DC vs KKR: प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए दिल्ली-केकेआर में भिड़ंत! अक्षर की कप्तानी में DC पलटेगी बाजी?
DC Vs KKR Preview: आईपीएल 2026 (IPL 2026) का 51वां मुकाबला शुक्रवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाने वाला है। यह मैच दिल्ली कैपिटल्स (DC) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) दोनों के लिए नॉकआउट जैसा है। अंक तालिका में सातवें और आठवें स्थान पर काबिज इन दोनों टीमों के लिए अब हर हार का मतलब टूर्नामेंट से विदाई है।
दोनों ही टीमों के लिए जीत जरूरी (DC Vs KKR Preview)
अंक तालिका में 10 मैचों में 8 अंकों के साथ दिल्ली सातवें स्थान पर है। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए अक्षर पटेल की कप्तानी वाली इस टीम को अपने बचे हुए सभी चारों मैच जीतने होंगे। ताकि वे 16 अंकों तक पहुंच सकें। दूसरी ओर केकेआर के पास 9 मैचों में 7 अंक हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए अपने शेष पांचों मुकाबले जीतने होंगे, जिससे वे 17 अंकों के सुरक्षित आंकड़े तक पहुंच पाएंगे।

मिस्ट्री स्पिनर्स के खिलाफ बनाने होंगे रन
दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजों को इस सीजन में स्पिन के खिलाफ काफी संघर्ष करना पड़ा है। केकेआर के मिस्ट्री स्पिनर्स सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती की काट ढूंढने के लिए दिल्ली की टीम पिच नंबर-6 पर मैच खेल सकती है। यह वही सपाट पिच है जिस पर दिल्ली ने इस सीजन में 264 रनों का विशाल स्कोर बनाया था। दिल्ली का मानना है कि धीमी पिच पर नरेन (6.80 इकोनॉमी) और वरुण (8.88 इकोनॉमी) उनके बल्लेबाजों के लिए मुसीबत बन सकते हैं, इसलिए वे एक हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद कर रहे हैं।
दिल्ली को दिखाना होगा दम
दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य स्पिनर कुलदीप यादव अपने सबसे खराब सीजन से गुजर रहे हैं। उन्होंने 10 मैचों में केवल 7 विकेट लिए हैं। मिचेल स्टार्क और लुंगी एनगिडी पर तेज गेंदबाजी का जिम्मा होगा, लेकिन भारतीय तेज गेंदबाजों मुकेश कुमार और टी नटराजन की 11 से ऊपर की इकोनॉमी चिंता का विषय है। बल्लेबाजी में केवल केएल राहुल (445 रन, 180+ स्ट्राइक रेट) से रन बना सके हैं।
केकेआर की दमदार वापसी
केकेआर ने अपने शुरुआती 6 में से 5 मैच गंवाए थे, लेकिन पिछले 3 मैचों में लगातार जीत दर्ज कर शानदार वापसी की है। टीम की कमजोरी उनका टॉप ऑर्डर है, जहां कप्तान अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी बड़ी शुरुआत देने में नाकाम रहे हैं। मध्यक्रम में रिंकू सिंह (245 रन) ही एकमात्र भरोसेमंद नाम साबित हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications