भोपाल में हार्डकोर जिहादी मॉड्यूल का खुलासा, 4 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
भोपाल, 13 मार्च: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से खुफिया इनपुट के आधार पर रविवार को केंद्रीय एजेंसियों और राज्य के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) के जॉइंट ऑपरेशन में 4 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है। टीम ने हार्डकोर जिहादी मॉड्यूल का खुलासा करते हुए चार बांग्लादेशी आतंकियों को पकड़ा है, जिनके तार प्रतिबंधित संगठन जमात ए मुजाहिद्दीन बांग्लोदश (जेएमबी) से जुड़े हैं।

टीम ने इस पूरे ऑपरेशन को सीक्रेट रखते हुए बड़ी सतर्कता से अंजाम दिया, जिसके बाद संदिग्धों से एक अज्ञात स्थान पर पूछताछ की जा रही है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार चारों संदिग्ध जेहादी गतिविधियों में लिप्त थे और देश विरोधी घटनाओं को अंजाम देने के लिए स्लीपर सेल की तैयारी में लगे थे।
एटीएस और खुफिया एजेंसी की यूनिट ने भोपाल के ऐशबाग थाने से 200 मीटर की दूरी पर स्थित फातिमा मस्जिद के पास अहमद अली कॉलोनी में छापेमारी की। 4 में से दो को शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात को गिरफ्तार किया गया था, जबकि दो अन्य को पहले दो पकड़े गए लोगों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर गिरफ्तार किया गया था।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से कई आपत्तिजनक सामग्री, लैपटॉप और विस्फोटक बरामद किया है। जांचकर्ताओं ने उनके पास से जिहादी किताबें और भड़काऊ सामग्री जब्त की है। इनके पास से मोबाइल फोन और लैपटाप भी बरामद किया गया है। सूत्रों ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी उनसे अज्ञात स्थान पर पूछताछ कर रहे हैं।
पकड़े गए आरोपी में फजहर अली उर्फ मेहमूद (32), मोहम्मद अकील उर्फ अहमद ( 24), जहूरउद्दीन उर्फ इब्राहिम उर्फ मिलोन पठान उर्फ जौहर अली (28 ) फजहर जैनुल आबदीन उर्फ अकरम अल अहसन उर्फ हुसैन शामिल है। इस ऑपरेशन को एटीएस ने और केंद्र की खुफिया इकाई की एक टीम की मदद से अंजाम दिया। इनपुट्स के आधार पर पुलिस ने भोपाल में अलग-अलग जगहों से अंतरराज्यीय हार्डकोर जिहादी मॉड्यूल को गिरफ्तार किया है।












Click it and Unblock the Notifications