बेदखली का नोटिस देना पड़ा महंगा, महिला ने छोड़ी मधुमक्खियां, दर्द से बेहाल अफसरों का हाल जानिए
Swarm of bees: अमेरिका में एक महिला ने विरोध के लिए खतरनाक मधुमक्खियों को अपने हथियार के तौर पर ऐसा इस्तेमाल किया कि सरकारी अधिकारियों की जान आफत में पड़ गई। बुजुर्ग महिला बेदखली के खिलाफ काम करती है और उसे बेदखल के लिए अदालती आदेशों की तामील भी बर्दाश्त नहीं है। वह एक ऐक्टिविस्ट है और इस तरह की हरकतों के उसपर कई आरोप लग चुके हैं। अपने इसी सनकीपन में उसने किसी दूसरे व्यक्ति के घर पर बेदखली का नोटिस चस्पा करने वाले अधिकारियों पर गुस्साई मधुमक्खियां छोड़ दीं। कई लोग उन भड़की हुई मधुमक्खियों की चपेट में आ गए। एक बड़े अधिकारी को तो अस्पताल में एडमिट करवाने की नौबत आ गई। कुछ तमाशबीन भी मधुमक्खियों के डंक के वजह से दर्द से छटपटाटे नजर आ रहे थे।

बेदखली का नोटिस देना पड़ा महंगा
अमेरिका में एक महिला ने घर खाली करने का नोटिस थमाने आए सरकारी अफसरों पर मधुमक्खियों का झुंड छोड़ दिया। घटना अमेरिका के मेसाचुसेट्स की है, जहां महिला को शायद पहले से अंदाजा था कि बेदखली का नोटिस थमाने वाले आने वाले हैं, इसलिए उसने खुद मधुमक्खियों से बचाव वाला सूट पहन रखा था। उसने मधुक्खियों को बॉक्स से छोड़ने से पहले उन्हें भड़का भी दिया था। एक स्थानीय शेरिफ ने उस 55 वर्षीय महिला के कारनामे की जानकारी दी है।

मधुमक्खियों को गुस्सा दिलाने के लिए पहले भड़का दिया
घटना पिछले हफ्ते की है। शेरिफ डिपार्टमेंट के अधिकारी उस घर पर बेदखली का नोटिस थमाने के प्रयास में पहुंचे थे, जिसे खाली कराया जाना था। अधिकारियों के मुताबिक बुधवार को वे लोग घर पर नोटिस चिपका रहे थे। तभी रोरी वूड्स नाम की 55 साल की आरोपी वहां एक एसयूवी ड्राइव कर पहुंच गई। वह महिला एक पेशेवर मधुमक्खी पालक है। गाड़ी पर उसके पास बड़ी तादाद में मधुमक्खियों के बॉक्स थे। फिर उसने मधुमक्खी के एक छत्ते का ढक्कन तोड़ा और उन्हें भड़काने के लिए उसे हिलाना शुरू कर दिया।

आरोपी ने खुद प्रोटेक्टिव सूट पहन रखा था
कुछ ही देर में मधुमक्खियां पूरे इलाके में फैल गईं। कई अधिकारी मधुमक्खियों के डंक से तिलमिला उठे। खुद महिला सुरक्षित कपड़ों में थी, इसलिए निश्चिंत रही। एक डिप्टी शेरिफ की तो हालत इतनी खराब हो गई कि उसे अस्पताल में एडमिट करवाना पड़ गया। अब महिला पर अधिकारियों के खिलाफ मधुमक्खियों के झुंड को खतरनाक हथियार की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगा है।

एंटी-एविक्शन ऐक्टिविस्ट है आरोपी
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक शेरिफ डिपार्टमेंट के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि वह घर एक ऐसे व्यक्ति का है, जो वर्षों से वहां से निष्कासन के खिलाफ मुकदमेबाजी कर रहा है और एंटी-एविक्शन ऐक्टिविस्ट का समर्थन जुटा रखा है। आरोपी महिला भी उन्हीं ऐक्टिविस्ट में शामिल है। प्रवक्ता ने कहा, 'शेरिफ के एक डिप्टी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन गुस्साई मधुमक्खियां जैसे ही निकलनी शुरू हुईं और पूरे इलाके में मंडराने लगीं, वह पीछे हट गए।' मधुमक्खियों ने कई तमाशबीनों को भी डंक मारा और जो उस समय दर्द से छटपटाने लग गए थे।

गिरफ्तार कर ली गई महिला
वहां मधुमक्खियों ने अफरा-तफरी मचा रखी थी, लेकिन महिला मधुमक्खियों का एक बॉक्स लेकर घर के दरवाजे तक भी पहुंच गई, ताकि बेदखली की प्रक्रिया को जबरन रोक सके। तब जाकर डिप्टियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हैंपडेन काउंटी के शेरिफ निक कोच्चि ने कहा, 'मैं लोगों के शांतिपूर्वक विरोध का समर्थन करता हूं, लेकिन जब आप सीमा लांघ जाते हैं और मेरे स्टाफ और पब्लिक को खतरे में डाल देते हैं, मैं वादा करता हूं कि आप गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

पहले भी अजीब आचरण के आरोप लग चुके हैं
वूड्स ने वकील तक पहुंचने की कोशिश भी की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। वो घटनास्थल से करीब 40 किलोमीटर दूर लॉन्गमियाडो में रहती हैं और उसके खिलाफ इस तरह के आचरण और खतरनाक हथियार रखने के आरोप पहले से लगे हुए हैं। लोकल मीडिया की खबरों के मुताबिक उसने अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन किया है। (तस्वीरें सौजन्य: रॉयटर यू ट्यूब वीडियो)












Click it and Unblock the Notifications