BJP Rajya Sabha: MP से तरुण चुग, राजस्थान से अलका गुर्जर, BJP की लिस्ट में 11 नेता कौन? इन नामों ने बढ़ाई हलचल

BJP Rajya Sabha Candidate List 2026: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और ओडिशा से कुल 11 नामों का ऐलान किया है। इस सूची में कई अनुभवी संगठनात्मक चेहरों को मौका मिला है, वहीं कुछ फैसलों ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को भी जन्म दे दिया है।

बीजेपी ने मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे अहम राज्यों में बड़े चेहरों पर दांव लगाया है। मध्य प्रदेश से पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग को राज्यसभा भेजने का फैसला किया गया है, जो संगठन में लंबे समय से मजबूत पकड़ रखते हैं। उनके साथ ही एमपी से रजनीश अग्रवाल को भी संसद के उच्च सदन का टिकट दिया गया है।

BJP Rajya Sabha Candidate List 2026

बात अगर राजस्थान की करें तो यहां का समीकरण सबसे दिलचस्प रहा। काफी समय से चर्चा थी कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राज्यसभा भेजा जा सकता है, लेकिन बीजेपी ने सबको चौंकाते हुए राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अलका गुर्जर और राजस्थान बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया को मैदान में उतार दिया है। राजस्थान से इस बार केंद्रीय मंत्री और मौजूदा सांसद रवनीत सिंह बिट्टू को दोबारा टिकट नहीं मिला है, जिनका कार्यकाल जून में समाप्त हो रहा है।

EX-CM को छोड़ कांग्रेस नेता की बेटी को राज्यसभा भेजेगी BJP? कौन हैं निशा उरांव? क्या है जाति, पति हैं IAS
EX-CM को छोड़ कांग्रेस नेता की बेटी को राज्यसभा भेजेगी BJP? कौन हैं निशा उरांव? क्या है जाति, पति हैं IAS

BJP Rajya Sabha Candidate List 2026: राज्यवार पूरी सूची

क्रमांक उम्मीदवार का नाम राज्य
1 तरुण चुग मध्य प्रदेश
2 रजनीश अग्रवाल मध्य प्रदेश
3 डॉ. अलका गुर्जर राजस्थान
4 डॉ. सतीश पूनिया राजस्थान
5 राजूभाई शुक्ला गुजरात
6 मुकेशभाई राठवा गुजरात
7 मानसिंह परमार गुजरात
8 जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया गुजरात
9 ताई तागाक अरुणाचल प्रदेश
10 ए. शारदा देवी मणिपुर
11 देबाशीष सामंतराय ओडिशा

सबसे चर्चित नाम कौन-कौन?

  • तरुण चुग: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, पंजाब से आते हैं लेकिन टिकट मध्य प्रदेश से मिला।
  • डॉ. अलका गुर्जर: राजस्थान से भाजपा की प्रमुख महिला नेता, वसुंधरा राजे की जगह टिकट मिलने से चर्चा में।
  • डॉ. सतीश पूनिया: राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष।
  • देबाशीष सामंतराय: हाल ही में BJD छोड़कर भाजपा में आए और सीधे राज्यसभा का टिकट मिला।
  • ए. शारदा देवी: मणिपुर भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष और पूर्वोत्तर से पार्टी का बड़ा महिला चेहरा।

गुजरात में चार चेहरों पर दांव, पूर्वोत्तर में महिलाओं को तरजीह

गुजरात विधानसभा में बीजेपी के पास प्रचंड बहुमत है, जिसे देखते हुए पार्टी ने यहां से चार उम्मीदवारों की घोषणा की है। गुजरात की लिस्ट इस प्रकार है:

  • राजूभाई शुक्ला
  • मुकेशभाई राठवा
  • मानसिंह परमार
  • जीतेन्द्र मेघजीभाई कंजारिया

इसके साथ ही बीजेपी ने पूर्वोत्तर (Northeast) राज्यों में महिला नेतृत्व और स्थानीय चेहरों पर बड़ा भरोसा जताया है। अरुणाचल प्रदेश से ताई तागाक को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि मणिपुर से बीजेपी की प्रदेश अध्यक्ष ए. शारदा देवी को टिकट देकर पार्टी ने एक मजबूत संदेश देने की कोशिश की है।

Rajya Sabha Elections 2026: 27 सीटों पर नामांकन शुरू, कहां फंसेगा पेंच और किन राज्यों में होगी दिलचस्प लड़ाई?
Rajya Sabha Elections 2026: 27 सीटों पर नामांकन शुरू, कहां फंसेगा पेंच और किन राज्यों में होगी दिलचस्प लड़ाई?

ओडिशा उप-चुनाव में दलबदलू नेता को मिला बड़ा इनाम

इस पूरी लिस्ट में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला नाम ओडिशा से सामने आया है। बीजेपी ने ओडिशा राज्यसभा उप-चुनाव के लिए देबाशीष सामंतराय को अपना उम्मीदवार बनाया है।

सामंतराय ने हाल ही में 25 मई को बीजू जनता दल (BJD) से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थामा था। बीजेपी ने उन्हें तुरंत राज्यसभा का टिकट देकर न सिर्फ पुरस्कृत किया है, बल्कि ओडिशा में अपने पैर और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

पूर्वोत्तर पर भी फोकस

भाजपा ने अरुणाचल प्रदेश से ताई तागाक और मणिपुर से ए. शारदा देवी को उम्मीदवार बनाया है। शारदा देवी का नाम खास इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि वह भाजपा की महिला नेतृत्व वाली प्रमुख चेहरों में शामिल हैं। इन नामों के जरिए पार्टी ने पूर्वोत्तर राज्यों में अपनी राजनीतिक पकड़ और मजबूत करने का संकेत दिया है।

कब होगा मतदान और क्या है संसद का मौजूदा गणित? (Rajya Sabha Election 2026 Dates)

चुनाव का पूरा शेड्यूल: राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 8 जून है। इसके बाद 9 जून को पर्चों की जांच होगी और 11 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। सभी सीटों पर 18 जून को सुबह से मतदान होगा और उसी दिन नतीजे भी आ जाएंगे। 10 राज्यों की 24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होने हैं, जबकि तमिलनाडु और महाराष्ट्र की एक-एक सीट पर उप-चुनाव होगा।

संख्या बल में कौन कितना मजबूत: वर्तमान में 245 सदस्यों वाली राज्यसभा में अकेले बीजेपी के 113 सदस्य हैं, जबकि एनडीए (NDA) का कुल आंकड़ा 148 तक पहुंच चुका है। जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां बीजेपी के पास बहुमत का अच्छा आंकड़ा है, जिससे इन सभी उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। जून के महीने में मल्लिकार्जुन खड़गे और दिग्विजय सिंह जैसे कई दिग्गज नेता रिटायर हो रहे हैं, ऐसे में बीजेपी उच्च सदन में अपनी ताकत और बढ़ाना चाहती है।

BJP ने क्या संदेश देने की कोशिश की?

भाजपा की इस सूची को देखें तो साफ नजर आता है कि पार्टी ने संगठन के पुराने और भरोसेमंद नेताओं को प्राथमिकता दी है। साथ ही महिला नेतृत्व और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को भी महत्व दिया गया है।

तरुण चुग, अलका गुर्जर, सतीश पूनिया और ए. शारदा देवी जैसे नाम यह संकेत देते हैं कि भाजपा केवल चुनावी समीकरण नहीं, बल्कि संगठनात्मक निष्ठा को भी पुरस्कृत करने की रणनीति पर काम कर रही है। अब 18 जून को होने वाले चुनाव के बाद यह साफ होगा कि राज्यसभा में भाजपा और एनडीए की ताकत कितनी और बढ़ती है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+