'30 हजार का लालच या भविष्य की चेतावनी', चंद्रबाबू नायडू के Population Plan पर क्यों मचा बवाल?
Andhra Pradesh Population Policy: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू द्वारा तीसरे बच्चे पर ₹30,000 और चौथे बच्चे पर ₹40,000 देने की नीति पर देश के जाने-माने लेखक और मुखर टिप्पणीकार आनंद रंगनाथन ने बेहद तीखा हमला बोला है। रंगनाथन ने इस नीति को पूरी तरह से 'तर्कहीन' (Illogical) और 'विनाशकारी' (Catastrophic) करार देते हुए इसे तुरंत खारिज करने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यह नीति भारत के जनसांख्यिकीय लाभांश (Demographic Dividend) को एक बड़ी आपदा में बदल देगी। आइए जानतें हैं आनंद रंगनाथन ने इसके विरोध में कौन से 7 बड़े और चौंकाने वाले तर्क दिए हैं...

1.'यह नीति भारत विरोधी और संकीर्ण है'
रंगनाथन ने कहा कि भारत के हित से ऊपर उठकर सिर्फ आंध्र प्रदेश के बारे में सोचना बेहद संकीर्ण और क्षेत्रीय मानसिकता है। हमें पूरे भारत की प्रजनन दर (TFR) की चिंता करनी चाहिए, न कि किसी एक राज्य की। आज जब लाखों बिहारी महाराष्ट्र में, गुजराती बंगाल में और यूपी के लोग कर्नाटक-तमिलनाडु में बस रहे हैं, तो हमें देश के भीतर आबादी की गतिशीलता (Mobility) को बढ़ावा देना चाहिए। जिन राज्यों में टीएफआर अधिक है, वहां के युवाओं को आंध्र प्रदेश बुलाकर बसाया जाना चाहिए, न कि बच्चों को पैदा करने के लिए टैक्सपेयर्स के हजारों करोड़ रुपये लुटाने चाहिए। यह नीति भारतीय एकता के खिलाफ है।
2. जमीन और संसाधनों पर भारी दबाव
आंध्र प्रदेश में पहले से ही जनसंख्या घनत्व 329 व्यक्ति प्रति वर्ग किलोमीटर है। लेकिन असली चिंता खेती योग्य (Arable Land) जमीन पर बढ़ते दबाव की है, जहां प्रति वर्ग किलोमीटर 970 लोग निर्भर हैं। राज्य का 62% वर्कफोर्स कृषि में है। रायलसीमा में लगातार सूखा, चक्रवातों का खतरा और तेलंगाना के साथ कृष्णा-गोदावरी नदी जल विवाद जैसी गंभीर चुनौतियां पहले से हैं। ऐसे में पैसे देकर आबादी बढ़ाना "पागलपन" के सिवा कुछ नहीं है।
3. अर्थव्यवस्था की कमर टूटेगी, कर्ज में डूबेगा राज्य
आंध्र प्रदेश पहले से ही भारी कर्ज और बुनियादी ढांचे की कमी से जूझ रहा है। राज्य का कर्ज-टू-जीडीपी (Debt-to-GDP) अनुपात 36% है। ऐसे समय में टैक्सपेयर्स का पैसा इस तरह बांटना आर्थिक रूप से आत्मघाती है। एक बच्चे को वयस्क बनाने के लिए सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर दशकों तक निवेश करना पड़ता है, जो इस ₹40,000 की राशि से कहीं ज्यादा है। यह नीति बीमारी का इलाज करने के बजाय केवल लक्षणों को दबाने जैसी है।
4. यह केवल एक चुनावी हथकंडा (Gimmick) है, समाधान नहीं
आंध्र प्रदेश की फर्टिलिटी रेट गिरकर 1.5 से 1.7 के बीच आ गई है, जिसका मुख्य कारण शहरीकरण, महिलाओं में शिक्षा, और महंगाई है। आज एक बच्चे को पालने और पढ़ाने का खर्च लाखों में है। ऐसे में सरकार द्वारा दिया जाने वाला ₹40,000 का एकमुश्त कैश माता-पिता के कुल खर्च का एक छोटा सा हिस्सा भी नहीं है। जापान, दक्षिण कोरिया और यूरोप जैसे देशों का वैश्विक अनुभव गवाह है कि ऐसे वित्तीय प्रलोभन से आबादी में कोई स्थायी सुधार नहीं होता।
