राहुल का हमला- नोटबंदी राफेल की तरह बड़ा घोटाला, असहमत थे तो सुब्रमण्यन ने क्यों नहीं दिया इस्तीफा
नई दिल्ली। नोटबंदी पर पूर्व मुख्य सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यन के बयान के बाद एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मोदी सरकार पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नोटबंदी राफेल डील की तरह भारत के खिलाफ अपराध और एक बड़ा घोटाला है। राहुल गांधी ने कहा कि जांच कराकर दोषियों को दंडित किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि जब पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यन नोटबंदी के फैसले से सहमत नहीं थे तो उन्होंने इस्तीफा देना चाहिए था।

'सुब्रमण्यन ने इस्तीफा क्यों नहीं दिया?'
राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया,'नोटबंदी राफेल डील की तरह भारत के खिलाफ अपराध और एक बड़ा घोटाला था। मनोहर पर्रिकर ने भी खुद को बचाने के लिए राफेल से दूरी बनाये रखी। अरविंद सुब्रमण्यन भी ऐसा ही कर रह रहे हैं। हैरानी हो रही है कि क्यों उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया जब वह इतने असहमत थे? चिंता मत करो भारत के लोगों, दोषियों का पता लगाकर उन्हें सजा दी जाएगी।'
'नोटबंदी राफेल डील की तरह बड़ा घोटाला'
इसके पहले पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार, अरविंद सुब्रमण्यन ने मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए इसे सख्त कानून और मौद्रिक झटका बताया था। उन्होंने कहा था कि इस फैसले के कारण देश की अर्थव्यवस्था 7 तीमाही के सबसे निचले स्तर पर जा पहुंची।

पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार ने नोटबंदी को बताया था मौद्रिक झटका
उन्होंने कहा कि नोटबंदी के इस फैसले के कारण बाजार में मौजूद 86 प्रतिशत करेंसी वापस मंगा ली गई थी। इस कारण ग्रोथ में कमी आनी पहले के मुकाबले और तेज हो गई। पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार कहते हैं कि इसमें कोई विवाद नहीं है कि नोटबंदी के कारण ग्रोथ रेट भी धीमी हुई।












Click it and Unblock the Notifications