श्रीनगर में 326 युवा बने अग्निवीर: 31 हफ्ते की ट्रेनिंग के बाद ईद पर परिजनों से मिले, खुशियों से भर गई झोली
Agniveer Passing Out Parade 2025 Jammu and Kashmir: ईद 2025 से पहले ही जम्मू-कश्मीर के सैकड़ों घरों में जश्न का माहौल है। गुरुवार को श्रीनगर स्थित जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फेंट्री (JAK LI) रेजिमेंट सेंटर में आयोजित पासिंग आउट परेड (POP) में 326 युवा अग्निवीर सैनिक बने हैं। इस भावुक पल में जहां युवाओं की आंखों में भविष्य की चमक थी, वहीं माता-पिता की आंखें नम थीं-गर्व और संतोष के आंसुओं से।
31 हफ्तों की कठिन शारीरिक, मानसिक और सामरिक प्रशिक्षण के बाद ये युवा सिपाही अब देश की सीमाओं की रक्षा के लिए तैयार हैं। परेड में शामिल हर कदम एक कहानी कह रहा था-संघर्ष की, अनुशासन की और देशभक्ति की। समारोह में वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, प्रशिक्षक और सैनिकों के परिवारजन उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- अग्निवीर संजीव सैनी की शहादत: मां बुन रही थी सेहरा, बेटा सगाई के एक माह बाद तिरंगा में लिपटकर आया घर
अग्निवीर सैनिक बनकर क्या बोले युवा?
एक अग्निवीर ने गर्व से कहा, "मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं। यह 31 हफ्तों की कड़ी मेहनत थी। सात महीने बाद माता-पिता से मिलना बहुत खास रहा।" वहीं एक अन्य नव-नियुक्त जवान ने कहा, "मैंने भर्ती के लिए बहुत मेहनत की। अब घर लौट रहा हूं। बाकी युवाओं को भी सेना में आना चाहिए।"
एक और अग्निवीर ने दृढ़ स्वर में कहा, "ट्रेनिंग बहुत कठिन थी, लेकिन अब मैं गर्व महसूस कर रहा हूं। हम देश की रक्षा करेंगे और मुझे देश के किसी भी कोने में तैनात किया जाए, मैं तैयार हूं।"

यह भी पढ़ें- Sikkim Landslide: भूस्खलन की चपेट में आया Army Camp, कौन थे 3 शहीद जवान? लेफ्टिनेंट के परिवार समेत 6 लापता
इस दौरान परिजन भी भावुक नजर आए। एक पिता ने कहा, "आज का दिन मेरे लिए बेहद खुशी का है। हमारे बेटे अब फौज का हिस्सा हैं। युवाओं को पढ़ाई पूरी करने के बाद घर बैठने की बजाय कुछ करना चाहिए। यह प्रतिस्पर्धा का दौर है। ईद आ रही है और हमारे लिए अब दो ईद होंगी।"
कुपवाड़ा से आए एक अन्य अभिभावक ने कहा, "हम बेहद खुश हैं कि हमारा बेटा आज पास आउट हो रहा है। इस खुशी को देखने हम यहां आए हैं। देश में बेरोजगारी है, लेकिन सेना एक बेहतर विकल्प है, जो न सिर्फ रोजगार देता है, बल्कि देश की सेवा का अवसर भी।"

इस परेड ने न सिर्फ इन युवाओं के जीवन की दिशा तय की, बल्कि घाटी के अन्य युवाओं को भी एक नई प्रेरणा दी है-आगे बढ़ने, देश सेवा करने और खुद पर विश्वास रखने की।
Agniveer Army Recruitment Process: अग्निवीर फौजी बनने की प्रक्रिया
1. पात्रता मानदंड (Eligibility Criteria)
शैक्षणिक योग्यता
अग्निवीर (जनरल ड्यूटी - GD)
कक्षा 10वीं पास व न्यूनतम 45% कुल अंक और प्रत्येक विषय में 33% अंक
अग्निवीर (टेक्निकल)
कक्षा 12वीं (भौतिकी, रसायन, गणित और अंग्रेजी) में 50% कुल अंक और प्रत्येक विषय में 40% अंक या 10वीं पास के साथ संबंधित क्षेत्र में 2-3 साल का डिप्लोमा
अग्निवीर (क्लर्क/स्टोर कीपर)
- किसी भी स्ट्रीम में कक्षा 12वीं पास
- 60% कुल अंक और प्रत्येक विषय में 50% अंक
- अंग्रेजी और गणित/अकाउंट्स/बुक कीपिंग में न्यूनतम 50% अंक
अग्निवीर (ट्रेड्समेन)
- कक्षा 10वीं या 8वीं पास
- प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33% अंक
आयु सीमा
- न्यूनतम आयु: 17.5 वर्ष
- अधिकतम आयु: 21 वर्ष (सरकारी नियमों के अनुसार छूट लागू हो सकती है)

2. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया (Online Application Process)
आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर आवेदन की प्रक्रिया।
- वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करें
- आवश्यक दस्तावेज़ अपलोड करें
- ₹250 का आवेदन शुल्क जमा करें (SBI पेमेंट गेटवे के माध्यम से)
- आवेदन फॉर्म सबमिट करें और प्रिंट आउट लें
3. चयन प्रक्रिया (Selection Process)
चरण 1: ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE)
- कंप्यूटर आधारित परीक्षा
- विषय: सामान्य ज्ञान, गणित, रीजनिंग, आदि
- परीक्षा पास करने के बाद फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाता है
चरण 2: शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Fitness Test - PFT)
1.6 किमी दौड़
- ग्रुप I: 5 मिनट 30 सेकंड तक (60 अंक)
- ग्रुप II: 5 मिनट 31 सेकंड से 5 मिनट 45 सेकंड तक (48 अंक)
- बीम (Pull-ups): न्यूनतम 6
- 9 फीट खाई कूद और ज़िग-ज़ैग बैलेंस टेस्ट: क्वालिफाई करना आवश्यक है
चरण 3: मेडिकल परीक्षण (Medical Examination)
- सेना के निर्धारित मानकों के अनुसार स्वास्थ्य जांच
- अनफिट पाए जाने पर अपील का अवसर मिलता है
4. प्रशिक्षण (Training)
- चयनित उम्मीदवारों को 31 सप्ताह का प्रशिक्षण दिया जाता है।
- प्रशिक्षण केंद्र: संबंधित रेजिमेंटल सेंटर (जैसे JAK LI, Sikh Regt, आदि)
- प्रशिक्षण में शारीरिक, मानसिक, सामरिक और हथियारों की शिक्षा शामिल होती है
5. सेवा की अवधि और भविष्य (Service Tenure and Future Prospects)
- 4 वर्ष और चार साल के बाद 25% अग्निवीरों को स्थायी सेना में शामिल किया जाता है (मेरिट और प्रदर्शन के आधार पर)
- शेष 75% को "सेवा निधि" (₹11.71 लाख) प्रदान की जाती है, जिससे वे आगे की पढ़ाई, व्यवसाय या नौकरी कर सकें












Click it and Unblock the Notifications