कौन हैं BJP के देबांग्शु पांडा? किस जाति से, कितनी संपत्ति? 1 लाख वोटों से फाल्टा में जहांगीर खान को हराया
Falta Election Results 2026: पश्चिम बंगाल की राजनीति में फाल्टा विधानसभा सीट इस बार सिर्फ एक चुनावी सीट नहीं रही, बल्कि पूरे चुनाव की सबसे चर्चित और विवादित सीट बन गई। जिस सीट पर कभी तृणमूल कांग्रेस (TMC) का मजबूत कब्जा माना जाता था, वहीं अब बीजेपी ने ऐसी जीत दर्ज की है जिसने राज्य की राजनीति में बड़ा संदेश दे दिया है।
बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने दोबारा हुई वोटिंग में करीब एक लाख वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की। यह जीत इसलिए भी बड़ी मानी जा रही है क्योंकि चुनाव आयोग को पहले पूरा मतदान रद्द करना पड़ा था और फिर दोबारा चुनाव कराया गया। अब सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि बीजेपी जीती कैसे, बल्कि यह भी है कि आखिर देबांग्शु पांडा कौन हैं, उनकी जाति क्या है, कितनी संपत्ति है और अचानक वह बंगाल की राजनीति का इतना बड़ा चेहरा कैसे बन गए।

कौन हैं देबांग्शु पांडा? (Who Is Debangshu Panda)
देबांग्शु पांडा पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार थे। पेशे से वकील रहे पांडा लंबे समय से इलाके की राजनीति और कानूनी मामलों में सक्रिय रहे हैं। 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने खुद को सिर्फ बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर नहीं, बल्कि "फ्री एंड फेयर इलेक्शन" की मांग उठाने वाले चेहरे के रूप में पेश किया। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने लगातार आरोप लगाया कि फाल्टा में लंबे समय से राजनीतिक दबाव और डर का माहौल बनाया गया है।
फाल्टा सीट अभिषेक बनर्जी के डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के अंदर आती है और इसे टीएमसी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। ऐसे में यहां बीजेपी की यह जीत सीधे तौर पर सत्ताधारी दल के लिए बड़ा राजनीतिक झटका मानी जा रही है।
देबांग्शु पांडा किस जाति से आते हैं? (Debangshu Panda Caste)
चुनावी हलफनामे और उपलब्ध सार्वजनिक जानकारी के अनुसार देबांग्शु पांडा ब्राह्मण (Brahmin) समुदाय से आते हैं। बंगाल की राजनीति में जाति उत्तर भारत जितनी खुलकर चर्चा का विषय नहीं रहती, लेकिन चुनावी समीकरणों में सामाजिक पहचान का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीजेपी ने फाल्टा में पांडा को एक पढ़े-लिखे और आक्रामक स्थानीय चेहरे के तौर पर पेश किया, जिसका फायदा पार्टी को मिला।
कितनी है देबांग्शु पांडा की संपत्ति? (Debangshu Panda Net Worth)
मायनेता (MyNeta) पर उपलब्ध चुनावी हलफनामे के अनुसार देबांग्शु पांडा ने लगभग 1.92 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति घोषित की है। वहीं उन पर करीब 12 लाख रुपये की देनदारियां भी हैं।
उनकी चल संपत्ति करीब 1.32 करोड़ रुपये बताई गई है। इसमें बैंक डिपॉजिट, नकदी, आभूषण और वाहन शामिल हैं। हलफनामे के मुताबिक उनके पास:
- लगभग 92 लाख रुपये बैंक जमा
- करीब 2 लाख रुपये नकद
- 26 लाख रुपये से ज्यादा के सोने के आभूषण
- महिंद्रा स्कॉर्पियो N SUV
- रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल
इसके अलावा उनकी करीब 60 लाख रुपये की अचल संपत्ति भी है। इसमें दक्षिण 24 परगना में कृषि भूमि और माधवपुर में लगभग 1080 वर्ग फुट का एक आवासीय मकान शामिल है। हलफनामे के अनुसार ये संपत्तियां विरासत में नहीं मिलीं, बल्कि पिछले कुछ वर्षों में खरीदी गई हैं।
क्या करते हैं देबांग्शु पांडा? (Profession And Education)
देबांग्शु पांडा पेशे से वकील हैं। उन्होंने 2006 में कलकत्ता विश्वविद्यालय से एलएलबी (LLB) की डिग्री हासिल की थी। चुनावी हलफनामे में उन्हें "ग्रेजुएट प्रोफेशनल" बताया गया है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 में लगभग 6.9 लाख रुपये की वार्षिक आय घोषित की है। उनकी पत्नी सर्विस सेक्टर में काम करती हैं।
हालांकि सार्वजनिक दस्तावेजों में उनकी पत्नी का नाम सामने नहीं आया है। हलफनामे के मुताबिक पांडा और उनकी पत्नी संयुक्त रूप से कुछ वित्तीय संपत्तियों और आभूषणों के मालिक हैं।
फाल्टा विधानसभा चुनाव 2026: जानिए किसे मिले कितने वोट (Falta Election 2026 Full Voting Statistics)
फाल्टा विधानसभा सीट पर दोबारा हुए मतदान के बाद जो चुनावी नतीजे सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने न सिर्फ जीत हासिल की, बल्कि अपने विरोधियों को मटियामेट कर दिया। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, चारों मुख्य उम्मीदवारों को मिले वोटों का गणित...
