कथित तौर पर फांसी लगाई गई थी, उस पर स्किन टिश्यू मौजूद थे और ये टिश्यू मृतका की गर्दन पर लगी चोट के पैटर्न से मेल खाते थे।

Twisha Sharma

पांच सदस्यों वाले बोर्ड ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के निर्देश का पालन करते हुए 10 जुलाई को एक सीलबंद लिफाफे में अपनी रिपोर्ट CBI को सौंपी। इस रिपोर्ट में लेबोरेटरी और हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच से पुष्टि हुई कि फांसी के लिए इस्तेमाल की गई कथित जिम्नास्टिक्स बेल्ट पर स्किन टिश्यू मौजूद थे। आपको बता दें कि, भोपाल स्थित अपने ससुराल में 12 मई को मॉडल ट्विशा शर्मा का फंदे से लटकी मिलीं थी। मृतका के नोएडा स्थिति परिजनों ने ट्विशा की मौत के लिए उसके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर दहेज हत्या के आरोप लगाए थे। आइए विस्तार से जानते हैं कि दूसरे पोस्टमार्टम की फोरेंसिक रिपोर्ट में क्या-क्या मिला?

क्या सुलझ गई जिम्नास्टिक्स बेल्ट की गुत्थी?

सूत्रों ने बताया कि हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को भी एक कंप्लायंस रिपोर्ट भेजी गई है। फोरेंसिक रिपोर्ट ने एक अहम विवाद को सुलझा लिया है कि क्या फांसी के लिए इस्तेमाल की गई कथित मेटल रिंग वाली जिम्नास्टिक्स बेल्ट ही असल चीज थी, और क्या यह ट्विशा की गर्दन पर लगी चोटों से मेल खाती थी? पहला पोस्टमार्टम यह पता नहीं लगा सका था क्योंकि कथित चीज (जिससे फांसी लगाई गई थी) मेडिकल बोर्ड के सामने पेश नहीं की गई थी, जिसके बाद हाई कोर्ट ने AIIMS दिल्ली के मेडिकल बोर्ड से दूसरा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया था। जांच के नतीजों की जानकारी रखने वाले सूत्रों के मुताबिक, लेबोरेटरी और हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच में कथित चीज पर स्किन टिश्यू मिले, जिससे यह साबित हुआ कि ये टिश्यू दूसरे पोस्टमार्टम के दौरान देखे गए फांसी के निशान और चोट के पैटर्न से मेल खाते थे। हालांकि, बोर्ड की विस्तृत राय गोपनीय रखी गई है, क्योंकि इसे 22 मई को जारी कोर्ट के निर्देशों के अनुसार सीलबंद लिफाफे में CBI को सौंपा गया था।

कब हुआ दूसरा पोस्टमार्टम?

24 मई को AIIMS बोर्ड ने दूसरा पोस्टमार्टम किया और जांच के हिस्से के तौर पर घटना स्थल का दौरा भी किया। रिपोर्ट के नतीजों का खुलासा करने से इनकार करते हुए, AIIMS दिल्ली में फोरेंसिक मेडिसिन के हेड डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा कि बोर्ड ने किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले पूरी वैज्ञानिक जांच-पड़ताल की। ​​

गुप्ता ने कहा कि मेडिकल बोर्ड ने मामले पर हर संभव नजरिए से बहुत बारीकी से विचार किया और वैज्ञानिक आधार के साथ विस्तृत राय देने से पहले लगभग एक महीने तक सभी उपलब्ध राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स को ध्यान में रखा। सच्चाई और न्याय के हित में CBI और न्यायपालिका के लिए यह बिल्कुल साफ राय है। उन्होंने इस बारे में और जानकारी देने से इनकार कर दिया और कहा कि कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक रिपोर्ट एक सीलबंद लिफाफे में CBI को सौंप दी गई थी।

कब हुआ था पहला पोस्टमार्टम? क्या-क्या सामने आया?

आपको बता दें कि, 20 मई 2026 के आसपास भोपाल एम्स (AIIMS) के फोरेंसिक मेडिसिन और टॉक्सिकोलॉजी विभाग ने ट्विशा की पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पेश की थी। इसमें मौत का कारण फांसी लगाना बताया गया था। साथ ही शरीर पर कई साधारण चोटें भी पाई गई। रिपोर्ट के अनुसार, शर्मा 12 मई को रात करीब 10.26 बजे अपने घर की छत पर जिमनास्टिक रिंग की रस्सी से लटकी हुई पाई गईं। 13 मई की आधी रात के कुछ ही समय बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों ने गर्दन के ऊपरी एक तिहाई हिस्से के चारों ओर तिरछी दिशा में बने दोहरे लाल रंग के पैटर्न वाले लिगेचर मार्क (फंदे के निशान) देखे।

  • इसके नीचे की त्वचा को सूखी, सख्त और 'चर्मपत्र जैसी'(Parchment-Like) बताया गया था और गर्दन के पिछले हिस्से पर निशान अधूरा पाया गया था। रिपोर्ट में सांस रूकने के अनुरूप लक्षण भी दर्ज किए गए, जिनमें चेहरे पर रक्त का जमाव, कानों और नाखूनों का नीला पड़ना और दाहिनी आंख में पेटेकियल रक्तस्राव शामिल हैं। इसके साथ ही डेडबॉडी पर मौत से पहले की चोटें भी सामने आई थीं। इनमें गर्दन के बाईं ओर खरोंच, बाईं ऊपरी बांह, बाईं अग्रबांह, दाहिनी कलाई और दाहिनी अनामिका उंगली पर चोट के निशान और खोपड़ी के नीचे बाईं ओर के अग्रपार्श्व क्षेत्र में 2 सेमी x 2 सेमी का एक घाव शामिल है।
  • इंटरनल जांच के दौरान, डॉक्टरों को रस्सी के निशान के नीचे टिश्यूों में दो छोटे-छोटे चोट के निशान मिले। फेफड़ों में 'टार्डियू के धब्बे' दिखाई दिए, जो आमतौर पर दम घुटने से जुड़े लक्षण होते हैं, साथ ही मस्तिष्क, फेफड़ों और पेट की परत में भी रक्त जमाव देखा गया।
  • रिपोर्ट में आगे बताया गया कि गर्भाशय बढ़ा हुआ था और उसमें लाल-भूरे रंग का भुरभुरा टिश्यू मौजूद था, जो बचे हुए गर्भाशय के टिश्यूों का संकेत देता है। इसमें यह भी बताया गया कि उसकी मौत से एक सप्ताह पहले चिकित्सकीय रूप से गर्भपात (एमटीपी) किया गया था। चिकित्सा बोर्ड ने निष्कर्ष निकाला कि हालांकि फांसी मौत का कारण थी, लेकिन अन्य चोटें साधारण प्रतीत होती हैं, जो किसी जोरदार बल के कारण हुई थीं।

14 जुलाई को CBI कोर्ट में अगली सुनवाई, पति-सास होंगे बाहर?

मामले को लेकर 14 जुलाई को सीबीआई अदालत में अगली सुनवाई होगी। आरोपी पति समर्थ सिंह और सास पूर्व जज गिरिबाला सिंह अभी न्यायिक हिरासत में हैं। मामले में CBI दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के तहत क्या फैसला सुनाती है, यह दो दिन बाद यानी मंगलवार को पता चलेगा।

(PTI इनपुट के साथ)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+