पंजाब: सरकार के पहले साल के प्रदर्शन का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश करेंगे सीएम भगवंत मान
सीएम मान ने लोगों से कहा कि उन्होंने ही उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बिठाया है इसलिए वह आज और हमेशा आम लोगों के बीच खड़े नजर आएंगे।

प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान नववर्ष के अवसर पर गुरु घर में माथा टेकने अपने पैतृक गांव सतौज पहुंचे, जहां कुछ समय के लिए रुके। इस बीच पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ मुख्यमंत्री मान का स्वागत किया व उन्हें नववर्ष की बधाई दी। इस मौके पर मान पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के प्यार से अभिभूत दिखे और उन्होंने लोगों को नववर्ष की बधाई दी। मान ने कहा कि अब तो यह बात चल रही है कि आज तक कोई भी मुख्यमंत्री आम लोगों के बीच जाकर इस तरह नहीं मिलता था। उन्होंने कहा कि पहले मुख्यमंत्री आम लोगों से दूर रहते थे, तभी लोगों ने उन्हें घर पर बिठा दिया है।
सीएम मान ने लोगों से कहा कि उन्होंने ही उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बिठाया है इसलिए वह आज और हमेशा आम लोगों के बीच खड़े नजर आएंगे। इसी बीच लोगों में मुख्यमंत्री के साथ तस्वीरें लेने की होड़ नजर आई और मान ने भी उन्हें नाराज नहीं किया। मुख्यमंत्री मान ने अपनी कार से बाहर निकल कर लोगों के मोबाइल फोन लिए और उनके साथ सेल्फी ली। गांव घराचों में मुख्यमंत्री मान ने कहा कि प्रदेश में उनकी सरकार को बने 10 महीने का समय हो चुका है और एक साल पूरा होने पर वह प्रदेश की जनता के सामने अपनी सरकार के कामकाज की रिपोर्ट पेश करेंगे। मान ने कहा कि आज युवा पीढ़ी विदेश जाने को विवश है, जिसे लेकर वह भी चिंतित हैं, लेकिन सरकार जल्द ही राज्य में ही युवाओं को रोजगार के अवसर और संसाधन मुहैया कराएगी।
यह भी पढ़ें- पंजाब: अकाली दल पर बरसे सीएम भगवंत मान, मेडिकल कॉलेज के निर्माण में देरी को लेकर साधा निशाना












Click it and Unblock the Notifications