Racism With Indians: 'यहां से F*&%$ दफा हो जाओ', भारतीय कपल से US में बदतसलूकी, रुबियो से मांगा जवाब- Video
Racism With Indians: हाल ही में भारत आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा था कि हर देश में कुछ मूर्ख लोग होत हैं। उन्होंने इस दौरान अमेरिका में रहने वाले भारतीय लोगों के लिए भी काफी अच्छी-अच्छी बातें कही थीं। लेकिन कुछ अमेरिकी लोग रुबियो की बात को ठेंगा दिखाने से नहीं चूक रहे।
दरअसल अमेरिका में एक भारतीय कपल के साथ हुई नस्लवादी बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक अमेरिकी व्यक्ति भारतीय कपल से "भारत वापस जाओ" कहते हुए दिखाई दे रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद इंटरनेट पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। कई यूजर्स ने इस व्यवहार को नस्लवादी, भेदभावपूर्ण और पूरी तरह गैरजरूरी बताया है। यह घटना सड़क किनारे हुई एक बातचीत के दौरान हुई, जिसे खुद उसी अमेरिकी व्यक्ति ने रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर शेयर किया था।

किसने शेयर किया वीडियो?
यह वीडियो एक्स पर 'Tone' नाम के यूजर द्वारा पोस्ट किया गया था। वीडियो में वह व्यक्ति अपनी कार के अंदर बैठकर रिकॉर्डिंग करता दिखाई देता है। इसी दौरान वह एक भारतीय कपल के पास पहुंचता है और उनसे बातचीत शुरू कर देता है। रिपोर्ट के मुताबिक यह वीडियो 28 मई 2026 को सुबह 00:28 IST पर अपडेट किया गया था।
बातचीत की शुरुआत कैसे हुई?
वीडियो की शुरुआत में वह व्यक्ति भारतीय कपल से पूछता है, "क्या आप भारत से हैं?" जब कपल ने हां में जवाब दिया, तो उसने आगे पूछना शुरू किया कि क्या उन्हें अमेरिका पसंद है और उनके हिसाब से कौन सा देश बेहतर है- अमेरिका या भारत।
भारतीय कपल ने इस सवाल का काफी शांति और समझदारी से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की अपनी-अपनी खासियतें हैं। कपल ने बताया कि भारत परिवार और रिश्तों को ज्यादा महत्व देता है और हर देश की अपनी अहमियत होती है।
अचानक भड़क उठा अमेरिकी शख्स, देने लगा गालियां
शुरुआत में सामान्य लग रही बातचीत कुछ ही देर में काफी शत्रुतापूर्ण हो गई। अमेरिकी व्यक्ति ने कपल से कहा,
"अगर भारत इतना शानदार है, तो आप भारत में ही क्यों नहीं रहते? आपको अमेरिका क्यों आना पड़ता है?"
जब कपल ने जवाब दिया कि वे "दुनिया को एक्सप्लोर करना चाहते हैं," तो वह व्यक्ति और ज्यादा आक्रामक हो गया। उसने कहा- "नहीं, हम तुम्हें यहां नहीं चाहते। तुम्हें घर जाना होगा। ठीक है? मेरे देश से बाहर निकलो।" इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उस व्यक्ति की जमकर आलोचना शुरू कर दी।
वीडियो के कैप्शन ने भी बढ़ाया विवाद
इस वीडियो को पोस्ट करते समय अमेरिकी व्यक्ति ने कैप्शन लिखा- "मुझे कुछ अद्भुत H-1B भारतीय मिले, और मुझे उन्हें कुछ बताना पड़ा!" वीडियो के इस कैप्शन ने भी लोगों का गुस्सा बढ़ा दिया। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि यह केवल एक बातचीत नहीं थी, बल्कि खुला नस्लवाद था।
सोशल मीडिया पर लोगों ने जताया गुस्सा
वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने इस घटना की आलोचना की। कई यूजर्स ने कहा कि अमेरिका में कानूनी तरीके से आने वाले अप्रवासी और टूरिस्ट समाज में योगदान देते हैं, टैक्स भरते हैं और देश की इकोनॉमी का हिस्सा बनते हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस घटना को देशभक्ति के नाम पर नस्लवाद फैलाने का उदाहरण बताया।
लोगों का कहना था कि किसी अजनबी को उसकी राष्ट्रीयता या जातीय पहचान के आधार पर अपमानित करना किसी भी तरह से देशभक्ति नहीं कहलाता। वहीं कई लोगों ने इस पूरे मामले में भारतीय कपल के शांत और संयमित व्यवहार की भी तारीफ की।
मार्को रुबियो से लोगों ने मांगा जवाब
इस घटना के सामने आते ही लोगों ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबयो को टैग कर जवाब मांगना शुरू कर दिया है। जैसा कि बताया, रुबियो हाल में भारत यात्रा पर थे और उसके ठीक बाद ऐसी घटना हुई है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।














Click it and Unblock the Notifications