Pranit More Biryani Row में नई एंट्री! प्रणीत पर कुणाल कामरा का तंज, बोले- 'कॉमेडियंस को भीड़ के पीछे मत छिपो
Kunal Kamra Pranit More Biryani Row: 370 रुपये की बिरयानी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब केवल एक वायरल वीडियो तक सीमित नहीं रह गया है। इस मामले में कानूनी कार्रवाई, सोशल मीडिया पर तीखी बहस, नौकरी जाने और अब कॉमेडियन कुणाल कामरा की एंट्री के बाद विवाद और गहरा गया है।
स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो में हुई एक टिप्पणी ने देशभर में महिलाओं के सम्मान, कॉमेडी की सीमाओं और कलाकारों की जिम्मेदारी को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

अब इस पूरे मामले पर कॉमेडियन कुणाल कामरा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिना सीधे नाम लिए प्रणीत मोरे की माफी और उनके बचाव के तरीके पर तंज कसते हुए कहा कि कॉमेडियंस को "क्राउड वर्क" के पीछे छिपना बंद करना चाहिए।
कुणाल कामरा का तंज: 'कॉमेडियंस को Crowd Work के पीछे छिपना बंद करना चाहिए'
प्रणीत मोरे की माफी के बाद मशहूर कॉमेडियन कुणाल कामरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसे लोग सीधे तौर पर इसी विवाद से जोड़कर देख रहे हैं। कामरा ने लिखा, "कॉमेडियंस को इन चीजों के पीछे छिपना बंद कर देना चाहिए..."
- स्टोरीटेलिंग (कहानी सुनाना)
- क्राउड वर्क (दर्शकों से बातचीत)
- हार्ड वर्क (कड़ी मेहनत)
- बैंक बैलेंस (पैसा)
- पैरेंट्स (माता-पिता)
एक अन्य पोस्ट में कुणाल कामरा ने प्रणीत मोरे की कॉमेडी और उनकी समझ पर निशाना साधते हुए लिखा, प्रणीत मोरे को देखकर तो हर्ष गुजराल भी बराक ओबामा जैसे लगने लगते हैं। कामरा का इशारा यह था कि प्रणीत ने इस पूरे विवाद को जिस तरह संभाला, वह बेहद बचकाना और गैर-जिम्मेदाराना था। कामरा की यह टिप्पणी भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रही।
प्रणीत मोरे ने मानी गलती, मांगी माफी
लगातार बढ़ते विवाद के बीच प्रणीत मोरे ने एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि जब वह उस युवक के साथ क्राउड वर्क कर रहे थे, तब उसने कई आपत्तिजनक बातें कही थीं और यही उनकी सबसे बड़ी गलती थी कि उन्होंने उसे वहीं नहीं रोका। प्रणीत ने कहा, "मुझे लग रहा है कि जो आलोचना मुझे मिल रही है, मैं उसका हकदार हूं। मैं चाहता तो उस व्यक्ति को उसी समय रोक सकता था, लेकिन मैंने उसे बोलने का मौका दिया और मामला इतना बढ़ गया। जिन लोगों को इससे ठेस पहुंची है, मैं उन सभी से माफी मांगता हूं।"
क्या है पूरा ₹370 बिरयानी विवाद?
विवाद की शुरुआत प्रणीत मोरे के एक स्टैंड-अप शो से हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में शो के दौरान दर्शकों के बीच बैठे 23 वर्षीय हिमांशु जांगड़ा से बातचीत की जा रही थी। बातचीत के दौरान हिमांशु ने बताया कि वह एक लड़की के साथ डेट पर गया था और उसने उसके लिए 370 रुपये की चिकन बिरयानी खरीदी थी।
इसके बाद उसने कहा कि इतने पैसे खर्च करने के बाद उसे अपना रिटर्न मिलना चाहिए था। यह सुनकर मंच पर मौजूद प्रणीत मोरे और दर्शक हंसते नजर आए। यही बात सोशल मीडिया यूजर्स को सबसे ज्यादा आपत्तिजनक लगी। लोगों का कहना था कि महिला के सम्मान को लेकर की गई इस तरह की टिप्पणी को वहीं रोकना चाहिए था, लेकिन उसे मजाक के रूप में पेश किया गया।
कॉमेडी की सीमाओं पर फिर शुरू हुई बहस
इस विवाद ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि स्टैंड-अप कॉमेडी की सीमाएं क्या होनी चाहिए और किसी कलाकार की जिम्मेदारी कहां तक है। एक वर्ग का मानना है कि मंच पर कही गई हर बात को मजाक के नाम पर सही नहीं ठहराया जा सकता। वहीं कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिस्सा मान रहे हैं।
हालांकि इस पूरे विवाद के बाद एक बात साफ हो गई है कि सोशल मीडिया के दौर में किसी भी सार्वजनिक मंच पर कही गई बात पर लोगों की नजर रहती है और कलाकारों से भी अधिक संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है।फिलहाल, ₹370 बिरयानी विवाद केवल एक कॉमेडी शो का मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह महिलाओं के सम्मान, सार्वजनिक संवाद और मनोरंजन की जिम्मेदारियों पर राष्ट्रीय स्तर की बहस बन चुका है।














Click it and Unblock the Notifications