Delhi: CM रेखा गुप्ता मेट्रो से पहुंचीं सचिवालय, दिल्लीवालों से बोलीं-‘कार छोड़िए, पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाइए’
Metro Monday CM Rekha Gupta: दिल्ली की ट्रैफिक और प्रदूषण समस्या से निपटने के लिए सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'मेट्रो मंडे' अभियान की शुरुआत करते हुए खुद मेट्रो से सफर किया और दिल्ली सचिवालय स्थित अपने कार्यालय पहुंचीं। मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा और इंद्राज सिंह भी मेट्रो में नजर आए।
मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने के बाद तीनों नेता इलेक्ट्रिक बस के जरिए सचिवालय पहुंचे। सरकार इस पहल को सिर्फ प्रतीकात्मक अभियान नहीं, बल्कि दिल्ली में ट्रांसपोर्ट कल्चर बदलने की कोशिश के तौर पर देख रही है।

'मेट्रो मंडे' से क्या बदलना चाहती है सरकार? (Metro Monday Campaign Explained)
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि अगर लोग निजी गाड़ियों की जगह सार्वजनिक परिवहन को ज्यादा अपनाएंगे, तो राजधानी को कई बड़े फायदे मिल सकते हैं। उनके मुताबिक इससे ट्रैफिक जाम कम होगा, ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण घटाने में भी मदद मिलेगी।
सीएम ने दिल्लीवासियों से अपील करते हुए कहा कि मेट्रो, बस और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने इसे "मेरा भारत, मेरा योगदान" अभियान से जोड़ते हुए बताया कि यह सिर्फ यात्रा का तरीका बदलने की पहल नहीं, बल्कि शहर के भविष्य को बेहतर बनाने की कोशिश है।
मंत्री और अधिकारी भी पहुंचे मेट्रो से
सरकार के इस अभियान का असर पहले ही दिन देखने को मिला। कई मंत्री, अधिकारी और सरकारी कर्मचारी सोमवार को मेट्रो के जरिए अपने दफ्तर पहुंचे। सरकार चाहती है कि आने वाले समय में यह सिर्फ एक दिन का अभियान न रहे, बल्कि धीरे-धीरे पूरे सप्ताह के लिए लोगों की आदत का हिस्सा बन जाए।
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने भी तैयारी तेज कर दी है। 17 मई को डीएमआरसी ने अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स की संख्या 6 से बढ़ाकर 24 कर दी थी। इसके अलावा मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है, ताकि ऑफिस टाइम में यात्रियों को परेशानी न हो।
सरकार का फोकस किन चीजों पर?
सरकार इस अभियान के जरिए कई बड़े लक्ष्यों पर काम करना चाहती है:
- निजी वाहनों की संख्या कम करना
- पेट्रोल-डीजल की खपत घटाना
- दिल्ली में वायु प्रदूषण कम करना
- पब्लिक ट्रांसपोर्ट को ज्यादा लोकप्रिय बनाना
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों को मेट्रो से सफर करते देखना उत्साह बढ़ाने वाला है। उनके मुताबिक अगर यह पहल सफल होती है, तो दिल्ली की सड़कों और पर्यावरण दोनों पर इसका बड़ा असर दिख सकता है।












Click it and Unblock the Notifications