प्रसार भारती ने दूरदर्शन केंद्रों को बंद करने के दावों को बताया बेबुनियाद, कहा- तकनीकी में हो रहा बदलाव
नई दिल्ली, 9 अक्टूबर। सार्वजनिक प्रसारक संस्थान प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर ने शनिवार को अपने ट्वीट के जरिए उन मीडिया रिपोर्टों पर स्पष्टीकरण जारी किया है जिनमें दूरदर्शन केंद्रों को बंद किए जाने की बात कही गई है। शशि शेखर ने इन दावों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि छत पर लगे एन्टेना के माध्यम से टीवी देखने का जमाना गया, इसलिए समय की मांग को देखते हुए दशकों पहले स्थापित किए गए एनालॉग ट्रांसमीटरों को चरणबद्ध तरीके से बंद करना जरूरी सुधार है।

गौरतलब है कि प्रसार भारती ने भी आधुनिक तकनीक की ओर कदम बढ़ाते हुए पुरानी तकनीक को हमेशा के लिए बंद करने का फैसला लिया है। प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर के ट्वीट से यह साफ हो गया है कि कुछ क्षेत्रों को छोड़कर बाकी जगहों से अब एनालॉग तकनीकी पर आधारित टेरिस्ट्रियल टीवी ट्रांसमीटर को हटाया जा रहा है। शशि शेखर ने कहा कि कुछ मीडिया आउटलेट्स में प्रकाशित होने वाली सूचनाओं में प्रसार भारती द्वारा लिए गए फैसले को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Fact Check: क्या प्रसार भारती बंद कर रही है DD सिलचर? जानें पूरा सच
शशि शेखर ने आगे कहा कि दूरदर्शन के कलबुर्गी केंद्र में कोई बदलवा नहीं किया गया है। डीडी कलबुर्गी की प्रोग्राम का प्रसारण पहले की तरह ही जारी रहेगा। इसके अलावा डीडी सिलचर कंटेंट यूट्यूब और सोशल मीडिया पर डिजिटल रूप से उपलब्ध होगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रसार भारती सामरिक एवं रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थापित लगभग 50 एनालॉग टेरेस्ट्रियल टीवी ट्रांसमीटरों को छोड़कर शेष अप्रचलित एनालॉग ट्रांसमीटरों को चरणबद्ध तरीके से बंद कर देगा। साल 2021-22 में 412 ट्रांसमीटर हटाये जाने की योजना है।












Click it and Unblock the Notifications