नजमुल शांतो ने चकनाचूर किया पाकिस्तान का घमंड! PAK के खिलाफ जड़ा शतक, पहली बार किया ये करिश्मा
BAN vs PAK, Najmul Hossain Shanto Century: बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने इतिहास रच दिया है। शांतो ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की क्लास लेते हुए शानदार शतक जड़ा। इसी के साथ वे टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाने वाले बांग्लादेश के पहले कप्तान बन गए हैं।
टेस्ट करियर का जड़ा 9वां शतक (BAN vs PAK, Najmul Hossain Shanto Century)
नजमुल शांतो चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और शुरुआत से ही सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने अपनी 101 रनों की पारी के लिए केवल 130 गेंदों का सामना किया, जिसमें 12 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। शांतो की इस पारी ने बांग्लादेश को पहली पारी में बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। यह उनके टेस्ट करियर का कुल 9वां शतक है।

मुशफिकुर रहीम का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ बतौर कप्तान सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड दिग्गज खिलाड़ी मुशफिकुर रहीम के नाम था। रहीम ने साल 2011 में मीरपुर टेस्ट के दौरान 53 रनों की पारी खेली थी। शांतो ने न केवल इस आंकड़े को पार किया, बल्कि कप्तानी पारी को शतक में तब्दील कर एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। पिछले 15 सालों में शाकिब अल हसन और मोमिनुल हक जैसे कई कप्तानों ने कोशिश की, लेकिन कोई भी पाकिस्तान के खिलाफ मैजिक फिगर (100) तक नहीं पहुंच पाया था।
पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाने वाले 8वें बांग्लादेशी
शांतो अब उन चुनिंदा बांग्लादेशी बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट शतक लगाया है। साल 2003 में पाकिस्तान के खिलाफ हबीबुल बशर पहला टेस्ट शतक लगाने वाले बांग्लादेशी बने थे। लिटन दास एकमात्र खिलाड़ी हैं जिनके नाम पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट शतक हैं। इनके अलावा शाकिब अल हसन, तमीम इकबाल, इमरुल कायेस, जावेद उमर और मुशफिकुर रहीम भी यह कारनामा कर चुके हैं।















Click it and Unblock the Notifications