Maharashtra Weather: रफ्तार से पहुंच रहा मानसून, 30 जिलों में IMD का Yellow Alert, मुंबई में मौसम कैसा रहेगा?
Maharashtra Weather Alert: महाराष्ट्र में मॉनसून सक्रिय हो चुका है और मुंबई की ओर तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में मौसम और भी अस्थिर रह सकता है। कहीं भारी बारिश तो कहीं तेज हवाओं के कारण भीषण बरसात तबाही मचा सकती है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 30 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
IMD के अलर्ट के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में तेज़ हवाओं, गरज-चमक और मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ जगहों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। मुंबई, पुणे, ठाणे, कोकण, मराठवाड़ा और विदर्भ के कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिलेगा।

मुंबई-ठाणे में कैसा रहेगा मौसम?
मुंबई और ठाणे में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। कल भी शहर और उपनगरों में रुक-रुक कर बूंदाबांदी हुई थी। मौसम फिलहाल सुहावना लेकिन अस्थिर बना हुआ है।
आंबोली घाट का खूबसूरत हुआ नज़ारा
मानसून की पहली बारिश के बाद आंबोली घाट का नजारा पूरी तरह बदल गया है। घना कोहरा, ठंडी हवा और हल्की बारिश ने पूरे इलाके को बेहद खूबसूरत बना दिया है। झरनों में पानी बहने लगा है और छोटे-छोटे जलप्रपात दिखाई देने लगे हैं। महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक से बड़ी संख्या में पर्यटक आंबोली पहुंच रहे हैं और मानसून का आनंद ले रहे हैं।
बीड में तेज हवाओं के साथ हुई तेज बारिश
बीड जिले में शाम के बाद तेज़ हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। चौसाला, रौलसगांव, अंजनवती और आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। छोटे नदी-नाले भी बहने लगे हैं। तेज हवाओं के कारण कुछ घरों की छतें उड़ गईं, जिससे नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं। हालांकि बारिश से किसानों को राहत मिली है, लेकिन कृषि विभाग ने सलाह दी है कि 100 मिमी बारिश होने तक बुवाई न करें।
गढ़चिरोली में बिजली संकट, 29 घंटे तक अंधेरे में रहे गांव
गढ़चिरोली के सिरोंचा क्षेत्र में भारी बारिश और तूफानी हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। 50 से अधिक गांव करीब 29 घंटे तक अंधेरे में रहे। जंगल क्षेत्र से गुजरने वाली 66 केवी लाइन में खराबी आने से यह समस्या हुई। बाद में बिजली कर्मचारियों ने कठिन परिस्थितियों में काम करके आपूर्ति बहाल की। स्थानीय लोग अब अलग मेंटेनेंस टीम और 132 केवी बिजली परियोजना को तेजी से पूरा करने की मांग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications