Bharathiraja Death: तमिल सिनेमा के लिजेंड्री डायरेक्टर भारतीराजा का निधन, 84 की उम्र में कैसे गई जान?
Bharathiraja Death: भारतीय सिनेमा खासकर तमिल फिल्म इंडस्ट्री के लिए आज यानी 10 जून 2026 (बुधवार) का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। खबर है कि मशहूर निर्देशक, लेखक और एक्टर भारतीराजा का चेन्नई में निधन हो गया है। वह 84 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
तमिल सिनेमा के निर्देशक भारतीराजा का निधन
भारतीराजा को तमिल सिनेमा में नई सोच और यथार्थवादी कहानी कहने की शैली के लिए जाना जाता था। उन्होंने अपने करियर के दौरान ग्रामीण भारत की जिंदगी, मानवीय भावनाओं और सामाजिक मुद्दों को बड़े पर्दे पर बेहद प्रभावशाली ढंग से पेश किया था। उनकी फिल्मों ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता बल्कि तमिल सिनेमा की दिशा भी बदल दी।

फिल्म की कहानियों में झलकती थी गांव की संस्कृति
साल 1977 में रिलीज हुई फिल्म '16 वयथिनिले' से निर्देशन की दुनिया में कदम रखने वाले भारतीराजा ने कई यादगार फिल्मों का निर्माण किया। उनकी फिल्मों में गांवों की संस्कृति, रिश्तों की जटिलता और आम लोगों की कहानियां प्रमुखता से दिखाई देती थीं। यही वजह रही कि उन्हें तमिल सिनेमा के सबसे प्रभावशाली फिल्मकारों में गिना जाता है।
बेटे मनोज की मौत के बाद से परेशान रहने लगे थे निर्देशक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले कुछ महीनों से भारतीराजा की तबीयत लगातार खराब चल रही थी। अपने बेटे मनोज भारतीराजा के निधन के बाद वह मानसिक और भावनात्मक रूप से भी काफी प्रभावित बताए जाते थे। स्वास्थ्य में गिरावट के चलते उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था।
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकार दे रहे श्रद्धांजलि
भारतीराजा के निधन की खबर सामने आने के बाद से फिल्म इंडस्ट्री के कई सेलेब्स उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इंडस्ट्री से जुड़े कलाकार और निर्देशक उन्हें ऐसे रचनाकार के रूप में याद कर रहे हैं, जिसने सिनेमा को नई पहचान दी और कई एक्टर्स को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया। भारतीराजा अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जिसे आने वाली पीढ़ियां लंबे समय तक याद रखेगी। उनकी फिल्में और उनका योगदान भारतीय सिनेमा के इतिहास में हमेशा दर्ज रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications