घरेलू पर्यटन पर फिर लगा कोरोना का ताला, 15 मई तक बंद किए गए ताजमहल समेत दूसरे स्मारक
नई दिल्ली, अप्रैल 15। कोरोना वायरस हमामारी के बढ़ते प्रकोप की वजह से अब केंद्र सरकार ने अगले महीने की 15 तारीख (15 मई, 2021) तक देश के सभी केन्द्र संरक्षित स्मारकों, स्थलों और संग्रहालयों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया है। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने गुरुवार शाम इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि स्मारकों को बंद रखने की तारीख को बढ़ाया भी जा सकता है। स्मारकों को बंद का आदेश डायरेक्टर मान्यूमेंट्स एनके पाठक द्वारा जारी किया गया है।

गौरतलब है कि गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक पहली बार एक दिन में कोरोना वायरस के 2 लाख से भी अधिक मामले सामने आए। कोविड-19 की दूसरी लहर के भयानक रूप को देखते हुए केंद्र सरकार ने कई सख्त कदम उठाए हैं। अंतरराष्ट्रीय उड़ान व टूरिस्ट वीजा सर्विस पर रोक के चलते विदेशी पर्यटक के भारत में एंट्री पर रोक पहले से ही थी लेकिन अब घरेलू पर्यटकों के लिए भी ताजमहल समेत देशभर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) द्वारा संरक्षित सभी स्मारकों को आगामी 15 मई तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
बता दें कि पिछले साल भी कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच संस्कृति मंत्रालय ने पिछले वर्ष 17 मार्च को देशभर में सभी स्मारक बंद कर दिया था। हालांकि मामलों में गिरावट के बाद फिर से छह जुलाई को देश के अन्य शहरों में स्मारक पर्यटकों के लिए खोल दिए गए थे। वहीं कोरोना के चलते रिकॉर्ड 188 दिनों तक बंद रहने के बाद ताजमहल और आगरा किला 21 सितंबर, 2020 को खोला गया था। नए आदेश में फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा, एत्माद्दौला, मेहताब बाग, रामबाग व अन्य स्मारकों को भी बंद रखने की बात कही गई है।
यह भी पढ़ें: शादियों को लगी कोरोना की काली नजर, शुभ मुहूर्तों की परवाह छोड़ कर्फ्यू से पहले फेरे लेने की तैयारी












Click it and Unblock the Notifications