भारत में दो साल में भी नया अध्यक्ष नहीं खोज पाई कांग्रेस, इटली समेत इन देशों में की नए चीफ की नियुक्ति
नई दिल्ली, 11 जुलाई: लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का बंटाधार हुए दो साल से ज्यादा गुजर चुके हैं और करीब इतना ही समय राहुल गांधी का पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिए हो चुका है। लेकिन, पार्टी बुजुर्ग नेता सोनिया गांधी को ही अंतरिम अध्यक्ष पद पर बनाए रखकर अपना काम चला रही है। अलबत्ता बैकडोर से भले ही राहुल सारे फैसले लेते नजर आ रहे हों। इस दौरान ग्रुप 23 के नेताओं की कुख्यात चिट्ठी से लेकर पार्टी के कई युवा नेताओं के कांग्रेस छोड़ने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन किसी न किसी बहाने से नए अध्यक्ष की नियुक्ति की औपचारिकता टलती रही है। लेकिन, इसी दौरान पार्टी की विदेशी यूनिट इंडियन ओवरसीज कांग्रेस ने कमाल कर दिया है और उसने यूरोपीय देशों के लिए अपने अध्यक्षों की नियुक्तियां कर दी हैं, जिसमें इटली भी शामिल है।

कांग्रेस के लिए देश में अध्यक्ष का अकाल, विदेश में मालामाल
कांग्रेस ने पूरे यूरोप में कंट्री प्रेसिडेंट की बहाली की है, जिसमे बीयर कारोबारी से लेकर वैज्ञानिक भी शामिल हैं। इनकी जिम्मेदारी दूसरे मुल्कों में पार्टी की विचारधारा के विस्तार करने की है। हालांकि, ये सारे कंट्री हेड भारतीय मूल के हैं और इसकी घोषणा पार्टी के ओवरसीज कांग्रेस विभाग के प्रमुख सैम पित्रोदा ने की है। इन नियुक्तियों में गरीसोबर सिंह गिल का नाम भी शामिल है जो चक्र बीयर ब्रांड के मालिक हैं। उन्हें नॉर्व के इंडियन ओवरसीज कांग्रेस का कंट्री प्रेसिडेंट नियक्त किया गया है। उन्होंने 2006 में यह ब्रांड लॉन्च किया था, जो इंटरनेशनल मार्केट में पहला पंजाबी शराब की ब्रांड है। गिल का कहना है कि उनके पिता भारत के राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉलर गुरमेल गिल यूरोप में आईओसी के संस्थापक थे और नॉर्वे में पार्टी की अच्छी मौजूदगी है। उनके मुताबिक, 'मेरे पिता पूरी जिंदगी कांग्रेस में रहे। अब मैं संभाल रहा हूं....इसका लक्ष्य भारत में निवेश और उद्योग लाना है।'

कारोबारियों और प्रोफेशनल पर कांग्रेस की नजर
इसी तरह कांग्रेस ने फिनलैंड में 35 वर्षीय कोमल कुमार जवारप्पा को अपना चीफ नियुक्त किया है, जो कि मोलेक्युलर बायोलॉजिस्ट हैं और कोपेनहेगन के एक नामी अस्पताल से जुड़े हैं और ब्लड कैंसर के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। मैसूर के रहने वाले जवारप्पा ने कहा है कि फिनलैंड में आईओसी हाल ही में स्थापित हुई है और वो इसकी गतिविधियों को देख रहे हैं। उनके मुताबिक 'वो कांग्रेस की विचारधारा की ओर आकर्षित हैं और इसीलिए उसकी ओर बढ़े हैं।' म्यूनिख में रह रहे कृषि वैज्ञानिक और शशि थरूर की अगुवाई वाली ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रमुख राहुल पतिनेत्तिल राज का कहना है कि उनका संगठन आईओसी के साथ मिलकर पूरे यूरोप में कांग्रेसी विचारधारा के प्रचार-प्रसार में लगा है और हर क्षेत्र के प्रोफेशनलों को जोड़ने की कोशिश कर रहा है।

कांग्रेस यूके में सबसे ज्यादा मजबूत- आईओसी
यूरोप के देशों में कांग्रेस के प्रमुखों की इस फेहरिस्त में कई और नेता शामिल हैं। इनमें इटली में दिलबाग चन्ना, स्विटजरलैड में जॉय कोचट्टु, स्वीडन में सोनिया हेल्डस्टीड, ऑस्ट्रिया में सुनील कोराह, बेल्जियम में सुखीवन प्रीत सिंह, हॉलैंड में हरपिंदर सिंह घाग और पोलैंड में अमरजीत सिंह को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। यूरोप में आईओसी के संयोजक राजविंदर सिंह का दावा है कि यूरोप के 23 देशों में कांग्रेस की मौजूदगी है, जिसमें वो सबसे ज्यादा यूनाइटेड किंग्डम में मजबूत है। उनके मुताबिक ज्यादा अध्यक्ष या तो बिजनेसमैन हैं या फिर प्रोफेशनल और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हैं। वो खुद होटल और रियल एस्टेट कारोबारी हैं। (तस्वीरें- फाइल)












Click it and Unblock the Notifications