Lalit Modi : 'मैं भगौड़ा नहीं हूं, राहुल गांधी खुन्नस खाए हैं', ललित मोदी का कांग्रेस पर वार, Video
Lalit Modi Interview: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी इस वक्त सियासी गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक सुर्खियां बने हुए हैं, वजह है उनका इंटरव्यू, जो कि उन्होंने ANI को दिया है, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 'मैं 'भगौड़ा' नहीं हूं।'
ललित मोदी ने कहा, 'मैं बिल्कुल भी भाग नहीं रहा हूं। भारत सरकार की पहुंच बहुत लंबी है। अगर वे चाहते तो मुझे बहुत पहले ही पकड़ सकते थे।' 2010 में देश छोड़कर गए मोदी ने 'भगोड़ा' का टैग मीडिया द्वारा दिया बताया, सरकार द्वारा नहीं।

भारत में ललित मोदी पर वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं। इन पर उन्होंने दावा किया कि उन्हें विशेष रूप से निशाना बनाया गया है और उनके खिलाफ चल रहे सभी मामले सिर्फ राजनीति से प्रेरित हैं।
'भावनाओं को भड़काने के लिए मेरा नाम लेते हैं राहुल गांधी'
आईपीएल के पूर्व प्रमुख ललित मोदी ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि 'जब भी चुनाव होते हैं, वह मुझ पर हमला करते हैं। वह जनता की भावनाओं को भड़काने के लिए मेरे नाम का इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि मैं क्रिकेट से जुड़ा हुआ हूं और क्रिकेट लोगों की भावनाओं से जुड़ा होता है।'
'मुझे नहीं पता कि क्यों राहुल गांधी खुन्नस खाए हैं'
'दरअसल कुछ लोग ऐसे हैं जिन्हें मैंने नाराज़ कर दिया है और वे राजनीति से जुड़े हैं। चाहे वे विपक्ष में बैठते हों या कहीं और, वे मेरे खिलाफ़ कोई न कोई खुन्नस रखते हैं। और उनका काफ़ी दबदबा भी है, अगर आप राहुल गांधी के संसद में दिए गए भाषणों को देखें, तो जब भी कोई चुनाव होता है या कोई मुद्दा उठता है, वे हमेशा मुझ पर ही हमला करते हैं। कांग्रेस मुझ पर हमला क्यों कर रही है, मुझे नहीं पता कि क्यों राहुल गांधी खुन्नस खाए बैठे हैं।'
ललित मोदी ने ही खुद को 'भगौड़ा' कहा था
आपको बता दें कि कुछ वक्त पहले ललित मोदी ने ही खुद को 'भगौड़ा' कहा था। दरअसल तब ललित मोदी ने लंदन में विजय माल्या की 70वीं जन्मदिन पार्टी का वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने खुद को और माल्या को "भारत के दो सबसे बड़े भगोड़े" बताया था। बाद में उन्होंने माफी मांगते हुए कहा था कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया और इस वक्त उन्होंने इंटरव्यू में साफ कहा है कि वो भगौड़े नहीं है।
कौन हैं ललित मोदी?
ललित कुमार मोदी इंडियन प्रीमियर लीग के पूर्व चेयरमैन हैं, आईपीएल के पहले कमिश्नर और चेयरमैन के रूप में उन्होंने इस टूर्नामेंट को दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी-20 क्रिकेट लीग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हालांकि, 2010 के बाद उनके खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) से जुड़े मामलों की जांच शुरू हुई। इसके बाद वह भारत छोड़कर लंदन में रहने लगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उन्हें आजीवन प्रतिबंधित भी किया था। दूसरी ओर, ललित मोदी लगातार यह दावा करते रहे हैं कि उनके खिलाफ आरोप राजनीतिक और व्यक्तिगत कारणों से लगाए गए तथा उन्हें किसी अदालत ने दोषी नहीं ठहराया है।













Click it and Unblock the Notifications