SRH vs RCB Match Prediction: टॉप-2 की रेस में हैदराबाद और बेंगलुरु की टक्कर आज, किसका पलड़ा है भारी?
SRH vs RCB Match Prediction: आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में आज यानी शुक्रवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच एक बेहद हाई-प्रोफाइल मैच खेला जाएगा। डिफेंडिंग चैंपियन बेंगलुरु इस समय 18 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर काबिज है और उसकी नजरें टॉप-2 में अपनी जगह पूरी तरह पक्की करने पर हैं।
हेड टू हेड में किसका पलड़ा भारी (SRH vs RCB Match Prediction)
दूसरी ओर पैट कमिंस की कप्तानी वाली हैदराबाद के लिए यह मुकाबला प्लेऑफ के टॉप दो में अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिहाज से बेहद अहम है। आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 27 मुकाबले खेले गए हैं। इन आंकड़ों में सनराइजर्स हैदराबाद ने 14 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 12 मैचों में सफलता मिली है, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है।

आरसीबी ने हैदराबाद को दी थी पटखनी
हालांकि, मौजूदा सीजन में 28 मार्च को हुई पहली भिड़ंत में बेंगलुरु ने हैदराबाद को एकतरफा मुकाबले में 6 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। उस मैच में आरसीबी ने 202 रनों के बड़े लक्ष्य को महज 15.4 ओवरों में हासिल कर लिया था। विशेषज्ञों के मुताबिक आज के मैच का परिणाम शुरुआती छह ओवरों (पावरप्ले) के खेल पर काफी हद तक निर्भर करेगा।
विराट कोहली की फॉर्म पर रहेगी नजर
शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली ने पिछले मैच में हैदराबाद के खिलाफ 38 गेंदों में नाबाद 69 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ भी 58 रन बनाए। उन्हें रोकना हैदराबाद के गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती होगी। बेंगलुरु के मुख्य तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को शुरुआत में स्विंग का फायदा उठाकर हैदराबाद के सलामी बल्लेबाजों को जल्दी आउट करना होगा।
आरसीबी के स्पिनर क्रुणाल पंड्या की सटीक गेंदबाजी और हैदराबाद के आक्रामक मध्यक्रम (हेनरिक क्लासेन और नीतीश कुमार रेड्डी) के बीच का मुकाबला मैच का रुख तय करेगा। इसके अलावा हैदराबाद को बेंगलुरु के तेज गेंदबाज जैकब डफी की हार्ड-लेंथ गेंदों से संभलकर रहना होगा। जिन्होंने पिछले मैच में उनके शीर्ष क्रम को ध्वस्त किया था।
संभावित प्लेइंग-XI
सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन, पैट कमिंस (कप्तान), सलिल अरोड़ा, एशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, शिवांग कुमार।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, जैकब बेथेल, रजत पाटीदार (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पांड्या, जैकब डफी, भुवनेश्वर कुमार, रसिक सलाम, जोश हेजलवुड।















Click it and Unblock the Notifications