भारतीय छात्रों का 'आश्रय और खाना' देने के लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जताया रोमानिया का आभार
नई दिल्ली, 06 मार्च। केंद्र सरकार के मुताबिक यूक्रेन-रूस संकट के बीच फंसे लगभर सभी भारतीय छात्रों को बाहर निकाल लिया गया है। इसी क्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया ने रविवार को ट्विटर पर रोमानिया का आभार व्यक्त किया क्योंकि उन्होंने 'भारतीय छात्रों की देखभाल' की। 24 फरवरी को रूस द्वारा यूक्रेन पर युद्ध की घोषणा के बाद से भारत सरकार 'ऑपरेशन गंगा' के तहत रोमानिया और पोलैंड जैसे पड़ोसी देशों के माध्यम से युद्धग्रस्त देश से भारतीय नागरिकों, विशेष रूप से छात्रों को निकाल रही है।

बीते दिनों रोमानिया के मेयर संग ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें दोनों भारतीय छात्रों के सामने बहस करते नजर आ रहे थे। कांग्रेस ने दावा किया कि सिंधिया छात्रों की देखभाल और रहने-खाने का क्रेडिट ले रहे थे, लेकिन रोमानिया के मेयर ने उन्हें बीच में टोकते हुए कहा कि स्टूडेंट्स को सच बताएं, इनको रहने के लिए छत और खाना हमने दिया है। वीडियो वायरल होने के बाद अब सिंधिया ने ट्वीट कर रोमानिया सरकार को मदद के लिए शुक्रिया कहा है।
यह भी पढ़ें: यूक्रेन में फंसे भारतीयों के लिए भारतीय दूतावास ने जारी किया फॉर्म, कहा- निकासी के लिए तत्काल भरें डिटेल्स
गौरतलब है कि ऑपरेशन गंगा के तहत केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरेन रिजिजू और जनरल वीके सिंह को निकासी कार्यों के समन्वय के लिए यूक्रेन के पड़ोसी देशों में भेजा गया था। सिंधिया को रोमानिया जाने का निर्देश मिला था। उसी दौरान उनकी भिड़ंत स्थानीय मेयर से हो गई। रविवार को अपने ट्वीट में सिंधिया ने लिखा, 'हमारे बच्चों की देखभाल करने के लिए रोमानिया का कृतज्ञ हूं। एक अमेरिकी शेफ द्वारा खुद भारतीय व्यंजन सीखकर उनके लिए भोजन और 24*7 आश्रयों में रहने वाले पुलिस अधिकारियों तक। जब जरूर पड़ने पर इंसान अपने साथियों के साथ खड़े रहने का फैसला करते हैं तो उनके लिए कुछ भी असंभव नहीं रह जाता।'












Click it and Unblock the Notifications