पाकिस्तान से लाई गई मूक-बधिर लड़की गीता ने कक्षा 8 की परीक्षा पास की, करना चाहती है सरकारी नौकरी
पाकिस्तान से लाई गई मूक-बधिर लड़की गीता ने कक्षा 8 की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की है। उसने मध्य प्रदेश राज्य मुक्त विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षा में 600 में से 411 अंक प्राप्त किए हैं, जिसमें सामाजिक विज्ञान और संस्कृत में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
2015 में पाकिस्तान से भारत लौटी गीता अब सरकारी नौकरी की तलाश में है।इंदौर स्थित एक गैर सरकारी संगठन आनंद सर्विस सोसाइटी गीता की वापसी के बाद से उसे समाज में घुलने-मिलने में मदद कर रही है।

एनजीओ के सचिव और सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ ज्ञानेंद्र पुरोहित ने बताया कि गीता अपने परीक्षा परिणामों से बहुत खुश है और अपने भविष्य को लेकर आशान्वित है। वीडियो कॉल के दौरान गीता ने सांकेतिक भाषा के माध्यम से अपनी शिक्षा जारी रखने और सरकारी नौकरी की इच्छा व्यक्त की।
गीता की यात्रा और आकांक्षाएं
गीता का असली नाम राधा है और वह वर्तमान में अपनी मां मीना पंधारे के साथ महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में रहती है। पुरोहित ने बताया कि गीता का परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है और वह रोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से स्वतंत्र होना चाहती है। पुरोहित ने कहा, "उसके अनुसार, वह अभी शादी नहीं करना चाहती है।"
गीता की उम्र 33 साल बताई जा रही है। करीब 23 साल पहले जब वह बच्ची थी, तो गलती से ट्रेन में चढ़ गई थी जो उसे पाकिस्तान ले गई। उसे लाहौर रेलवे स्टेशन पर समझौता एक्सप्रेस में पाकिस्तान रेंजर्स ने अकेला पाया था। पाकिस्तान के ईधी फाउंडेशन की बिलकिस ईधी ने गीता को गोद लिया और कराची में उसकी देखभाल की।
पुरोहित ने बताया कि चतुर्थ श्रेणी की सरकारी नौकरियों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं कक्षा उत्तीर्ण है। अपनी हालिया शैक्षणिक उपलब्धि के साथ, गीता अब केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर इन पदों के लिए आवेदन करने की पात्र है। वंगत विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के प्रयासों के कारण ही गीता 26 अक्टूबर 2015 को भारत लौट सकी। अगले दिन उसे इंदौर में एक एनजीओ के आवासीय परिसर में रखा गया। 2021 में अपने परिवार को खोजने के बाद गीता महाराष्ट्र चली गई, जहां वो अब अपने परिवार के साथ है।












Click it and Unblock the Notifications