अग्निवीर संजीव सैनी की शहादत: मां बुन रही थी सेहरा, बेटा सगाई के एक माह बाद तिरंगा में लिपटकर आया घर
Agniveer Sanjeev Saini: 22 साल की उम्र, आंखों में देशसेवा का जुनून और घरवालों की आंखों में बेटे की शादी के सपने थे। लेकिन शायद किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जम्मू-कश्मीर में तैनात राजस्थान तिजारा के अग्निवीर संजीव सैनी की पार्थिव देह जब सोमवार सुबह तिरंगे में लिपटकर घर पहुंची, तो मां का कलेजा फट पड़ा। वहां मौजूद हर आंख नम हो गई।
ड्यूटी से सीधे अर्थी तक: 1 जून को ली अंतिम सांस
संजीव की कहानी हर उस युवा की है, जो फौजी वर्दी पहनने का सपना लेकर सेना में भर्ती होता है। 22 फरवरी 2023 को 526 एएससी बटालियन में भर्ती हुए संजीव को श्रीनगर की वायु रक्षा रेजीमेंट में तैनाती मिली। परिवार के लिए यह गौरव का क्षण था, लेकिन 24 मई की रात एक फोन कॉल ने सब कुछ बदल दिया। भाई राहुल को बताया गया कि संजीव का एक्सीडेंट हुआ था। ICU में भर्ती रहे संजीव को 27 मई को ऊधमपुर रेफर किया गया, जहां 1 जून 2025 की रात 1:57 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

सपनों के साथ टूटा मां का दिल
जिस बेटे को गोदी में झुलाया, पढ़ाया, फौज तक पहुंचाया। महीनेभर पहले सगाई कर दी। मां उस बेटे की शादी के लिए ख्वाबों का सेहरा बुन रही थी। उसी बेटे का शरीर जब तिरंगे में लिपटकर घर आया, तो मां का कलेजा हाहाकार कर उठा। महिलाएं उन्हें संभालती रहीं, लेकिन रोती आंखें और कांपते होंठ हर किसी का दिल छलनी कर रहे थे।

गांव ने दी बेटे को शौर्यपूर्ण विदाई
राजस्थान के अलवर जिले के तिजारा में पदमावती मंदिर के पास से शुरू हुई शहीद संजीव सैनी अंतिम यात्रा में हजारों लोग जुटे। हाथों में तिरंगा और दिल में गर्व और ग़म-दोनों की मिलीजुली भावना लिए हर कोई बस एक ही नारा लगाता रहा-"जब तक सूरज चांद रहेगा, संजीव तेरा नाम रहेगा।" करीब दो किलोमीटर लंबी यात्रा श्मशान तक पहुंची, जहां सैन्य सम्मान के साथ भाई ने मुखाग्नि दी। सेना अधिकारियों ने तिरंगा पिता और भाई को सौंपा और अंतिम सलामी दी।
गौरव भी, ग़म भी: अंतिम विदाई में उमड़े नेता और जनप्रतिनिधि
इस मौके पर तिजारा विधायक महंत बालकनाथ, पूर्व विधायक संदीप यादव, एसडीएम संजीव कुमार सहित कई नेताओं और अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। गांव का हर शख्स, हर युवा, हर बुजुर्ग-शहीद को आंखों में आंसू और सीने में गर्व लेकर अंतिम प्रणाम कर रहा था।












Click it and Unblock the Notifications