5. युवाओं में बढ़ेगी बेरोजगारी और सामाजिक अशांति
राज्य पहले से ही पानी की भारी किल्लत और गिरते भूजल स्तर से जूझ रहा है। जब खेती की उत्पादकता स्थिर है और शहरों में भीड़ बढ़ रही है, तो परिवारों को चार बच्चे पैदा करने के लिए उकसाना संसाधनों को तबाह कर देगा। आंध्र प्रदेश में युवाओं की बेरोजगारी पहले से ही एक बड़ी समस्या है। बिना नौकरियों के सिर्फ आबादी बढ़ाना एक बड़ा 'यूथ बल्ज' पैदा करेगा, जिससे सामाजिक अशांति, पलायन और अपराध बढ़ेंगे।
6. 'क्वालिटी के बजाय क्वांटिटी' को बढ़ावा, बढ़ेगी गरीबी
ऐसी योजनाएं अक्सर गरीब और निम्न-आय वाले परिवारों को तुरंत मिलने वाले कैश के लालच में आकर्षित करती हैं। लेकिन ऐसे परिवारों के पास अतिरिक्त बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पोषण और कौशल देने की क्षमता नहीं होती। इसका नतीजा यह होगा कि बच्चों पर प्रति व्यक्ति निवेश घट जाएगा, जिससे कुपोषित और अकुशल नागरिकों की संख्या बढ़ेगी जो भविष्य में सिर्फ वेलफेयर (मुफ्त योजनाओं) पर निर्भर रहेंगे। यह दक्षिण भारत के अब तक के विकास मॉडल (कम आबादी, बेहतर शिक्षा) के बिल्कुल विपरीत है।
7. 'बिना UCC के यह फैसला देश के लिए विभाजनकारी'
आनंद रंगनाथन ने सबसे बड़ा और गंभीर दावा देश में समान नागरिक संहिता (UCC) न होने को लेकर किया। उन्होंने कहा, "चूंकि देश में यूसीसी नहीं है और एक पुरुष को चार कानूनी शादियां करने की अनुमति है, इसलिए इस नीति के तहत राज्य सरकार एक व्यक्ति को 16 बच्चे पैदा करने के लिए पैसे देगी! क्या आपको अंदाजा है कि यह राज्य की जनसांख्यिकी को कहां ले जाएगा?"
उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा, "हमारे देश में पहले से ही एक ऐसा समुदाय है, जिसके नेताओं ने सार्वजनिक रूप से अपनी आबादी की ताकत के जरिए देश पर हावी होने की इच्छा जताई है। ऐसा यूरोप और दुनिया के अन्य हिस्सों में पहले से हो रहा है। इसलिए, हम आने वाले समय में भारत का धर्म के आधार पर एक और विभाजन देख सकते हैं।"
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य में गिरती जन्म दर (Falling Birth Rates) को रोकने के लिए एक अनोखी नीति का एलान किया, जिसके तहत तीसरे बच्चे के जन्म पर ₹30,000 और चौथे बच्चे पर ₹40,000 का नकद इनाम दिया जाएगा। इस फैसले ने देश में एक नई राजनीतिक और सामाजिक बहस को जन्म दे दिया है।
जहां एक तरफ विपक्ष (कांग्रेस और YSRCP) इसे भविष्य में होने वाले लोकसभा परिसीमन (Delimitation) में दक्षिण भारत की सीटें घटने के डर से उठाया गया 'राजनीतिक स्टंट' बता रहा है; वहीं दूसरी तरफ, आनंद रंगनाथन जैसे बुद्धिजीवियों ने चेतावनी दी है कि बिना समान नागरिक संहिता (UCC) के ऐसी नीतियां राज्य के संसाधनों को तबाह कर देंगी और देश को धर्म के आधार पर एक और विनाशकारी जनसांख्यिकीय विभाजन (Demographic Partition) की ओर धकेल देंगी।














Click it and Unblock the Notifications