Gujarat Titans: फाइनल हारने के बाद होटल जा रही GT की बस में लगी आग, बाल-बाल बचे खिलाड़ी, कैसे हुआ हादसा?
Gujarat Titans: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 फाइनल में निराशाजनक हार के ठीक बाद, गुजरात टाइटंस की टीम एक बड़े हादसे से बाल-बाल बची। रविवार रात अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम से होटल लौटते समय उनकी टीम बस में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ सुरक्षित रहे और समय रहते उन्हें बस से बाहर निकाल लिया गया।
आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गुजरात टाइटंस की टीम बस फाइनल मुकाबले के बाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम से होटल की ओर लौट रही थी। इसी दौरान बस में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके कारण आग लग गई लेकिन ड्राइवर और सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता के चलते सभी खिलाड़ियों को तुरंत बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बताया जा रहा है कि इस घटना के कारण खिलाड़ी करीब एक घंटे तक सड़क पर फंसे रहे। बाद में उनके लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की गई, जिसके जरिए उन्हें होटल पहुंचाया गया। अधिकारियों द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
आईपीएल 2026 का फाइनल हारी गुजरात टाइटंस
यह हादसा ऐसे समय में हुआ जब गुजरात टाइटंस पहले ही आईपीएल 2026 फाइनल में मिली हार से निराश थी। फाइनल में गुजरात टाइटंस का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। बल्लेबाजों ने निराश किया और टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में असफल रही। मालूम हो कि संडे को खेले गए फाइनल मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया है। कल का दिन शुरू से ही आरसीबी के ही पक्ष में था।
गुजरात टाइटंस ने बनाए थे मात्र 155 रन
पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, बॉलर्स ने शानदार प्रदर्शन किया जिससे गुजरात टाइटंस की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर केवल 155 रन ही बना सकी। बेंगलुरु की टीम ने बड़ी ही आसानी से लक्ष्य को हासिल कर लिया और वो दूसरी बार चैंपियन बनी।
क्या थकान के कारण हारी गुजरात टाइटंस की टीम?
मैच के बाद कई क्रिकेट विशेषज्ञों ने सवाल उठाए कि क्या लगातार यात्रा और व्यस्त कार्यक्रम के कारण टीम थकान का शिकार हो गई थी। दरअसल, गुजरात टाइटंस का पिछले कुछ दिनों का शेड्यूल काफी व्यस्त रहा था। टीम को 27 मई को धर्मशाला से मुल्लांपुर की यात्रा करनी पड़ी थी, जहां उसने 29 मई को क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स का सामना किया। इसके बाद 30 मई को अहमदाबाद लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन खराब मौसम के कारण उनकी फ्लाइट में काफी देरी हुई। टीम शनिवार देर शाम ही अहमदाबाद पहुंच सकी थी।
आरसीबी की जीत का श्रेय कम नहीं करना चाहता-विक्रम सोलंकी
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी ने टीम की थकान को हार का बहाना मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि 'वह आरसीबी की जीत का श्रेय कम नहीं करना चाहते। सोलंकी ने कहा कि यह सही है कि टीम ने कम समय में कई मैच और यात्राएं कीं, लेकिन हार का कारण केवल थकान को नहीं ठहराया जा सकता।'














Click it and Unblock the Notifications