कश्मीर में हिंसा भड़काने के लिए पाकिस्तान की 'नापाक' हरकत, फैला रहा फेक न्यूज और वीडियो
श्रीनगर, 05 सितंबर: भारतीय सेना जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान से आ रहे आतंकियों को लगातार उनकी असली जगह पहुंचाने में लगी हुई है, लेकिन पड़ोसी देश अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा। भारतीय सेना से मुंह की खाने के बाद अब पाकिस्तान सोशल मीडिया के जरिए घाटी की फिजा को खराब करने की कोशिश कर रहा है, जिसका खुलासा करते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पाकिस्तान की गंदी हरकत का खुलासा किया है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शनिवार को बताया कि नरकारा, बडगाम में एक मामूली पथराव की घटना को छोड़कर कश्मीर घाटी में स्थिति शांतिपूर्ण रही है। दर्जनों उपद्रवियों की गिरफ्तारी के बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। साथ ही बताया कि शांतिपूर्ण स्थिति के मद्देनजर सुरक्षा स्थितियों की समीक्षा के बाद मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बहाल की जाएंगी, जबकि सभी टीएसपी की सेलुलर सेवा (वॉयस कॉल) और ब्रॉडबैंड पहले ही बहाल कर दिए गए थे।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि पाकिस्तान से चल रही कश्मीर मीडिया सर्विस और कई सोशल मीडिया अकाउंट फर्जी खबरें और वीडियो फैलाकर कश्मीर घाटी में अशांति का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। यहां तक कि कुछ स्थानीय मीडियाकर्मी और चैनल भी फर्जी खबरें फैलाते पाए गए हैं, जिनकी निगरानी की जा रही है, सबूतों के आधार पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक शांत घाटी को अशांत बनाने के लिए पाकिस्तान अपनी गंदी चाल चल रहा है, जिससे फेक न्यूज फैलाकर यहां का माहौल खराब किया जा सके। हालांकि अभी तक पाकिस्तान अपने नापाक इरादों में कामयाब नहीं हो पाया है और पुलिस के अनुसार आगे भी नहीं हो पाएगा। फिलहाल घाटी की स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications