US elections 2024: बाइडेन और ट्रंप... दोनों हो सकते हैं चुनावी रेस से बाहर, यदि ऐसा हुआ तो क्या होगा?
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव अब बस कुछ ही महीने दूर है। 5 नवंबर को होने वाले चुनाव के बाद कौन दुनिया के सबसे ताकतवर देश का राष्ट्रपति बनेगा इसका फैसला हो जाएगा। जिस तरह से रिपब्ल्किन पार्टी में डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी में जो बाइडेन अपने विपक्षियों पर बढ़त बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं, ये तय माना जा रहा है कि जो बाइडेन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच दोबारा राष्ट्रपति पद के लिए मुकाबला देखा जा सकता है।
हालांकि इन दोनों उम्मीदवारों के बीच अंतिम मुकाबला हो पाएगा भी या नहीं इसे लेकर भी कई तरह की बातें की जा रही हैं। डोनाल्ड ट्रंप पर कई मुकदमे चल रहे हैं, अगर एक भी फैसले का परिणाम ट्रंप के खिलाफ जाता है तो वे इस रेस से बाहर हो सकते हैं वहीं बाइडेन अपनी अधिक उम्र और याददाश्त खोने की समस्या से जूझ रहे हैं।

ऐसे में कई चुनावी विश्लेषकों को लगता है कि कुछ समय बाद अगर दोनों ही पार्टियों से अलग-अलग उम्मीदवार चुनावी रेस में शामिल हो जाएं तो किसी को इस पर बहुत अधिक हैरानी नहीं होनी चाहिए।
आगे बढ़ने से पहले हम आपको बता दें कि, हम अमेरिकी चुनाव को लेकर अपने पाठकों के लिए स्पेशल सीरीज चला रहे हैं। इसमें हम अमेरिकी चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण और दिलचस्प जानकारियां आपसे शेयर कर रहे हैं। आज इस सीरीज का चौदहवां भाग हम प्रकाशित कर रहे हैं। हमें उम्मीद है, कि हमारी ये सीरीज आपको काफी पसंद आ रही होगी।
पिछली सीरीज में हमने आपको अमेरिका में होने जा रहे चुनाव में इस बार कौन से मुद्दे सबसे अधिक महत्वपूर्ण हैं, इसके बारे में बताया था। आज हम आपको बताएंगे कि अमेरिकी चुनाव में यदि किन्हीं कारणों से ट्रंप-बाइडेन में से कोई एक भी मतदान में हिस्सा नहीं ले पाता है तो क्या होगा?
इससे पहले कि हम इस मुद्दे पर गहराई से विचार करते हैं कि यदि दोनों ही उम्मीदवार मतपत्र से गायब हो जाते हैं, तो क्या होगा, आइए जानते हैं कि उनके चुनाव न लड़ने के संभावित कारण क्या हो सकते हैं?
81 वर्षीय जो बाइडेन और 77 वर्षीय डोनाल्ड ट्रंप के लिए मतपत्र पर न होने का पहला कारण उनकी उम्र हो सकती है। हालांकि दोनों में से किसी ने भी किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या की सूचना नहीं दी है, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि दोनों में ही अपनी बढ़ती उम्र के कारण मृत्यु दर या गंभीर बीमारी होने का खतरा बढ़ गया है।
जो बाइडेन लगातार ये दावा कर रहे हैं कि वे बिल्कुल फिट हैं। लेकिन सर्वेक्षण ये संकेत देते हैं कि उनकी उम्र मतदाताओं को परेशान कर रही है। वहीं, ट्रंप भले ही बाइडेन से 4 साल छोटे हैं मगर निक्की हेली दोनों ही नेताओं को उनकी बढ़ती उम्र की वजह से घेरती रही हैं।
ट्रंप पर उम्र से कहीं अधिक बड़ा खतरा कानूनी है मगर वे इस बात पर जोर दे रहे हैं कि वह चुनाव से पहले संभावित आपराधिक दोषसिद्धि के बावजूद चुनाव लड़ेंगे, जिसके लिए सैद्धांतिक रूप से उन्हें दशकों तक जेल में रहना पड़ सकता है।
प्राइमरी-कॉकस से होता है फैसला
जैसा कि हमें पता है कि किसी भी पार्टी के औपचारिक उम्मीदवार को नामित करने के लिए, सभी राज्य के प्रतिनिधि, अपनी पार्टी के ग्रीष्मकालीन नामांकन सम्मेलन में शामिल होते हैं, जहां प्राथमिक मतदान होता है और उसी के आधार पर उम्मीदवार को आधिकारिक तौर पर चुना जाता है।
यदि बाइडेन या ट्रंप प्राइमरीज के खत्म होने से पहले ही दौड़ से बाहर हो जाते हैं, तो अंतिम निर्णय सम्मेलन में प्रतिनिधियों के पास जाएगा। लेकिन ये आखिरी बार तब हुआ था जब राष्ट्रपति लिंडन बी. जॉनसन ने 31 मार्च, 1968 को वियतनाम युद्ध के बीच में चौंकाने वाली घोषणा की थी और कहा था कि वह दोबारा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
इसके बाद से लगभग हर नतीजे हमें पहले से ही मालूम होते हैं क्योंकि वे कई महीने तक चले प्राइमरी चुनाव के परिणाम पर आधारित होते हैं। लेकिन तब क्या होगा जब सम्मेलन में आधिकारिक तौर पर नामांकित होने के बाद उम्मीदवारों में से कोई एक किसी कारणवश बाहर हो जाता है?
दोनों ही पार्टियों की औपचारिक शासी निकायों में से एक, डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी या रिपब्लिकन नेशनल कमेटी, एक असाधारण सत्र में एक नए उम्मीदवार को नामांकित करेगी। जैसे रिपब्लिकन खेमे में ट्रंप ने अपनी बहू लारा को नेतृत्व की भूमिका में रखने का सुझाव दिया है, जिससे उनके खेमे को रिप्लेसमेंट चुनने में भारी प्रभाव मिलेगा।
कौन ले सकता है जगह?
बाइडेन की जगह लेने के लिए एक मजबूत उम्मीदवार उनकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस होंगी, जो पहले से ही उनके अभियान का हिस्सा हैं। अन्यथा, कई मजबूत डेमोक्रेटिक राजनेताओं - कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसोम, मिशिगन के ग्रेचेन व्हिटमर और पेंसिल्वेनिया के जोश शापिरो में से किसी को भी चुना जा सकता है। लेकिन ट्रंप ने अभी तक उपराष्ट्रपति के लिए अपनी पसंद की घोषणा नहीं की है।
इससे इतर ट्रंप ने प्राइमरीज में अपनी पार्टी के अन्य दिग्गजों को कोई भाव नहीं दिया है। इनमें से प्रमुख हैं फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस, जिन पर ट्रंप ने अपनी उम्मीदवारी खत्म करने से पहले लगातार निशाना साधा है। इसके अलावा सूची में सबसे ऊपर निक्की हेली हैं, जो रिपब्लिकन प्राइमरी में रहने के लिए ट्रंप के अलावा एकमात्र गंभीर उम्मीदवार हैं, लेकिन ट्रंप के कट्टर समर्थक उनसे नफरत करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications