तिरुपरंकुंद्रम दीपथून पर कल जलेगा कार्तिगई दीपम, SC का आदेश, मंदिर ट्रस्ट सस्पेंड, CRPF करेगी अब सुरक्षा
तमिलनाडु के तिरुप्परनकुंद्रम (Thiruparankundram) स्थित विवादित दीपथून (Deepathoon) स्तंभ पर कार्तिकई दीपम (Karthigai Deepam) जलाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को बेहद सख्त रुख अपनाया । जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम पंचोली की बेंच ने साफ कहा कि अदालत के आदेशों का पालन हर हाल में होना चाहिए और यह बातचीत का कोई न्योता नहीं है, बल्कि राज्य, उसके अधिकारियों और हर धार्मिक संस्था पर बाध्यकारी है।
शीर्ष अदालत ने कड़ा फैसला सुनाते हुए अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर (Arulmigu Subramaniaswamy Temple) के ट्रस्टी बोर्ड को सस्पेंड कर दिया है। कोर्ट ने आदेश दिया कि शनिवार को उचिपिल्लैयार मंडपम में जल रही लौ का इस्तेमाल कर दीपथून पर दीप जलाया जाए। इसके साथ ही तमिलनाडु पुलिस की नाकामी का हवाला देते हुए मंदिर और तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की सुरक्षा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंप दी गई है।

क्या था पूरा विवाद और अदालत क्यों हुई सख्त?
यह सुनवाई 24 नवंबर को दीपथून पर पारंपरिक दीप न जलाए जाने के खिलाफ दाखिल अवमानना याचिकाओं पर हो रही थी । सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को एक बार के उपाय के तौर पर 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन तय तारीख पर सिर्फ पारंपरिक उचिपिल्लैयार मंडपम में ही दीप जलाया गया ।
सुनवाई के दौरान बेंच ने क्या-क्या टिप्पणियां कीं?
मुख्य सचिव तलब: कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है। साथ ही उनसे अधिकारियों के बीच हुए ईमेल, फोन कॉल और मैसेज का पूरा ब्योरा देते हुए हलफनामा दाखिल करने को कहा है।
प्रशासनिक अराजकता पर टिप्पणी: कोर्ट ने कहा कि अधिकारियों का रवैया प्रथम दृष्टया राज्य में प्रशासनिक अराजकता दिखाता है। कार्यपालिका द्वारा जानबूझकर आदेश न मानने को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और इससे सख्ती से निपटा जाएगा। यह हाईकोर्ट में दिए गए भरोसे और संवैधानिक अदालतों की गरिमा का खुला अपमान है।
सरकार की माफी खारिज: इससे पहले बुधवार को तमिलनाडु सरकार ने दीप न जलने पर माफी मांगते हुए इसका ठीकरा मंदिर प्रशासन पर फोड़ा था, लेकिन कोर्ट ने साफ किया कि वह मुख्य विवाद में न जाकर फिलहाल सिर्फ 20 नवंबर के आदेश की अवहेलना पर सुनवाई कर रहा है।
ASI ने खोली तमिलनाडु पुलिस की पोल
सुनवाई में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने तमिलनाडु पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि 24 नवंबर को दोपहर 3 बजे स्थानीय पुलिस ने ASI की टीम को एक तय पॉइंट पर रोक दिया और पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून स्तंभ के पास जाने की इजाजत नहीं दी।
तुषार मेहता ने इसे गंभीर अवमानना और प्रशासनिक अहंकार का मामला बताते हुए कहा कि सरकार शुरू से ही इसका विरोध कर रही थी । उन्होंने कोर्ट से किसी दूसरी एजेंसी से निगरानी कराने की मांग की और बताया कि ऐसे वीडियो मौजूद हैं जिनमें पूरा परिसर पुलिस से भरा दिख रहा है । इसी के बाद सुप्रीम कोर्ट ने राज्य पुलिस को हटाकर सुरक्षा की कमान CRPF के हाथों में दे दी।


Click it and Unblock the Notifications
