PM Modi ने तोड़ा नेहरू का रिकार्ड, बने सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री, 20 बड़ी उपलब्धियां
PM Modi Longest Serving Prime Minister: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले प्रधानमंत्री का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 9 जून 2026 तक उन्होंने लगातार 4,398 दिन पूरे कर लिए, और 10 जून 2026 (बुधवार) तक यह अवधि बढ़कर 4,399 दिन हो गई है।
इस तरह वे अब भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित और लगातार प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। 9 जून 2024 को उन्होंने एनडीए के तीसरे कार्यकाल के लिए फिर से शपथ लेकर लगातार नेतृत्व जारी रखा।

नेहरू से आगे निकले पीएम मोदी
देश के पहले पीएम जवाहरलाल नेहरू लंबे समय तक सत्ता में थे। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने 13 मई 1952 को निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में दूसरी बार जब कार्यभार संभाला था तब वे 4397 दिन (12 साल 14 दिन) तक पद पर रहे। वहीं नरेंद्र मोदी ने 9 जून को यह रिकॉर्ड तोड़ते हुए 4398 दिन (12 साल 15 दिन) का कार्यकाल पूरा किया और सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का इतिहास रच दिया। इंदिरा गांधी का कार्यकाल भी 16 साल के करीब रहा। लेकिन वे दो अलग-अलग कार्यकालों में प्रधानमंत्री रहीं।
एनडीए पीएम मोदी को करेगा सम्मानित
एनडीए ने इस दिन को मनाने की तैयारी की है। मंगलवार को गठबंधन की एक अहम बैठक हुई। इसमें 72 दिग्गज नेता शामिल हुए। सदस्यों ने पीएम मोदी के काम और नेतृत्व की सराहना की। इस दौरान एक विशेष प्रस्ताव भी पारित किया गया। 10 जून को एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में एकजुटता और शक्ति प्रदर्शन करेगा। बैठक में सीएम एन. चंद्रबाबू नायडू प्रस्ताव पेश करेंगे, जिसे सहयोगी दलों के नेता समर्थन देंगे। इस प्रस्ताव में पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की उपलब्धियों का जिक्र किया जाएगा।
पीएम मोदी ने 12 साल की यात्रा को सेवा कहा
पीएम मोदी ने अपनी यात्रा को सेवा का नाम दिया। उन्होंने कहा कि 12 साल का सफर जन कल्याण के लिए है।उन्होने बताया उनका ध्यान युवा, महिला और किसान सशक्तिकरण पर रहा है। भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी नई पहचान बनाई है। देश में डिजिटल क्रांति और बुनियादी ढांचे में सुधार हुआ है।
पीएम मोदी के 12 साल के कार्यकाल की 20 प्रमुख उपलब्धियां
1. प्रधानमंत्री जन धन योजना (2014)
वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री जन धन योजना शुरू की गई। इसके तहत करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोले गए और उन्हें औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया।
2. स्वच्छ भारत मिशन (2014)
2 अक्टूबर 2014 को शुरू किए गए इस अभियान के तहत करोड़ों शौचालयों का निर्माण हुआ और स्वच्छता को जन आंदोलन का स्वरूप मिला।
3. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (2016)
गरीब परिवारों, विशेषकर महिलाओं को धुआँ रहित रसोई उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एलपीजी गैस कनेक्शन दिए गए।
4. वस्तु एवं सेवा कर (GST) लागू (2017)
1 जुलाई 2017 से देशभर में एकीकृत कर व्यवस्था लागू की गई, जिसे स्वतंत्र भारत के सबसे बड़े कर सुधारों में माना जाता है।
5. आयुष्मान भारत योजना (2018)
गरीब और वंचित परिवारों को स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इस योजना की शुरुआत की गई।
6. डिजिटल इंडिया और UPI क्रांति (2015-2016)
डिजिटल इंडिया 2015 में शुरू हुआ जिसने डिजिटल पेमेंट सिस्टम लागू किया। इसके बाद UPI 2016 लॉन्च हुआ जिसने भारत को दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल भुगतान बाजारों में शामिल कर दिया।
7. अनुच्छेद 370 का निरस्तीकरण (2019)
5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त कर उसे भारतीय संविधान के पूर्ण दायरे में लाया गया।
8. तीन तलाक पर कानून (2019)
मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम के जरिए तत्काल तीन तलाक को दंडनीय अपराध बनाया गया।
9. जल जीवन मिशन (2019)
ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल से जल पहुँचाने के उद्देश्य से इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत हुई।
10. राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020
करीब 34 वर्षों बाद नई शिक्षा नीति लागू की गई, जिसमें शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधारों का प्रस्ताव रखा गया।
11. कोविड-19 टीकाकरण अभियान (2021)
भारत ने दुनिया के सबसे बड़े कोविड-19 टीकाकरण अभियानों में से एक को सफलतापूर्वक संचालित किया।
12. आत्मनिर्भर भारत अभियान (2020)
कोरोना महामारी के दौरान शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य घरेलू उत्पादन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना था।
13. PLI योजना और विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा (2020)
उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, फार्मा और अन्य क्षेत्रों में निवेश बढ़ाया गया।
14. बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विस्तार (2014-2026)
एक्सप्रेसवे, वंदे भारत ट्रेनें, रेलवे आधुनिकीकरण, मेट्रो नेटवर्क, हवाई अड्डों और बंदरगाहों के विस्तार में उल्लेखनीय प्रगति हुई।
15. रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता (2014-2026)
स्वदेशी रक्षा उत्पादन, रक्षा निर्यात और 'मेक इन इंडिया' के तहत सैन्य उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा दिया गया।
16. राम मंदिर निर्माण (2019-2024)
2019 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अयोध्या में राम मंदिर निर्माण शुरू हुआ और जनवरी 2024 में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई।
17. चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक सफलता (2023)
23 अगस्त 2023 को भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के निकट सफलतापूर्वक उतरने वाला दुनिया का पहला देश बना।
18. जी-20 शिखर सम्मेलन की सफल मेजबानी (2023)
नई दिल्ली में जी-20 सम्मेलन का आयोजन कर भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया।
19. महिला आरक्षण विधेयक (2023)
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करने का प्रयास किया गया लेकिन ये समर्थन नहीं मिला।
20. भारत का विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभार (2025-2026)
भारत ने तेज आर्थिक विकास दर के बल पर वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी स्थिति मजबूत की और चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का दावा किया।
क्या बोली भाजपा?
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मोदी सरकार की तारीफ की। उन्होंने बताया कि सरकार ने कई बड़े बदलाव किए हैं। 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया। करीब 4 करोड़ पक्के घर बनाकर लोगों को दिए। 60 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुविधा भी दी गई है।
सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी काफी जोर दिया है। सड़कों और रेलवे के क्षेत्र में तेजी आई है। हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 160 हो गई। रक्षा निर्यात भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है। वामपंथी उग्रवाद पर लगाम लगाने का दावा भी किया गया है।
वैश्विक मंच पर सराहना
दुनिया भर से प्रधानमंत्री को बधाई संदेश मिले हैं। श्रीलंका और पापुआ न्यू गिनी के नेताओं ने शुभकामनाएं दीं। त्रिनिदाद और टोबैगो की पीएम ने भी तारीफ की। उन्होंने मोदी को एक वैश्विक नेता के रूप में सराहा। उनके नेतृत्व पर दुनिया ने भरोसा जताया है।












Click it and Unblock the Notifications