घोड़ों के ग्लैंडर्स रोग को लेकर पंजाब सरकार गंभीर, आवाजाही व पशु मेले पर लगा सकती है रोक

चंडीगढ़ : पंजाब में घोड़ों की जानलेवा बीमारी ग्लैंडर्स का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब इस बीमारी ने अमृतसर में दस्तक दे दी है। अजनाला तहसील के गांव तरीन को बीमारी का एपीसैंटर यानी केंद्र घोषित किया गया है, जबकि करीब 5 किलोमीटर दायरे को संक्रमित क्षेत्र मानते हुए नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है। ग्लैंडर्स का पंजाब में यह चौथा मामला है। वैसे तो 2023 में पहली बार इस बीमारी ने होशियारपुर के बी.एस.एफ. कैम्प में दस्तक दी थी लेकिन मई महीने में लगातार 2 मामलों की पुष्टि ने पंजाब पशुपालन विभाग की चिंताएं बढ़ा दी। विभाग ने गलैंडर्स के कंट्रोल को लेकर भारत सरकार की तरफ से जारी एक्शन प्लान को अमल में लाते हुए नोटिफिकेशन जारी की व घोड़ापालकों के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया।
2023 के दौरान पंजाब में ग्लैंडर्स बीमारी का चौथा मामला सामने आया है। फरवरी में होशियारपुर में पहले मामले ने दस्तक देने के बाद 12 मई को बठिंडा के लहरा मोहब्बत में ग्लैंडर्स वायरस ने दस्तक दी थी। इसके 16 दिन बाद 29 मई को लुधियाना के भामियां कलां में वायरस ने दस्तक दी है। इसी कड़ी में अब 19 जून को अजनाला तहसील के गांव तरीन में वायरस की पुष्टि हुई है।
अधिकारियों की मानें तो उम्मीद थी कि अब ग्लैंडर्स का नया मामला पंजाब में सामने नहीं आएगा लेकिन जून में भी ग्लैंडर्स ने पीछा नहीं छोड़ा है। इसीलिए अब पंजाब सरकार घोड़ों की आवाजाही व पशुओं के मेले व प्रदर्शनी पर अंकुश लगाने का विचार कर रही है। हालांकि नेशनल एक्शन प्लान के तहत बीमारी के केंद्र से 25 किलोमीटर दायरे में सभी घोड़ों की स्क्रीनिंग होती है लेकिन घोड़ा पालकों द्वारा पशुओं को राज्य में इधर-उधर प्रदर्शित करने के कारण संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसीलिए अब विचार किया जा रहा है कि कुछ समय के लिए घोड़ों की मूवमैंट पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए ताकि इस बीमारी के विकराल होने की संभावनाओं पर अंकुश लग सके।
ग्लैंडर्स के बढ़ते दायरे को देखते हुए पंजाब पशुपालन विभाग पड़ोसी राज्यों के साथ लगती सीमाओं पर चैकपोस्ट व क्वारंटीन कैम्प पर भी विचार कर रही है। अधिकारियों की मानें तो अगर स्थितियां गंभीर होती हैं तो राज्य में आने-जाने वाले पशुओं की मॉनीटरिंग को अनिवार्य करना होगा ताकि इस बीमारी के विस्तार पर अंकुश लगाया जा सके। पंजाब में सभी स्तरों पर जांच-पड़ताल की जा रही है। हालात को भांपते हुए वेटरिनरी ऑफिसर्स को स्टेट बॉर्डर पर तैनात किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications