Bada Mangal 2025: मंगलवार और कालाष्टमी का संयोग, भैरव दूर करेंगे सारे कष्ट
Bada Mangal 2025: आज ज्येष्ठ मास का मंगल है, और आज कालाष्टमी भी है। कालाष्टमी भगवान शिव के रौद्र रूप कालभैरव को प्रसन्न करने के लिए होती है। कालभैरव प्रसन्न हो जाएं तो फिर जीवन में कोई कष्ट, दुख, परेशानी, शत्रु नहीं रहते। इस बार कालाष्टमी के दिन अनेक संयोग बन रहे हैं।
कालाष्टमी आज है। इस दिन ऐंद्र योग के साथ मंगलवार भी है। मंगलवार की कालाष्टमी शत्रुओं का नाश करने वाली होती है। इस दिन कालभैरव की कृपा से मनुष्य कर्ज मुक्त हो जाता है और यदि वह भूमि, भवन, संपत्ति खरीदना चाहता है तो उसके काम में तेजी आने लगती है।

कालाष्टमी के दिन संयोग
कालाष्टमी के दिन 20 मई को मंगलवार है। मंगलवार देवी दुर्गा और हनुमानजी का दिन है। इसलिए इस दिन हनुमानजी की कृपा से नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है। इस दिन ऐंद्र योग आ रहा है जो मनुष्य को इंद्र के समान विजयी बनाता है। इसका अर्थ यह हुआ कि इस दिन शत्रुओं पर विजय पाई जा सकती है। इस दिन धनिष्ठा नक्षत्र भी है इसलिए प्रात: 7 बजकर 35 मिनट से पंचक भी प्रारंभ हो जाएगा।
घर में नहीं की जाती कालभैरव की पूजा
भगवान कालभैरव की पूजा घर में नहीं की जाती है। ये अत्यंत उग्र देव हैं इसलिए इनका फोटो या मूर्ति घर में नहीं रखी जाती है क्योंकि इनकी पूजा केवल तांत्रिक लोग ही कर सकते हैं। कालभैरव की पूजा मंदिर में जाकर करना चाहिए।
क्या करें
- कालाष्टमी के दिन शत्रुओं पर विजय पाने के लिए किसी कालभैरव के मंदिर जाएं और भगवान को मदिरा भेंट करके मीठी गुड़ की पूड़ी का भोग लगाएं।
- शत्रु आपके काम में बाधा डाल रहे हैं, आपके कोई काम पूरे नहीं होने दे रहे हैं तो कालाष्टमी के दिन काले भैंसे को हरे चारे के साथ मीठी पूड़ी खिलाएं।
- कालभैरव के वाहन श्वान को इस दिन घी चुपड़ी हुई रोटी खिलाएं। इससे आपके अटके हुए काम बनने लगेंगे।
- कालाष्टमी के दिन पांच पत्ते पीपल के, पांच बरगद के और पांच आंकड़े के लें। इन पर अष्टगंध से ऊं भैरवाय नम: लिखें और इनकी माला बनाकर कालभैरव को पहनाएं, आपके धन आने के मार्ग खुलने लगेंगे।
- कालाष्टमी के दिन कालभैरव को इमरती, उड़द के पकौड़े और दही बड़े का भोग लगाएं। आपकी संपत्ति से जुड़ी परेशानियां दूर होने लगेगी और संपत्ति की प्राप्ति होगी।
- कालाष्टमी के दिन काले कपड़े पहनकर, काले हकीक की माला से ऊं भैरवाय नम: मंत्र की 21 माला किसी कालभैरव मंदिर में बैठकर जपने से रोग दूर हो जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications