फवाद, माहिरा से लेकर शाहिद तक के सोशल मीडिया अकाउंट्स से कैसे हटा बैन? 24 घंटे के अंदर फिर सख्ती, क्या थी वजह?
Pakistani Celebrities Social Media Accounts: भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में जब भी तनातनी बढ़ती है, उसका असर सिर्फ सीमाओं पर नहीं, सोशल मीडिया की दुनिया में भी साफ नजर आता है। ऐसा ही कुछ एक बार फिर देखने को मिला है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर 'डिजिटल स्ट्राइक' की थी, जिसमें वहां के कई मशहूर सेलेब्रिटीज के सोशल मीडिया अकाउंट्स को बैन कर दिया गया था। लेकिन हाल ही में जब ये अकाउंट्स अचानक फिर से एक्टिव दिखने लगे, तो सब हैरान रह गए।
हालांकि, राहत का ये दौर सिर्फ एक दिन का निकला। गुरुवार सुबह इन अकाउंट्स पर दोबारा बैन लगा दिया गया। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर सरकार का रुख इतना बदल क्यों रहा है? क्या यह रणनीति का हिस्सा है या कोई तकनीकी चूक?

एक दिन में ही फिर से बैन
हाल ही में पाकिस्तानी सेलेब्स माहिरा खान, मावरा होकैन, युमना जैदी, हानिया आमिर और फवाद खान के इंस्टाग्राम और ट्विटर अकाउंट्स भारत में फिर से दिखाई देने लगे थे। लेकिन गुरुवार सुबह इन अकाउंट्स पर दोबारा बैन लगा दिया गया है। साथ ही हम टीवी, एआरवाई डिजिटल और हर पाल जियो जैसे यूट्यूब चैनल भी खुलने लगे थे। लेकिन एक दिन बाद ही इन्हें दोबारा ब्लॉक कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: Abraham Accords: अब्राहम अकॉर्ड क्या है? कैसे पाकिस्तान इसमें एंट्री लेकर ईरान को दे रहा डबल धोखा
सरकार की ओर से कोई बयान नहीं
इस फैसले पर अब तक भारत सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इस फैसले को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
पूर्व विदेश सचिव ने जताई नाराजगी
पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल ने सोशल मीडिया अकाउंट्स से बैन हटाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर 'ऑपरेशन सिंदूर' सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है, तो ऐसे अकाउंट्स को फिर से चालू करना समझ से बाहर है। उन्होंने कहा, "क्या अब ये अकाउंट्स अचानक दोस्ती का संदेश देने लगे हैं?"
पहले भी लगे थे कई बैन
पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के 16 यूट्यूब चैनलों पर बैन लगा दिया था। इन चैनलों में डॉन न्यूज, समा टीवी, एआरवाई न्यूज और जियो न्यूज जैसे बड़े नाम शामिल थे। इन पर भारत विरोधी कंटेंट फैलाने का आरोप था।
फिलहाल असमंजस की स्थिति
एक दिन बैन हटाकर अगली सुबह फिर से लगाना सोशल मीडिया नीति को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा करता है। क्या यह तकनीकी गलती थी या फिर कोई रणनीतिक बदलाव? इसका जवाब अभी तक सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें: Fact Check: कतर-पाकिस्तान युद्धाभ्यास पर भारत की आपत्ति का दावा फर्जी, साल 2021 की तस्वीर करवा रहे वायरल












Click it and Unblock the Notifications