- देबांग्शु पांडा (BJP): चुनावी दंगल में पहले नंबर पर रहे बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा को जनता ने एकतरफा प्यार दिया। उन्हें कुल 1,49,666 वोट मिले और उन्होंने करीब 1 लाख से अधिक वोटों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
- संभू नाथ कुर्मी (CPIM): इस मुकाबले में दूसरे नंबर पर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) यानी सीपीएम के संभू नाथ कुर्मी रहे। उन्हें कुल 40,645 वोट हासिल हुए, जो बीजेपी के मुकाबले काफी पीछे था।
- अब्दुर रज्जाक मोल्ला (Congress): कांग्रेस पार्टी के टिकट पर मैदान में उतरे अब्दुर रज्जाक मोल्ला तीसरे स्थान पर खिसक गए। उन्हें महज 10,084 वोटों से ही संतोष करना पड़ा।
- जहांगीर खान (TMC): सबसे हैरान करने वाले नतीजे सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस (TMC) के रहे। टीएमसी के उम्मीदवार जहांगीर खान चौथे नंबर पर पहुंच गए और उन्हें सिर्फ 7,783 वोट ही मिल सके।
फाल्टा सीट पर इतना बवाल क्यों हुआ? (Why Falta Seat Became So Controversial)
फाल्टा सीट पश्चिम बंगाल चुनाव की सबसे विवादित सीटों में शामिल रही। 29 अप्रैल को यहां पहली बार मतदान हुआ था, लेकिन वोटिंग के दौरान ईवीएम में गड़बड़ी, बूथ कब्जाने और मतदाताओं को धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगे।
स्थिति इतनी बिगड़ी कि चुनाव आयोग को सभी 285 बूथों की वोटिंग रद्द करनी पड़ी। बाद में 21 मई को दोबारा मतदान कराया गया। बीजेपी लगातार आरोप लगाती रही कि स्थानीय टीएमसी नेता जहांगीर खान के समर्थकों द्वारा मतदाताओं पर दबाव बनाया गया। वहीं टीएमसी ने इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया।
जहांगीर खान क्यों बने विवाद का केंद्र?
फाल्टा चुनाव में टीएमसी नेता जहांगीर खान का नाम लगातार सुर्खियों में रहा। उनके खिलाफ कथित धमकी और चुनावी अनियमितताओं को लेकर कई एफआईआर दर्ज हुई थीं। हालांकि कलकत्ता हाई कोर्ट ने दोबारा मतदान पूरा होने तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी।
लेकिन सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब जहांगीर खान ने अचानक चुनावी मैदान से खुद को अलग करने का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि वह फाल्टा में शांति और विकास चाहते हैं और इसी वजह से रीपोल से हट रहे हैं। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने इसे टीएमसी की हार मानते हुए कहा कि जहांगीर खान इसलिए पीछे हटे क्योंकि उन्हें पोलिंग एजेंट तक नहीं मिल रहे थे।
आईपीएस अजयपाल शर्मा का वीडियो क्यों हुआ वायरल?
चुनाव के दौरान यूपी के चर्चित आईपीएस अधिकारी अजयपाल शर्मा को ऑब्जर्वर बनाया गया था। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह कथित तौर पर जहांगीर खान को चेतावनी देते दिखाई दिए।
वीडियो में उन्होंने कहा था कि अगर किसी ने बदमाशी या मतदाताओं को परेशान करने की कोशिश की तो "कायदे से इलाज" किया जाएगा। इस वीडियो के बाद विपक्षी नेताओं, खासकर अखिलेश यादव ने उनकी आलोचना की और हटाने की मांग उठाई।
ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने क्या आरोप लगाए?
नतीजों के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि वोटों की चोरी हुई और केंद्रीय बल बीजेपी एजेंट की तरह काम कर रहे थे। वहीं अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि मतगणना असामान्य तेजी से कराई गई। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ दिनों में फाल्टा के 1000 से ज्यादा टीएमसी कार्यकर्ताओं को घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा, लेकिन चुनाव आयोग ने कार्रवाई नहीं की।
हालांकि बीजेपी ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि जनता ने डर और दबाव की राजनीति के खिलाफ वोट दिया है। फाल्टा का यह चुनाव अब सिर्फ एक सीट की कहानी नहीं रह गया, बल्कि बंगाल की बदलती राजनीति और बीजेपी-टीएमसी टकराव का नया प्रतीक बन चुका है।














Click it and Unblock the Notifications