Budget 2025: बीमा क्षेत्र में 100% FDI 'विकसित भारत' के लिए बड़ी पहल है, लेकिन इसके 5 बड़े जोखिम क्या हैं?
Budget 2025: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2025-2026 के लिए पेश बजट में एक बड़ा प्रस्ताव बीमा क्षेत्र में 100% प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) को लेकर दिया है। 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने के संकल्प के लिए यह बहुत ही महत्वपूर्ण पहल है। क्योंकि, इस समय तक देश के सभी नागरिकों को बीमा कवरेज के दायरे में लाया जाना है।
लेकिन, 100% विदेशी निवेश को लेकर कुछ चिंताएं और आशंकाएं भी सामने आ रही हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 100% एफडीआई के प्रस्ताव को लेकर अपने बजट भाषण में कहा है कि 'बीमा क्षेत्र में एफडीआई की सीमा 74 से 100% की जाएगी। यह बढ़ी हुई सीमा उन कंपनियों के लिए उपलब्ध होगी, जो अपने पूरे प्रीमियम का निवेश भारत में करेंगे। अभी जो विदेशी निवेश को लेकर बंधन और शर्तें हैं उनकी समीक्षा की जाएगी और उन्हें आसान बनाया जाएगा।'

Budget 2025: घरेलू बीमा कंपनियों के सामने संकट खड़ा होने की आशंका
इस प्रस्ताव के लेकर एक चिंता घरेलू बीमा कंपनियों को लेकर है। आशंका है कि विदेशी कंपनियों से मुकाबला करने में इन्हें संघर्ष करना सकता है और इसकी वजह से या तो उनका विदेशी कंपनियों में विलय की संभावनाएं बढ़ेंगी या उनके सामने उसे बंद करने का भी जोखिम खड़ा हो सकता है।
Budget 2025: भविष्य में देश को आर्थिक नुकसान का जोखिम
एक जोखिम ये है कि इसके माध्यम से विदेशी कंपनियां जो कमाई करेंगी, उसे भारत में निवेश करने की जगह वह बाहर ले जा सकते हैं, जिससे आगे चलकर देश को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
Budget 2025: राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता
एक खतरा ये भी है कि अगर बीमा कंपनियां पूरी तरह से विदेश से फंडेड होंगी तो उन्हें भारतीय कस्टमर का जो संवेदनशील डेटा हाथ लगेगा उसका गलत इस्तेमाल भी हो सकता है। अगर वह डेटा भारत विरोधी ताकतों के हाथों में पड़ जाएं तो यह खतरा और भी गंभीर हो सकता है और यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी जोखिम भरा हो सकता है।
Budget 2025: ऑटोमेशन और एआई के इस्तेमाल से रोजगार की संख्या घटने की आशंका
भारत में रोजगार बहुत बड़ा मुद्दा है। विदेशी कंपनियों ने अगर अपने काम के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऑटोमेशन को बढ़ावा दिया तो देश में रोजगार की संख्या घट सकती है। क्योंकि, ऐसी कंपनी अपने कमाई पर ज्यादा फोकस करेंगी और भारत की सामाजिक-आर्थिक जरूरतों को वह नजरअंदाज भी कर सकती हैं।
Budget 2025: भविष्य में उपभोक्ताओं के सामने भी खड़ी हो सकती है चुनौती
एक बार अगर बीमा बाजार पर विदेशी कंपनियों ने पकड़ जमा ली तो वह उपभोक्ताओं से ज्यादा प्राथमिकता अपने मुनाफे को दे सकती हैं। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को ज्यादा प्रीमियम देकर चुकाना पड़ सकता है या फिर उन्हें मिलने वाले फायदों में कमी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications