Career Shift: इस महिला ने 40 की उम्र में छोड़ी करोड़ों की IT जॉब, किया करियर शिफ्ट, अब अमेरिका में बनीं डॉक्टर
Career Shift: 40 की उम्र में जब लोग लाइफ और करियर में स्टेबिलिटी ढूंढते हैं, तब जान्हवी ने टेक इंडस्ट्री का अपना 20 साल पुराना, जमा-जमाया करियर पूरी तरह छोड़ दिया। कोई छोटी-मोटी बात नहीं थी। अच्छा-खासा पैकेज, सीनियर पोजीशन और सिक्योर लाइफ। यह सब पीछे छूट गया क्योंकि उन्होंने तय कर लिया था कि अब डॉक्टर बनना है। आज वह अमेरिका में मेडिकल प्रैक्टिस कर रही हैं और सोशल मीडिया पर उनकी यह अजीबोगरीब कहानी खूब वायरल है।
टेक से स्टार्टअप तक का 18 साल का सफर
जान्हवी का जन्म महाराष्ट्र के औरंगाबाद में हुआ था, लेकिन पढ़ाई के लिए वह सीधे कैलिफोर्निया चली गईं। यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, सैन डिएगो से इलेक्ट्रॉनिक्स में ग्रेजुएशन किया, फिर सांता बारबरा से मास्टर्स। इसके बाद वहीं बड़ी कंपनियों में काम करना शुरू कर दिया।

2002 में वह अपने इंजीनियर पति के साथ भारत लौट आईं। बेंगलुरु को नया ठिकाना बनाया और आईटी सेक्टर में काम जारी रखा। बात सिर्फ नौकरी तक नहीं रुकी। जान्हवी ने डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में अपना खुद का एक स्टार्टअप भी खड़ा किया। करीब 18 साल उन्होंने टेक और बिजनेस की इसी दुनिया में बिताए।
एक बीमारी ने बदल दिया सोचने का तरीका
2003 में उनकी लाइफ में एक बड़ा झटका लगा। जान्हवी को रुमेटॉइड आर्थराइटिस (Rheumatoid Arthritis) नाम की ऑटोइम्यून बीमारी का पता चला। यह बीमारी जोड़ों में बेहिसाब दर्द और सूजन पैदा करती है। इलाज के लिए लंबे समय तक डॉक्टरों और अस्पतालों के चक्कर काटने पड़े।
यहीं से उनके दिमाग में कुछ बदला। उन्होंने देखा कि कैसे डॉक्टर्स मरीजों की जिंदगी को संभालने के लिए दिन-रात एक करते हैं। इस पूरे एक्सपीरियंस का उनके दिल-दिमाग पर इतना गहरा असर हुआ कि उन्होंने खुद हेल्थकेयर सिस्टम का हिस्सा बनने की जिद पकड़ ली।
क्लास में आधी उम्र के बच्चों और शर्म से मुकाबला
जिद सिर्फ सोचने तक नहीं रही। 2013 में जान्हवी ने बेंगलुरु के एमएस रमैया मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस (MBBS) में एडमिशन ले लिया। उस समय उनकी उम्र 40 साल हो चुकी थी। सोचिए, दो दशक के गैप के बाद वापस मेडिकल की भारी-भरकम किताबों के बीच बैठना।
क्लास का माहौल भी अलग था; उनके साथ पढ़ने वाले बाकी छात्र उम्र में उनसे लगभग आधे थे। एनाटॉमी और फिजियोलॉजी जैसे कठिन सब्जेक्ट्स, रात-रात भर जागकर की जाने वाली पढ़ाई, प्रैक्टिकल्स और परीक्षाओं का वह मशहूर मेडिकल प्रेशर- जान्हवी ने इस उम्र में यह सब झेला और अपनी डिग्री पूरी की।
अमेरिका से आई ताजा अपडेट
यह कहानी तब सामने आई जब X पर विकास नाम के एक यूजर ने इसे शेयर किया। अभी की बात करें तो जान्हवी अमेरिका में बतौर प्राइमरी केयर फिजिशियन अपनी सेवाएं दे रही हैं और साथ ही वहां अपनी एमडी (MD) की पढ़ाई भी आगे बढ़ा रही हैं। सोशल मीडिया पर इस समय उनको लेकर काफी चर्चा है। लोग उनके इस कदम को देखकर हैरान भी हैं और तारीफ भी कर रहे हैं।
आपकी जाह्नवी के कदम के बारे में क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।














Click it and Unblock the Notifications