Bihar Election 2025: महिलाओं के लिए योजनाओं की भरमार, महागठबंधन-NDA ने किए कौन-कौन से ऐलान?
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है। इस बार की जंग सिर्फ नेताओं की साख की नहीं, बल्कि महिलाओं के भरोसे की भी है। आंकड़े बताते हैं कि बिहार में करीब 3.5 करोड़ महिला मतदाता हैं, जो वोट बैंक का लगभग आधा हिस्सा हैं। ऐसे में हर दल की कोशिश है कि इस बार महिला वोटरों का दिल जीता जाए।
महागठबंधन ने अपने 'तेजस्वी प्रण' में महिलाओं के लिए बड़ी आर्थिक योजनाएं पेश की हैं। वहीं एनडीए ने 'मिशन करोड़पति' और 'लखपति दीदी' जैसी योजनाओं से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का वादा किया है। अब सवाल यही है-किसका वादा महिलाओं को ज्यादा भरोसेमंद लगेगा?

महागठबंधन का 'तेजस्वी प्रण'
तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन ने 'बिहार का तेजस्वी प्रण' नाम से घोषणापत्र जारी किया है। इसमें महिलाओं को सशक्त और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई बड़े ऐलान किए गए हैं।
ये भी पढ़ें: NDA लागू करेगी कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि, बिहार के किन किसानों को मिलेंगे 9 हजार रुपये?
हर महिला को ₹2,500 महीना - 'माई-बहिन मान योजना'
महागठबंधन ने वादा किया है कि बिहार की हर महिला को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। तेजस्वी यादव का कहना है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक आजादी देगी और उन्हें "परिवार की वित्त मंत्री" बनाएगी।
जीविका दीदियों को सरकारी दर्जा और ₹30,000 वेतन
तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य की कम्युनिटी मोबिलाइजर जीविका दीदियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा मिलेगा। उन्हें ₹30,000 मासिक वेतन और सामाजिक सुरक्षा दी जाएगी। अभी तक ये महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और बहुत कम कमाई करती हैं।
महिला सुरक्षा और रोजगार पर जोर
महागठबंधन ने कहा है कि हर जिले में महिला हेल्पडेस्क को मजबूत किया जाएगा। साथ ही "महिला रोजगार मिशन" चलाकर उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ा जाएगा।
एनडीए का 'संकल्प पत्र 2025'
वहीं एनडीए ने अपने संकल्प पत्र में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोनों ने कहा कि बिहार के विकास की रफ्तार में महिलाओं की भूमिका सबसे अहम है।
'लखपति दीदी' और 'मिशन करोड़पति' योजना
एनडीए ने कहा है कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को ₹2 लाख तक की सहायता दी जाएगी। इसका लक्ष्य एक करोड़ महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाना है। इसके साथ ही 'मिशन करोड़पति' योजना के जरिए चुनिंदा महिला उद्यमियों को करोड़पति बनाने की दिशा में कदम उठाने की बात कही गई है।
महिला स्वरोजगार योजना से आर्थिक ताकत
एनडीए ने यह भी वादा किया है कि महिलाओं को छोटा व्यवसाय या उद्योग शुरू करने के लिए ₹2 लाख तक की मदद दी जाएगी। साथ ही बैंक लोन, ट्रेनिंग और डिजिटल मार्केटिंग की सुविधा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
कौन सा वादा दमदार?
एक तरफ तेजस्वी यादव हर महिला को तय रकम देकर आर्थिक सुरक्षा का भरोसा दे रहे हैं, तो दूसरी ओर एनडीए उद्यमिता के ज़रिए महिलाओं को मजबूत करने की बात कर रहा है। अब देखना होगा कि बिहार की महिला मतदाता किस पर भरोसा जताती हैं - 'माई-बहिन मान' या 'मिशन करोड़पति'।
ये भी पढ़ें: PM Kisan Yojana: रोके गए 1 लाख किसानों के पैसे, आपकी भी पीएम किसान की 21वीं किस्त तो नहीं हो रही होल्ड?












Click it and Unblock the Notifications