Damoh के देवरान में तिहरा हत्याकांड, एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गोली मारी
Diwali की रात दो परिवारों में हुआ मामूली विवाद सुबह तक हत्याकांड में बदल गया। मप्र के दमोह जिले के पथरिया के देवरान गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों में माता-पिता और बेटा शामिल है। हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। आरोपी और मृतक एक ही गांव के रहने वाले हैं।

MPके दमोह जिले से दीपावली के ठीक दूसरे दिन सनसनीखेज हत्याकांड की खबर सामने आई है। पथरिया की दबंग विधायक रामबाई परिवार के गांव देवरान में सुबह एक परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसमें परिवार के दो अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। इनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे गांव में दोनों परिवारों में मामूली बात पर दीपावली के दिन विवाद होना बताया जा रहा है।

दमोह पुलिस के अनुसार पथरिया के देवरान में मंगलवार को आपसी रंजिश के चलते आरोपी कुद्दू ऊर्फ कोदूलाल पटेल व उसके साथियों ने गांव के ही घमंडी अहिरवार 60 साल, उनकी पत्नी राजप्यारी 58 साल व बेटे मानक लाल अहिरवार 30 साल को घर में घुसकर गोली मार दी जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। तिहरे हत्याकांड की वारदात में मृतक घमंडी के परिवार के दो अन्य सदस्य भी गंभीर रुप से घायल हुए हैं। इनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां इनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हो गए हैं।

दोनों परिवारों में एक महीने से विवाद चल रहा था
पुलिस के अनुसार घमंडी अहिरवार और कोदूलाल के परिवार में किसी बात को लेकर करीब एक महीने पहले भी विवाद हुआ था। तब से दोनों परिवार में आपसी रंजिश जैसा माहौल बन गया था। स्थानीय लोगों ने बताया है कि बीते रोज दीपावली के दिन भी इनके बीच विवाद व कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मंगलवार सुबह इस गोलीकांड व तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे
दमोह एसपी डीआर तेनीवार सहित तमाम पुलिस अधिकारी घटना की सूचना मिलते ही गांव पहुंच गए थे। एफएसएल की टीम भी मौके पर साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications