हर गली में अस्पताल जैसी सुविधा,जेब पर नहीं पड़ता बोझ: दिल्ली के ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ बदल रहे इलाज की तस्वीर

Ayushman Arogya Mandir Delhi: दिल्ली में जब लोग अपने-अपने काम पर निकलते हैं, तो किसी मोहल्ले के कोने पर बना 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' भी धीरे-धीरे जाग जाता है। अंदर डॉक्टर पहुंचते हैं, नर्सें मरीजों की पर्चियां तैयार करती हैं और दवाइयों की अलमारियां खुलती हैं। यह कोई बड़ा अस्पताल नहीं, लेकिन यहां इलाज किसी बड़े अस्पताल से कम भी नहीं। फर्क बस इतना है कि यहां इलाज मुफ्त है और दूरी कुछ कदमों की।

दिल्ली सरकार की 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' योजना ने दिल्ली के लोगों की जिंदगी में बड़ा बदलाव ला रहा है। छोटी-मोटी बीमारी हो, बच्चों का टीका लगवाना हो या बुजुर्गों की नियमित जांच, अब लोगों को बड़े अस्पतालों की लंबी लाइनों में खड़े होने की मजबूरी नहीं रही। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद कह चुकी हैं कि ये केंद्र हर नागरिक के लिए उनके अपने 'प्राइमरी अस्पताल' जैसे हैं, जहां भरोसे के साथ इलाज मिलता है और जेब पर बोझ भी नहीं पड़ता।

Ayushman Arogya Mandir Delhi

'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' में क्या-क्या मिलता है मुफ्त

इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लोग सिर्फ डॉक्टर की सलाह ही नहीं लेते, बल्कि पूरी हेल्थ केयर एक ही छत के नीचे मिलती है। यहां नियमित स्वास्थ्य जांच, जरूरी दवाइयां, टीकाकरण, मातृ और शिशु देखभाल, सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग, डायबिटीज और हाई बीपी के टेस्ट, सब कुछ बिना किसी शुल्क के उपलब्ध है।

यहां तक कि जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ डॉक्टरों से ऑनलाइन टेली-परामर्श की सुविधा भी दी जा रही है, ताकि मरीज को सही राय समय पर मिल सके।

दिल्लीवासी क्या कहते हैं?

मोहल्लों में रहने वाले लोग 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' योजना को किसी वरदान से कम नहीं मानते। एक बुजुर्ग महिला कहती हैं, "पहले छोटी बीमारी के लिए भी प्राइवेट क्लिनिक जाना पड़ता था, पैसे भी खर्च होते थे और समय भी। अब यहीं पास में डॉक्टर मिल जाते हैं और दवाइयां भी फ्री।"

कई लोगों का कहना है कि यहां की सफाई, डॉक्टरों की समय पर मौजूदगी और स्टाफ का व्यवहार उन्हें बड़े अस्पतालों जैसा भरोसा देता है। गरीब परिवारों के लिए तो यह योजना किसी राहत की सांस जैसी बन गई है, क्योंकि इलाज का खर्च अब उनकी जेब नहीं काटता।

दिल्ली वासियों का कहना है कि 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' से उनकी बहुत सारी परेशानियां दूर हो गई हैं। उन्हें अब सिर्फ मुफ्त में डॉक्टर की सलाह ही नहीं बल्कि सस्ती और अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं भी मिल रही हैं।

दिल्ली में कितने हैं 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' सेंटर

फिलहाल दिल्ली में करीब 250 आयुष्मान आरोग्य मंदिर काम कर रहे हैं। ये राजधानी के अलग-अलग इलाकों में फैले हुए हैं, ताकि हर परिवार तक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से पहुंच सकें।

सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में इनकी संख्या 1000 से ज्यादा की जाए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि यह पहल दिल्ली को एक मजबूत हेल्थ मॉडल की ओर ले जा रही है, जहां हर नागरिक को समय पर और सही इलाज मिले।

क्यों खास हैं आयुष्मान आरोग्य मंदिर

इन केंद्रों को इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड्स के मुताबिक तैयार किया गया है। यानी यहां प्रशिक्षित डॉक्टर, पर्याप्त दवाइयां और जरूरी जांच की सुविधाएं हमेशा मौजूद रहेंगी। सरकार सिर्फ बीमारी का इलाज नहीं, बल्कि लोगों में स्वस्थ रहने की आदत और भरोसा भी पैदा करना चाहती है।

यहां गर्भवती महिलाओं की देखभाल से लेकर डिलीवरी के बाद तक की सेवाएं मिलती हैं। बच्चों के लिए कई तरह के टीकाकरण, कैंसर की स्क्रीनिंग, ब्लड टेस्ट, शुगर और बीपी की जांच, सब कुछ एक ही जगह हो जाता है। हफ्ते में दो दिन योग की कक्षाएं भी होती हैं, ताकि लोग सिर्फ बीमारी से ही नहीं, बल्कि तनाव से भी लड़ सकें।

एक नई पहचान की ओर दिल्ली

आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि दिल्ली की बदलती सोच की तस्वीर हैं। यहां इलाज सिर्फ बीमारी का नहीं, बल्कि लोगों के डर और चिंता का भी होता है।

जहां कभी अस्पताल जाना मतलब लंबी कतारें और भारी खर्च होता था, वहीं आज मोहल्ले का यह छोटा सा केंद्र दिल्लीवालों को भरोसा देता है कि सेहत अब उनकी पहुंच में है और जेब पर बोझ भी नहीं।

दिल्ली के हर कोने में बन रहे ये आयुष्मान आरोग्य मंदिर सच में राजधानी को एक नई पहचान दे रहे हैं, जहां अच्छी सेहत अब किसी की मजबूरी नहीं, बल्कि हक बन चुकी है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+