उत्तर से दक्षिण तक द्रौपदी मुर्मू का शानदार प्रदर्शन, यशवंत 3 राज्यों में नहीं खोल पाए खाता
नई दिल्ली, 21 जुलाई: राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने आधिकारिक तौर पर जीत हासिल कर ली है। जिसके बाद से उनको देश-विदेश से लगातार बधाइयां मिल रहीं। ओडिशा स्थित उनके गांव में भी जश्न का माहौल है। वहीं इस चुनाव में मुर्मू ने शानदार प्रदर्शन किया, जहां उनको उत्तर भारत के साथ-साथ दक्षिण भारत में भी जमकर वोट मिले, जबकि तीन राज्य ऐसे थे, जहां पर विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा खाता तक नहीं खोल पाए।

राज्यसभा के महासचिव और राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर पी.सी. मोदी ने चुनाव खत्म होने के बाद सारा आंकड़ा सार्वजनिक किया। रिकॉर्ड के मुताबिक मुर्मू को कुल 64 प्रतिशत वोट मिले हैं, जबकि यशवंत सिन्हा 36 फीसदी वोट पर ही सिमट गए। दक्षिण भारत में भी मुर्मू का शानदार प्रदर्शन रहा, लेकिन केरल में उनको सबसे कम वोट मिले। वहीं दूसरी ओर विपक्ष की एकजुटता वाला दावा फिर फेल हो गया, जिस वजह से आंध्र प्रदेश, नागालैंड और सिक्किम में यशवंत सिन्हा को वोट नहीं मिला।
पी.सी. मोदी के मुताबिक इस चुनाव में 4754 मत पड़े, जिसमें से 4701 वैध और 53 अमान्य घोषित हुए। कोटा (राष्ट्रपति चुने जाने वाले उम्मीदवार के लिए) 5,28,491 था। द्रौपदी मुर्मू ने 2824 प्रथम वरीयता वोट हासिल किए, जिनकी वैल्यू 6,76,803 है। वहीं यशवंत सिन्हा के वोट की वैल्यू 380177 रही। वैसे तो राष्ट्रपति चुनाव का भी मतदान गोपनीय होता है, लेकिन सूत्रों की मानें तो 17 सांसदों और 126 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी।
पीएम मोदी ने की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुर्मू की जीत को एतिहासिक बताया है। साथ ही उन्होंने इस चुनाव में सहयोग करने वाले दलों को धन्यवाद कहा। पीएम मोदी रिजल्ट आने के बाद मुर्मू के घर भी पहुंचे और उनसे मुलाकात की। उनके साथ बीजेपी चीफ जेपी नड्डा भी थे। इसके बाद अमित शाह, राजनाथ सिंह, ओम बिड़ला समेत कई नेताओं ने उनसे मुलाकात की।












Click it and Unblock the Notifications