Abhishek Banerjee: 'बीजेपी के आगे नहीं झुकूंगा', अभिषेक बनर्जी का बड़ा बयान, सभी अटकलों पर लगाया फुल स्टॉप
Abhishek Banerjee: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बृहस्पतिवार को पार्टी के एक सम्मेलन में अपने बारे में चल रहीं सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। उन्होंने उन सभी अफवाहों को नाकार दिया जिसमें उनके ममता बनर्जी से मतभेद होने और उनके भाजपा में शामिल होने की बात कही जा रही थी।
अभिषेक बनर्जी ने मंच से जोर देकर कहा कि वह TMC के प्रति पूरी तरह वफादार हैं और उनका नेता सिर्फ ममता बनर्जी हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी के भीतर किसी भी तरह की गुटबाजी या साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अभिषेक और ममता के बीच मतभेद की अफवाह
बीते कुछ समय से राजनीतिक गलियारों में अभिषेक बनर्जी और ममता बनर्जी के बीच मतभेद की चर्चाएं हो रही थीं। कुछ रिपोर्ट्स में तो यहां तक दावा किया गया कि वह TMC छोड़ सकते हैं और बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। इन अटकलों पर पलटवार करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि यह सब फर्जी खबरें हैं, जिनका मकसद सिर्फ TMC को कमजोर करना है।
ये भी पढ़ें: विश्वकर्मा छुट्टी रद्द, ईद की छुट्टी डबल..BJP के हमले के बाद ममता सरकार ने दी सफाई, कहा-'ये Typo एरर है'
उन्होंने मंच से अपने विरोधियों और पार्टी के अंदर साजिश रचने वालों को कड़ा संदेश दिया और कहा कि जो भी TMC के खिलाफ साजिश करेगा, उसे उजागर किया जाएगा।
'TMC छोड़ने का सवाल ही नहीं उठता'
अभिषेक बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से साफ कहा कि वह तृणमूल कांग्रेस के साथ मजबूती से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, "मैं तृणमूल कांग्रेस का वफादार सिपाही हूं, और मेरे नेता सिर्फ ममता बनर्जी हैं।"
उन्होंने BJP में शामिल होने की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, "जो लोग कह रहे हैं कि मैं बीजेपी में जा रहा हूं, वे सिर्फ अफवाह फैला रहे हैं। मेरा सिर कट भी जाए, तब भी मैं कहूंगा - ममता बनर्जी जिंदाबाद! मीडिया में जो कुछ चल रहा है, वह सब झूठ है। मैं जानता हूं कि यह अफवाह कौन फैला रहा है, लेकिन उनकी ये साजिश कभी कामयाब नहीं होगी।"
'आंतरिक झगड़े भूलें, जनता की सेवा करें'
अभिषेक बनर्जी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आपसी मतभेद भूलकर जनता के लिए काम करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, "आपसी झगड़ों में मत उलझिए। जनता की सेवा पर ध्यान दीजिए। पार्टी में साजिश करने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। व्हाट्सएप ग्रुप पॉलिटिक्स से कुछ हासिल नहीं होगा। जो लोग गुटबाजी कर रहे हैं, वे खुद ही नुकसान उठाएंगे।"
'गद्दारों को बेनकाब करता रहूंगा'
अभिषेक बनर्जी ने साफ कहा कि वह TMC के गद्दारों को बेनकाब करने का काम जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, "पिछले चुनावों में, मैंने पार्टी के उन लोगों को बेनकाब किया, जिन्होंने पार्टी से गद्दारी की। मुकुल रॉय और शुभेंदु अधिकारी जैसे लोग पार्टी छोड़कर गए, लेकिन मैं यहां हूं और आगे भी रहूंगा। आने वाले दिनों में भी मैं ऐसे गद्दारों को उजागर करता रहूंगा।"
'अनुशासन तोड़ने वालों को नहीं किया जाएगा बख्शा'
TMC नेताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए उन्होंने कहा, "कुछ नेता मीडिया में बने रहने के लिए अनुशासनहीनता कर रहे हैं। जो लोग पार्टी के नियमों को तोड़ रहे हैं, उन्हें पहचाना जा चुका है। अनुशासन तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।"
अभिषेक बनर्जी के इस बयान से यह साफ हो गया है कि वह TMC के साथ मजबूती से जुड़े हुए हैं और पार्टी के भीतर किसी भी तरह की गुटबाजी या साजिश को सहन नहीं करेंगे।
'TMC नेताओं के फोन टैप किए जा रहे हैं'
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी पार्टी के नेताओं के फोन टैप किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कई नेताओं की बातचीत को गुप्त रूप से सुना और रिकॉर्ड किया जा रहा है, जिससे उनकी निजता का हनन हो रहा है।
ममता बनर्जी ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "TMC नेताओं की जासूसी की जा रही है। फोन टैपिंग के जरिए हमारी हर बातचीत पर नजर रखी जा रही है।"
ये भी पढ़ें: Mamata Banerjee : ममता बनर्जी के 'मृत्युकुंभ' वाले बयान पर बीजेपी का जोरदार पलटवार












Click it and Unblock the Notifications