Jharkhand: 'गोगो दीदी योजना', चुनावी जुमला नहीं, करके दिखाएंगे', BJP ने बताया क्यों करें उनके वादों पर भरोसा?
Jharkhand Assembly Election 2024: चुनावी राज्य झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (BJP) महिलाओं से ''गोगो दीदी योजना'' के तहत फार्म भरवा रही है। भाजपा का दावा है कि ''गोगो दीदी योजना'' से झारखंड की महिलाएं सशक्त होंगी। भाजपा के झारखंड में लाए पंच प्रण में ''गोगो दीदी योजना'' का भी जिक्र है। इस योजना के तहत भाजपा ने हर महीने की 11 तारीफ को महिलाओं के खाते में 2100 रुपये भेजने का वादा किया है। भाजपा ने सत्ता में आने के बाद पहले महीने से ही लाभार्थियों को पैसे हस्तांतरित करने का वादा किया है।
भाजपा बीते पांच अक्टूबर से इसके लिए बूथ स्तर पर अभियान भी चला रही है। झारखंड में लगभग 29 हजार बूथ हैं और सभी बूथों पर गोगो दीदी योजना के लिए 100 फार्म भराने का लक्ष्य रखा गया है। खुद झारखंड प्रमुख बाबूलाल मरांडी सड़कों पर आकर महिलाओं से योजना के लिए फॉर्म भरवाते देखे गए हैं। भाजपा के इस वादे को सत्तारूढ़ हेमंत सरकार चुनावी जुमला और खोखला वादा बता रही है।

ये भी पढे़ं- Jharkhand: महिला वोटर्स को साधने की कोशिश, क्या 'गोगो दीदी योजना' बन सकती है BJP की नई चुनावी रणनीति?
गोगो दीदी योजना अगस्त में लागू की गई हेमंत सोरेन सरकार की 'मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना' (MMSY) का जवाब है, जिसके तहत 18-50 वर्ष की आयु की महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह दिए जाते हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भरे जा रहे फॉर्म को चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन बताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उपायुक्तों को उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। दूसरी ओर भाजपा ने सत्तारूढ़ झामुमो पर पलटवार करते हुए कहा कि राज्य सरकार का निर्देश अवैध है क्योंकि चुनाव आयोग के नियम आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद ही लागू होते हैं।
BJP ने बताया क्यों करे 'गोगो दीदी योजना' पर जनता भरोसा?
भाजपा का दावा है कि उनकी 'गोगो दीदी योजना' को लोगों ने खूब सराहा है। भाजपा ने कहा है कि ये कोई चुनावी जुमला या सिर्फ चुनावी वादा नहीं, अगर वो सत्ता में आते हैं, तो ये जल्द पूरा किया जाएगा। असल में भाजपा शासित राज्यों मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना, छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना, महाराष्ट्र में लाडली बहन योजना और ओडिशा में सुभद्रा योजना के जरिए लाखों महिलाओं को मदद मिली है। भाजपा ने कहा है कि उन्होंने इन राज्यो में करके दिखाया है और झारखंड में भी करके दिखाएंगे।
मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में इन योजनाओं से महिलाएं ना सिर्फ सशक्त हुईं हैं बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक स्थिति में भी सुधार हुआ है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को सीधे वित्तीय सहायता मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है।
झारखंड प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर कहा,
''रोटी, बेटी, माटी की पुकार...झारखंड में आ रही भाजपा की सरकार! झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के साथ ही माताओं बहनों को स्वावलंबी बनाने के लिए गोगो दीदी योजना के तहत के बैंक खाते में हर महीने की 11 तारीख को 2,100 रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी। भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों में माताओं बहनों को आत्मनिर्भर बनाने की ऐसी योजनाएं पहले से ही क्रियान्वित हैं। मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना, छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना, महाराष्ट्र में लाडली बहन योजना, ओडिशा में सुभद्रा योजना के माध्यम से माताओं बहनों को आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। गोगो दीदी योजना के प्रति झारखंड की माताओं बहनों का उत्साह दर्शाता है कि भारतीय जनता पार्टी के पंच प्रण पर जनता को अटूट विश्वास है।''
मरांडी ने कहा, ''हमारी योजना को लोगों ने खूब सराहा है क्योंकि लोग भाजपा पर भरोसा करते हैं। दूसरी ओर, जेएमएम ने 2019 के चुनावों से पहले सभी महिलाओं को 2000 रुपये देने का वादा किया था। उन्होंने 5000 और 7000 रुपये बेरोजगारी भत्ते का वादा किया था। लेकिन कुछ भी नहीं दिया गया। अगर कोई कार्रवाई की जानी है, तो वह हेमंत सोरेन के खिलाफ होनी चाहिए क्योंकि वे इन वादों को पूरा करने में विफल रहे हैं।''
जेएमएम प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा, "बीजेपी द्वारा दिए गए फॉर्म फर्जी हैं। ऐसे किसी भी फॉर्म पर सीरियल नंबर होना चाहिए। यहां तक कि वे जो पावती दे रहे हैं, उसमें भी सीरियल नंबर नहीं है। ऐसे फॉर्म की प्रामाणिकता क्या है? इसलिए हम कह रहे हैं कि बीजेपी लोगों को बेवकूफ बना रही है।"
ये भी पढ़ें- झारखंड चुनाव 2024: BJP के 'पंचप्रण' से बदल सकती है प्रदेश की तस्वीर, JMM का विजन अभी भी धुंधला!
'गोगो दीदी योजना' भाजपा के लिए चुनाव में कितना मददगार साबित होगा?
झारखंड में 'गोगो दीदी योजना' का लक्ष्य महिलाओं के सशक्तीकरण और आर्थिक स्वतंत्रता को बढ़ावा देना है। अगर भाजपा सत्ता में आती है और ये योजना सही ढंग से लागू होती है तो यह झारखंड में भी महिलाओं के लिए एक सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
जैसे भाजपा ने अन्य राज्यों की योजनाओं में किया गया है, गोगो दीदी योजना में भी महिलाओं को सीधे वित्तीय सहायता दी जा सकती है, जिससे वे अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार कर सकें। 'गोगो दीदी योजना' झारखंड में महिलाओं के लिए एक अहम कदम हो सकता है, बशर्ते इसे प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। अन्य राज्यों की सफल योजनाओं से सीख लेकर, झारखंड में भी महिलाओं के सशक्तीकरण और सामाजिक स्थिति में सुधार करने के लिए भाजपा ने ये वादा किया है। अगर यह योजना महिलाओं के लिए सही दिशा में काम करती है, तो यह न केवल उनके जीवन को बदल सकती है, बल्कि समाज में भी सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है।
भाजपा अगर झारखंड की महिलाओं को गोगो दीदी योजना पर भरोसा करने के लिए साध लेते हैं तो चुनावी परिणाम उनके हक में भी हो सकते हैं। जिस तरह से भाजपा शासित राज्य मध्य प्रदेश में लालडी बहन योजना का असर मध्य प्रदेश प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में देखने को मिला, वैसा झारखंड में होने की संभावना हो सकती है। हालांकि झारखंड में हेमंत की मैया सम्मान योजना का भी खूब प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि राज्य की महिलाएं किसपर अपना भरोसा जताती हैं।
ये भी पढ़ें- Jharkhand Election 2024: झारखंड चुनाव से पहले BJP ने खेला 'पंचप्रण' कार्ड, जानिए जनता से क्या किए 5 बड़े वादे












Click it and Unblock the Notifications