IPL 2027 MI Captain: रोहित शर्मा फिर बने मुंबई इंडियंस के कप्तान, 3 साल बाद क्यों और कैसे हुई हिटमैन की वापसी?

IPL 2027 MI Captain: ठीक तीन साल पहले, दिसंबर 2023 में जब मुंबई इंडियंस ने पांच बार के चैंपियन कप्तान रोहित शर्मा से कमान छीनकर हार्दिक पांड्या को सौंपी थी, तो वानखेड़े से लेकर सोशल मीडिया तक सवालों का दौर शुरू हो गया था। अब 27 नवंबर 2026 को फ्रेंचाइजी ने अपने उसी फैसले पर पूरा यू-टर्न ले लिया है। मुंबई इंडियंस ने शाम ठीक 5 बजकर 45 मिनट पर आधिकारिक घोषणा की कि आगामी IPL 2027 में 39 वर्षीय रोहित शर्मा एक बार फिर टीम की कप्तानी करेंगे।

ऐलान का समय महज संयोग नहीं था। '5' रोहित की पांच आईपीएल ट्रॉफियों का प्रतीक है और '45' उनकी मशहूर जर्सी का नंबर। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा - "मुस्कुराइए, सब लोग मुस्कुराइए।"

Mumbai Indians Reappoints Rohit Sharma As Captain
Photo Credit:

कमान संभालते ही रोहित शर्मा ने भी साफ संदेश दिया। उन्होंने कहा, "मैं IPL के 20वें सीजन के लिए तैयार हूं। आगे आने वाली चुनौतियों और अपनी पलटन को जश्न मनाने के कई मौके देने के लिए उत्साहित हूं। हमारा फोकस अपने अंदाज की क्रिकेट खेलने, एकजुट होकर मुकाबला करने और खेल का आनंद लेने पर होगा।"

लेकिन इस वापसी के पीछे सिर्फ भावनाएं या फैंस को खुश करने की कोशिश नहीं है। मुंबई इंडियंस के इस फैसले के पीछे ठोस क्रिकेटिंग समीकरण, ड्रेसिंग रूम की राजनीति और अगले मेगा ऑक्शन की गणित काम कर रही है।

सूर्यकुमार, बुमराह और तिलक को छोड़ रोहित ही क्यों?

हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में ट्रेड होने के बाद मुंबई के पास कप्तानी के कई मजबूत विकल्प मौजूद थे। सूर्यकुमार यादव पिछली बार हार्दिक की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाल चुके हैं, जसप्रीत बुमराह टीम के सबसे बड़े मैच-विनर हैं और युवा तिलक वर्मा को भविष्य के लीडर के तौर पर देखा जा रहा है। फिर भी मैनेजमेंट ने 39 साल के रोहित को क्यों चुना?

इसका सबसे बड़ा कारण आईपीएल का साइकिल है। IPL 2027 मौजूदा साइकिल का आखिरी सीजन है, जिसके बाद अगला मेगा ऑक्शन होना है। क्रिकेट विश्लेषकों के मुताबिक, एक सीजन के लिए सूर्यकुमार, बुमराह या तिलक में से किसी एक को नया कप्तान बनाना ड्रेसिंग रूम में फिर से असंतुलन पैदा कर सकता था। हार्दिक के कार्यकाल में टीम पहले ही सीनियर खिलाड़ियों के बीच मतभेद की खबरों से जूझ चुकी है।

रोहित शर्मा एक ऐसे सर्वमान्य लीडर हैं, जिनके नाम पर ड्रेसिंग रूम और वानखेड़े के दर्शक, दोनों में जोश आ जाता है। एक 'स्टॉप-गैप' लेकिन बेहद अनुभवी कप्तान के तौर पर रोहित फ्रेंचाइजी को वह स्थिरता दे सकते हैं, जिसकी उसे 2020 के बाद से तलाश है।

ये भी पढें: पिता-पुत्र की जोड़ी ने कराया IPL ऑक्शन में रजिस्ट्रेशन, क्या टूर्नामेंट में पहली बार रचा जाएगा अनोखा इतिहास?
ये भी पढें: पिता-पुत्र की जोड़ी ने कराया IPL ऑक्शन में रजिस्ट्रेशन, क्या टूर्नामेंट में पहली बार रचा जाएगा अनोखा इतिहास?

