जानिए कौन हैं आईपीएस अधिकारी डॉ. सदानंद दाते, SEBI में मिली बड़ी जिम्मेदारी, क्यों होती है चर्चा
Know who is IPS officer Dr. Sadanand Date उत्तराखंड कैडर के 2007 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. सदानंद दाते ने देश के प्रमुख बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) में कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्हें सेबी के महत्वपूर्ण जांच विभाग (इन्वेस्टिगेशन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जो कि राष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। सेबी का जांच विभाग पूंजी बाजार में पारदर्शिता बनाए रखने, अनियमितताओं पर निगरानी रखने और वित्तीय अपराधों की जांच करने में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में उनकी नियुक्ति से बाजार में पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

सेबी में नियुक्ति से पूर्व डॉ. दाते केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात थे। यहां उन्होंने भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) और बैंक सिक्योरिटीज एंड फ्रॉड सेल (बीएसएफसी) में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। इसके अलावा मुंबई में आर्थिक अपराध शाखा, विशेष अपराध शाखा, विशेष कार्य शाखा और भ्रष्टाचार विरोधी इकाइयों का नेतृत्व करते हुए उन्होंने कई जटिल मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया।
डॉ. दाते उत्तराखंड में उत्तरकाशी, नैनीताल, हरिद्वार, उधमसिंहनगर और देहरादून जिलों में पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। उत्तराखंड पुलिस में उन्होंने आईजी (IG) मुख्यालय और निदेशक (यातायात) के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली।
इसके साथ ही राज्य एसटीएफ और एसआईटी के प्रमुख के रूप में भी कार्य करते हुए कई महत्वपूर्ण मामलों का खुलासा कर चुके हैं। उधमसिंहनगर में तैनाती के दौरान डॉ. दाते ने चर्चित एनएच-74 घोटाले में जमीनों के फर्जीवाड़े का खुलासा कर कई अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस कार्रवाई के चलते कई आरोपियों को जेल भेजा गया। उन्होंने फर्जी "मुन्ना भाई" गिरोह का भंडाफोड़, नशा तस्करी और वन्यजीव अपराधों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाकर पुलिसिंग का मजबूत उदाहरण पेश किया।
डॉ. दाते ने मुंबई के ग्रांट मेडिकल कॉलेज एवं सर जेजे समूह अस्पताल से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त उस्मानिया विश्वविद्यालय से पुलिस प्रबंधन में मास्टर डिग्री, मुंबई विश्वविद्यालय से एमए (अर्थशास्त्र), एलएलबी और एलएलएम की उपाधि हासिल की है। वे प्रमाणित धोखाधड़ी परीक्षक (सीएफई) भी हैं। उत्कृष्ट सेवा के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है। डॉ. दाते की छवि एक ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ आईपीएस अधिकारी के तौर पर देखी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications