Jharkhand: ‘जनरेशन-टू-जनरेशन संघर्ष की प्रेरणा मिली’, सीएम हेमंत बोले-ट्राइबल आईडेंटिटी की तलाश अभी जारी
रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वे आदिवासियों की आईडेंटिटी बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम गुरुवार को रांची में झारखंड आदिवासी महोत्सव 2023 के समापन समारोह के मौके पर आयोजित एक परिचर्चा को संबोधित कर रहे थे।
ट्राइबल आइडेंटिटी क्या है? इस सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्राइबल आईडेंटिटी की तलाश अभी भी जारी है। झारखंड राज्य की उत्पत्ति भी ट्राइबल आइडेंटिटी के साथ हुई है। लेकिन, आज भी यह अपनी वजूद की लड़ाई लड़ रहे हैं। एकीकृत बिहार और अलग झारखंड राज्य बनने के बाद कभी भी आदिवासी महोत्सव का आयोजन नहीं हुआ।

लेकिन, राज्य सरकार पिछले दो वर्षों से आदिवासी महोत्सव का आयोजन कर रही है। इसका मकसद आदिवासी पहचान को आगे बढ़ाना है। देश की सवा सौ की आबादी में 13 करोड़ आदिवासियों की पहचान मिटाने की साजिश चल रही है, लेकिन वे ऐसा नहीं होने देंगे। आदिवासियों की आदिकाल से अलग पहचान रही है और आगे भी बनी रहेगी।
अलग सरना कोड से आदिवासियों को क्या हासिल होगा? इस प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में जो आदिवासी समुदाय रहते हैं, उन्हें कुछ तो अलग पहचान मिलनी चाहिए। इतिहास में जो आदिवासियों की अलग जगह है, उसे क्यों समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है? इस पर गंभीर मंथन करने की जरूरत है। अगर आदिवासियों को अलग पहचान दिलाना है तो उनके लिए कुछ तो अलग व्यवस्था होनी चाहिए। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने सरना अलग धर्मकोड का प्रस्ताव विधानसभा से पारित कर केंद्र सरकार को भेजा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की धरती से भगवान बिरसा मुंडा और सिदो कान्हू जैसे वीर शहीद पैदा हुए हैं। जिन्होंने अंग्रेजों और महाजनों के शोषण तथा जुल्म के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपने को बलिदान कर दिया। उनके दादा और पिता ने भी इस कड़ी में लंबा संघर्ष किया। सीएम ने कहा- मैं यह कह सकता हूं कि शोषण और जुल्म के खिलाफ उनका संघर्ष मेरे लिए प्रेरणा का काम किया है और जनरेशन- टू- जनरेशन यह मुझे विरासत में मिली है।'












Click it and Unblock the Notifications