हार्दिक के तीन साल और अर्शदीप की एंट्री ने बदला खेल

रोहित की वापसी का रास्ता नवंबर की शुरुआत में हुई बड़ी ट्रेड डील से खुला था। मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स को सौंपकर उनके बदले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को अपने साथ जोड़ा। पंजाब में हार्दिक की फीस ₹16.35 करोड़ से बढ़कर ₹18 करोड़ हो गई, जबकि अर्शदीप अपनी ₹18 करोड़ की मौजूदा फीस पर मुंबई पहुंचे।

हार्दिक की कप्तानी में मुंबई का तीन साल का सफर उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। टीम 2024 और 2026 में प्लेऑफ तक भी नहीं पहुंच सकी। हालांकि 2025 में मुंबई ने प्लेऑफ का सफर तय किया था, लेकिन IPL 2026 में हालात फिर बिगड़ गए। पिछले सीजन में टीम 14 में से सिर्फ 4 मैच जीत सकी और 9वें स्थान पर रही। चोट के कारण हार्दिक आखिरी चरण के मुकाबलों से बाहर भी रहे।

फिर साथ आई 'रोहित-पोलार्ड' की चैंपियन जोड़ी

इस बार रोहित शर्मा एक बदले हुए सपोर्ट स्टाफ के साथ उतरेंगे। मुंबई इंडियंस ने 24 अक्टूबर 2026 को ही महेला जयवर्धने की जगह पूर्व ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया था। जयवर्धने अब दिल्ली कैपिटल्स की WPL टीम के साथ नई भूमिका में जुड़ चुके हैं।

मैदान पर एक दशक से ज्यादा समय तक मुंबई को पांच खिताब (2013, 2015, 2017, 2019, 2020) दिलाने वाली रोहित और पोलार्ड की जोड़ी अब कप्तान और कोच के रूप में साथ काम करेगी। दोनों की समझ और फ्रेंचाइजी के कल्चर पर उनकी पकड़ मुंबई की सबसे बड़ी ताकत बन सकती है।

कप्तानी के आंकड़ों में 'हिटमैन'सबसे सुपरहिट

रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उन्होंने 2013 से 2023 के बीच मुंबई के लिए 158 मैचों में कप्तानी की, जिनमें से 87 मुकाबलों में टीम को जीत मिली। पांच खिताबों के साथ वह एमएस धोनी के बराबर हैं, जिन्होंने हाल ही में आईपीएल करियर को अलविदा कह दिया है।

केवल आईपीएल ही नहीं, पूरे टी20 क्रिकेट में भी रोहित का नेतृत्व शानदार रहा है। उन्होंने कुल 220 टी20 मैचों में कप्तानी कर 140 जीत (63.33% जीत प्रतिशत) दर्ज की हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी कप्तानी में भारत ने 2024 का टी20 वर्ल्ड कप और मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी।

ये भी पढें: IPL 2027: कौन हुआ रिलीज, किसको मिली नई टीम? सभी 10 आईपीएल टीमों के रिटेन-रिलीज प्लेयर्स की लिस्ट
ये भी पढें: IPL 2027: कौन हुआ रिलीज, किसको मिली नई टीम? सभी 10 आईपीएल टीमों के रिटेन-रिलीज प्लेयर्स की लिस्ट

गोवा मिनी-ऑक्शन से पहले ₹30.25 करोड़ की चुनौती

रोहित और पोलार्ड के सामने पहली बड़ी परीक्षा 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले IPL 2027 मिनी-ऑक्शन में होगी। मुंबई ने 6 विदेशी खिलाड़ियों समेत कुल 16 खिलाड़ियों को रिटेन किया है।

हालांकि, हार्दिक पांड्या के जाने का असर टीम के ऑक्शन पर्स पर भी पड़ा है। आईपीएल के रिटेंशन स्लैब नियम के तहत चार कैप्ड रिटेन खिलाड़ियों (बुमराह, रोहित, सूर्यकुमार और तिलक) की कुल सैलरी की जगह स्लैब राशि (₹61 करोड़) कटने के कारण BCCI ने मुंबई के पर्स में ₹2.35 करोड़ की कटौती की है। अब MI के पास ₹32.60 करोड़ की बजाय ₹30.25 करोड़ का पर्स बचा है, जिससे उसे अधिकतम 9 स्लॉट (जिनमें 2 विदेशी स्थान शामिल हैं) भरने होंगे।

अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह की जोड़ी के साथ मुंबई की तेज गेंदबाजी पहले से बेहद खतरनाक दिख रही है। देखना दिलचस्प होगा कि 6 साल का खिताबी सूखा खत्म करने के लिए रोहित-पोलार्ड की जोड़ी गोवा ऑक्शन में मध्यक्रम और ऑलराउंडर की कमी कैसे पूरी करती है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+