'एक भाई की हत्या, दूसरा जेल में बंद', रौशन आनंद के भाई की मौत पर ये क्या बोल गए सांसद? इंटरनेशनल नेक्सस का शक
Roshan Anand Brother Prince Yadav Death: बिहार की राजधानी पटना का हाई-प्रोफाइल कोचिंग विवाद अब सिर्फ दो बड़े शिक्षकों की लड़ाई नहीं रहा, बल्कि यह एक बेहद उलझी हुई इंटरनेशनल क्राइम मिस्ट्री में बदल चुका है। 'ज्ञानबिंदु कोचिंग' के डायरेक्टर रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में हुई संदिग्ध मौत ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया है।
जहां एक तरफ इस घटना को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है और पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने इसे सीधे तौर पर 'हत्या' करार दिया है, वहीं दूसरी तरफ रौशन आनंद के वकील ने इसमें एक बहुत बड़े इंटरनेशनल नेक्सस (अंतरराष्ट्रीय साजिश) का शक जताकर मामले को और ज्यादा सनसनीखेज बना दिया है।

सांसद पप्पू यादव का बड़ा बयान: 'एक भाई जेल में, दूसरे की हत्या'
प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर में हुई मौत के बाद बिहार की राजनीति में उबाल आ गया है। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने इस मामले पर बेहद तीखा रुख अपनाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर दुख और गुस्सा जाहिर करते हुए इस घटना को सोची-समझी हत्या बताया है।
पप्पू यादव ने लिखा कि ज्ञानबिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में हत्या होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बिहार सरकार से मांग की है कि वह तुरंत नेपाल प्रशासन के साथ संपर्क साधे ताकि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिल सके और हत्यारों को सलाखों के पीछे भेजा जाए। सांसद ने इस बात पर गहरा दुख जताया कि परिवार का एक बेटा (रौशन आनंद) पहले से जेल में बंद है और अब दूसरे बेटे की जान चली गई है।
वकील का सनसनीखेज दावा: इंटरनेशनल कनेक्शन और बड़ी साजिश का शक
रौशन आनंद के वकील निरंजन कुमार सिंह ने इस पूरी घटना के पीछे एक सोची-समझी क्रोनोलॉजी और बड़े नेटवर्क की तरफ इशारा किया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह परिवार के लिए सबसे बड़ी त्रासदी है कि एक बेटा सलाखों के पीछे है और दूसरे की रहस्यमयी मौत हो गई है।
वकील ने पूरी घटनाक्रम का विश्लेषण करते हुए बताया कि जिस तरह से पहले मारपीट हुई, फिर तुरंत एफआईआर (FIR) दर्ज की गई, लोगों को देश छोड़ना पड़ा, भाई की गिरफ्तारी हुई और उसके तुरंत बाद यह मौत हुई-यह सब किसी सामान्य घटना की तरफ इशारा नहीं करते।
उन्होंने शक जताया कि इस पूरे विवाद के पीछे कोई बहुत बड़ा सिंडिकेट या इंटरनेशनल कनेक्शन काम कर रहा है। चूंकि मामला अभी जांच के दायरे में है, इसलिए उन्होंने ज्यादा टिप्पणी करने से परहेज किया लेकिन निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग जरूर उठाई है।
वकील ने कहा,
"हमें सुबह एक फोन आया जिसमें इस घटना के बारे में बताया गया...यह बहुत बड़ी दुखद घटना है,इससे बड़ी मुश्किल या इससे बड़ा झटका शायद ही कोई हो सकता है। एक बेटा जेल में है, और दूसरे की ऐसे ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। मैं बस इतना कहूंगा कि इसमें एक बहुत बड़े नेक्सस और इंटरनेशनल कनेक्शन की बात हो रही है। चूंकि यह मामला जांच के दायरे में है, इसलिए हम इस स्टेज पर और कोई कमेंट नहीं करना चाहेंगे। हालांकि, घटनाओं का क्रम मौत, तुरंत FIR दर्ज होना, लोगों का देश छोड़ना, भाई का अरेस्ट, अंतरिम राहत मिलना, और फिर हत्या, यह बताता है कि इसके पीछे कोई बहुत बड़ा नेक्सस और बड़ी साजिश हो सकती है।"
नेपाल पुलिस की तफ्तीश: 5 लोग हिरासत में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
यह पूरी वारदात नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में हुई है। प्रिंस यादव पटना में खान सर की कोचिंग (Khan Global Studies) के बाहर हुए हिंसक बवाल और फायरिंग मामले में आरोपी था और गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल में छिपा हुआ था। वह होटल के कमरे में अपने करीब 6 से 7 साथियों के साथ ठहरा हुआ था, जहां देर रात उसकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही नेपाल पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि यह मौत कोई हादसा है, खुदकुशी है या फिर कोई सोची-समझी आपराधिक साजिश। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके से 5 संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
ज्ञानबिंदु बनाम खान सर विवाद: पटना में बढ़ाई गई सुरक्षा (Gyan Bindu vs Khan Global Studies)
इस खूनी मोड़ के बाद पटना पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गई है। चूंकि यह मामला सीधे तौर पर पटना के दो सबसे बड़े कोचिंग ब्रांड्स-'ज्ञानबिंदु एकेडमी' और 'खान ग्लोबल स्टडीज' (KGS) से जुड़ा हुआ है, इसलिए पुलिस किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मुस्तैद है। सुरक्षा के मद्देनजर पटना पुलिस ने मशहूर शिक्षक और यूट्यूबर फैसल खान उर्फ 'खान सर' के आवास और उनकी कोचिंग के बाहर सुरक्षा बल की तैनाती भारी मात्रा में बढ़ा दी है।
इस विवाद की शुरुआत तब हुई थी जब कुछ असामाजिक तत्वों ने खान सर के कोचिंग परिसर में घुसकर सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की थी, जिसमें एक गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रौशन आनंद को 3 जून को गिरफ्तार कर बेऊर जेल भेज दिया था।
बाद में इस केस में नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने खुद खान सर और उनके दो प्राइवेट गार्ड्स के खिलाफ भी फायरिंग की एफआईआर दर्ज की। हालांकि, पटना की एक अदालत ने खान सर को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत (Interim Protection) दे रखी है, लेकिन पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। अब प्रिंस की मौत ने इस पूरे विवाद को बेहद पेचीदा बना दिया है।















Click it and Unblock the Notifications