Bihar News: राजगीर महोत्सव में बॉलीवुड सितारों की महफिल, हर्षदीप कौर और मोहम्मद इरफान बिखेरेंगे सुरों का जादू
नालंदा, बिहार में 26-28 नवंबर 2026 को होने वाला राजगीर महोत्सव, जाने-माने कलाकारों मोहम्मद इरफान, हर्षदीप कौर और एमजे-5 के साथ-साथ रिया भट्टाचार्य द्वारा संगीत, कला और संस्कृति का जश्न मनाता है। सात दिवसीय ग्रामश्री मेला हस्तशिल्प, खादी, हैंडलूम और क्षेत्रीय व्यंजनों को प्रदर्शित करता है, साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक खेल भी आयोजित किए जाते हैं।
*पटना, 27 नवंबर:* बिहार के नालंदा जिले के राजगीर में 26 से 28 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। राजगीर एक बार फिर संगीत, कला और संस्कृति के रंगों में सराबोर होने को तैयार है। इस साल महोत्सव की थीम "वैश्विक पर्यटन की ओर अग्रसर" रखी गई है।

महोत्सव की तीनों शामें संगीत प्रेमियों के लिए खास रहने वाली हैं। बॉलीवुड के मशहूर गायक मोहम्मद इरफान और लोकप्रिय गायिका हर्षदीप कौर अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। इसके अलावा शनिवार को एमजे-5 डांस ग्रुप और पार्श्व गायिका रिया भट्टाचार्य की प्रस्तुति होगी। तीनों दिन स्थानीय कलाकारों को भी मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
गायिका रिया भट्टाचार्य पहली बार राजगीर महोत्सव में प्रस्तुति देने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि 28 नवंबर 2026 को वे दर्शकों से मुलाकात करेंगी और अपनी आवाज से शाम को यादगार बनाने के लिए बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की। साथ ही उन्होंने बिहार पर्यटन विभाग का आभार जताया, जिसने उन्हें इस आयोजन में आमंत्रित किया।
हर्षदीप कौर अपने बैंड के साथ 27 नवंबर को प्रस्तुति देंगी। उन्होंने कहा कि वे बिहार की धरती पर संगीत के जरिए लोगों से जुड़ने का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने भी बिहार पर्यटन विभाग का धन्यवाद करते हुए लोगों से बड़ी संख्या में महोत्सव का आनंद लेने की अपील की।
मोहम्मद इरफान महोत्सव के पहले दिन अपनी प्रस्तुति देंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए खुशी की बात है। उन्होंने बिहार सरकार के पर्यटन विभाग का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर शाम को यादगार बनाएंगे। एमजे-5 ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि वे 28 नवंबर को राजगीर महोत्सव में प्रस्तुति देने के लिए काफी उत्साहित हैं। उन्होंने इस अवसर के लिए बिहार पर्यटन विभाग का धन्यवाद किया।
*सात दिनों तक चलेगा ग्रामश्री मेला*
महोत्सव के तहत ग्रामश्री मेला सात दिनों तक आयोजित होगा। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों के हस्तशिल्प, खादी, हैंडलूम, मधुबनी पेंटिंग, कलाकृतियों और ग्रामीण उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री होगी। विभिन्न विभागों के करीब 40 स्टॉल लगाने की तैयारी है। व्यंजन मेले में बिहार के पारंपरिक पकवानों के साथ सिलाव का प्रसिद्ध खाजा विशेष आकर्षण रहेगा। इसके अलावा पुस्तक मेला और फूड कोर्ट भी आयोजन का हिस्सा होंगे।
*पारंपरिक खेलों का भी आयोजन*
महिला महोत्सव के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम, ओपन माइक, साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा से जुड़े विषयों पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही टांगा रेस, टांगा सज्जा प्रतियोगिता तथा महिला और पुरुष वर्ग के दंगल होंगे। घुड़सवारी दौड़ को भी शामिल करने की तैयारी है।
*सुरक्षा और व्यवस्था के लिए कोषांग गठित*
आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने 32 कोषांगों का गठन किया है। दर्शकों के लिए मल्टीमीडिया स्क्रीन, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, सीसीटीवी निगरानी और कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है।
बिहार की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से राजगीर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। राजगीर कन्वेंशन सेंटर में हो रहे इस तीन दिवसीय महोत्सव में बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ लोक संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। वर्ष 1986 में शुरू हुआ यह महोत्सव आज बिहार की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा बन चुका है।


Click it and Unblock the Notifications
