'कपड़े हो गए छोटे' वाली अनीता बिश्नोई ने ट्रोलिंग नहीं मालाराम की वजह से उठाया ऐसा कदम? पति ने बताई पूरी कहानी

"अब आपकी बहन वापस नहीं आएगी..." सोशल मीडिया पर लिखी गई यह एक लाइन पढ़कर हजारों लोग हैरान रह गए थे। कुछ ही देर बाद खबर आई कि मारवाड़ की चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनीता बिश्नोई (Anita Bishnoi) ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। अस्पताल पहुंचने के बाद उनकी जान तो बच गई, लेकिन इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए।

आखिर ऐसा क्या हुआ कि सोशल मीडिया पर लाखों लोगों के बीच पहचान बनाने वाली अनीता इस कदर टूट गईं? क्या यह सिर्फ ट्रोलिंग का मामला था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश भी थी? अब अनीता के पति दीनाराम बिश्नोई ने चुप्पी तोड़ते हुए कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि लगातार बदनामी, धमकियों और मानसिक दबाव ने उनकी पत्नी को उस मोड़ पर पहुंचा दिया, जहां उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

Anita Bishnoi

पति ने बताया क्यों टूट गई थीं अनीता

अनीता बिश्नोई के पति दीनाराम का कहना है कि उनकी पत्नी पिछले कुछ समय से लगातार मानसिक तनाव में थीं। उनके मुताबिक कुछ लोग उन्हें बार-बार परेशान कर रहे थे और उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अनीता को ब्लैकमेल किया जा रहा था और उन्हें बदनाम करने की धमकियां भी मिल रही थीं। दीनाराम का दावा है कि इसी दबाव की वजह से अनीता काफी परेशान रहने लगी थीं। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर लगातार चल रहे विवाद और आरोपों ने उनकी पत्नी को अंदर से तोड़ दिया था।

ये भी पढ़ें: Khan Sir ने कराई थी गोलीबारी? ज्ञान बिंदु के नए वीडियो से मचा हडकंप! खुल गई खान सर के दावों की पोल

मालाराम समेत कई लोगों पर लगाए आरोप

पत्रिका की एक रिपोर्ट के अनुसार, दीनाराम ने आरोप लगाया कि कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कुछ अन्य लोग मिलकर अनीता के खिलाफ माहौल बना रहे थे। उन्होंने खास तौर पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मालाराम का नाम लिया। साथ ही दावा किया कि परिवार के कुछ सदस्य और कुछ महिलाएं भी इस पूरे विवाद का हिस्सा थीं। उनके मुताबिक इन लोगों की ओर से ऐसे आरोप और बातें कही जा रही थीं, जिनसे अनीता की सामाजिक छवि को नुकसान पहुंच सकता था। यही वजह थी कि वह लगातार तनाव में थीं।

सोशल मीडिया पर लिखी थी दर्द भरी बात

घटना से पहले अनीता ने सोशल मीडिया पर दो पोस्ट शेयर की थी। पहली पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और वह कोई गलत कदम उठा सकती हैं। उन्होंने अपने फॉलोअर्स और समर्थकों से सलाह भी मांगी थी। इसके कुछ समय बाद उन्होंने दूसरी पोस्ट शेयर की, जिसमें लिखा था, "अब आपकी बहन वापस नहीं आएगी।" इस पोस्ट ने उनके चाहने वालों की चिंता बढ़ा दी थी।

लाइव आकर सुनाई अपनी परेशानी

पोस्ट के बाद अनीता इंस्टाग्राम पर लाइव भी आई थीं। लाइव वीडियो में वह भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि उन्होंने सिर्फ छोटे कपड़ों को लेकर एक वीडियो बनाया था, लेकिन उसके बाद कुछ लोग उन्हें बदनाम करने में जुट गए। रोते हुए अनीता ने कहा कि कोई भी महिला तब ऐसा कदम उठाने के बारे में सोचती है जब उसकी इज्जत पर सवाल उठाए जाएं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकियां दी गई थीं।

जमीन विवाद का भी किया जिक्र

अपने वीडियो में अनीता ने कहा कि उन्हें बदनाम करने वाले 6 पुरुष और 2 महिलाएं हैं। उनका दावा था कि इन लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने बताया कि इसी मामले में दो महिलाओं के साथ झगड़ा और मारपीट भी हुई थी। अनीता ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद उन्हें धमकियां दी गईं। उनके मुताबिक उन्हें कहा गया था कि उनकी इज्जत खराब कर दी जाएगी और उन्हें नुकसान पहुंचाया जाएगा। वीडियो में उन्होंने कहा कि अब पूरे मामले की सच्चाई पुलिस के सामने आएगी।

3 जून को क्या हुआ था?

दीनाराम बिश्नोई ने बताया कि 3 जून की सुबह वह अपने भाई के घर गए हुए थे। इसी दौरान बच्चों और एक परिचित का फोन आया। उन्हें बताया गया कि अनीता सोशल मीडिया पर लाइव आकर कुछ गलत करने की बात कह रही हैं। जानकारी मिलते ही वह तुरंत घर के लिए निकले। रास्ते में बेटे का भी फोन आया, जिसने मां की हालत के बारे में बताया। घर पहुंचने के बाद अनीता को तुरंत जोधपुर के मथुरादास माथुर (MDM) अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

अस्पताल में चल रहा इलाज

अनीता बिश्नोई को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुरुआत में उन्हें ICU में रखा गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। परिवार के अनुसार अब उनकी हालत में सुधार हो रहा है और वह पहले से बेहतर हैं।

एक पोस्ट से शुरू हुआ था विवाद

अनीता बिश्नोई के जिस वीडियो को लेकर विवाद बढ़ा, उसमें उन्होंने कहा था, "कपड़े हो गए छोटे तो शर्म कहां से आएगी, रोटी हो गई ब्रेड तो ताकत कहां से आएगी, इंसान हो गए पैसे के तो प्रेम कहां से आएगा।"

बताया जा रहा है कि इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई थी। इसके बाद अनीता लगातार विवादों और आलोचनाओं के घेरे में आ गईं। जैसलमेर की रहने वाली अनीता वर्तमान में अपने परिवार के साथ जोधपुर में रहती हैं और सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी खासी पहचान है।

ये भी पढ़ें: 'कपड़े हो गए छोटे', नसीहत देते ही हुईं ट्रोल, परेशान कंटेंट क्रिएटर ने उठाया बड़ा कदम, कौन हैं Anita Bishnoi

मदद बस एक कॉल दूर

पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा

iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821

सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+