Ye Prem Mol Liya Review: आयुष्मान-शरवरी की 'ये प्रेम मोल लिया' में रिश्तों की कहानी, फिर भी इमोशन की कमी कमी
फिल्म: ये प्रेम मोल लिया (Ye Prem Mol Liya)
स्टारकास्ट: आयुष्मान खुराना, शरवरी वाघ, अनुपम खेर
डायरेक्टर: सूरज बड़जात्या
रनटाइम: 2 घंटे 53 मिनट
रेटिंग: 3 (***)
Ye Prem Mol Liya Review: क्या शादी के बाद सिर्फ लड़की को ही अपना घर छोड़कर पति के परिवार के साथ रहना चाहिए? अगर लड़की अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभाना चाहती है तो क्या लड़का उसके घर जाकर नहीं रह सकता? सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' इसी सोच को चुनौती देती है। आयुष्मान खुराना और शर्वरी वाघ की ये फिल्म रिश्तों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और बदलती सामाजिक मान्यताओं के बीच एक नए नजरिए की तलाश करती है। फिल्म का विचार दिलचस्प है लेकिन इसे पर्दे पर उतारने के दौरान कहानी कई जगह अपनी भावनात्मक पकड़ कमजोर कर देती है।

क्या है ये प्रेम मोल लिया की कहानी?
-फिल्म की कहानी प्रेम मिश्रा (आयुष्मान खुराना) की है, जो संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहा है। वह अपने दादा (अनुपम खेर), पिता (स्वानंद किरकिरे), मां (गीता अग्रवाल शर्मा) और भाई (कृष राव) के साथ रहता है। एक रोमांटिक गाना बनाने की कोशिश में उसकी मुलाकात पत्रकार पूर्वा सोलंकी (शर्वरी वाघ) से होती है। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आते हैं और प्रेम को पूर्वा से प्यार हो जाता है।
-पूर्वा एक आत्मनिर्भर और स्पष्ट सोच वाली लड़की है लेकिन उसके लिए परिवार सबसे अहम है। वह अपने पुश्तैनी घर में नानी (सुप्रिया पाठक), दादी (सीमा पाहवा), चाची (सुरभि तिवारी), बुआ (सौम्या टंडन) और उनकी बेटी की जिम्मेदारियां निभाती है। ऐसे में जब प्रेम शादी का प्रस्ताव रखता है तो पूर्वा उसे स्वीकार करने से पीछे हट जाती है। उसे डर है कि शादी के बाद उसे अपने परिवार और घर से दूर जाना पड़ेगा।
-हालांकि प्रेम इस रिश्ते के लिए एक अलग रास्ता चुनता है। वह पूर्वा को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर करने के बजाय खुद उसके घर जाकर रहने का फैसला करता है। दोनों परिवारों की सहमति से शादी तो हो जाती है, मगर इसके बाद शुरू होती है असली परीक्षा। एक ही छत के नीचे दो परिवारों की अलग-अलग सोच, आदतें और परंपराएं किस तरह रिश्तों को प्रभावित करती हैं, फिल्म इसी टकराव को आगे बढ़ाती है।
सूरज बड़जात्या की फिल्म में नया विचार, लेकिन धीमी शुरुआत
-सूरज बड़जात्या अपनी फिल्मों में परिवार, संस्कार, रिश्तों और भावनाओं को खास जगह देते आए हैं। 'ये प्रेम मोल लिया' में भी उनका वही परिचित पारिवारिक अंदाज नजर आता है लेकिन इस बार कहानी के केंद्र में एक आधुनिक और सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण विचार है। फिल्म शादी के बाद घर बदलने की परंपरा और स्त्री-पुरुष के बीच जिम्मेदारियों के असमान बंटवारे पर सवाल उठाती है।
-हालांकि इस विचार को कहानी में पूरी तरह स्थापित करने के लिए निर्देशक काफी समय लेते हैं। पहले हाफ में किरदारों और उनके पारिवारिक माहौल को समझने की प्रक्रिया लंबी हो जाती है, जिससे फिल्म की गति थोड़ी सुस्त पड़ती है। इंटरवल के बाद कहानी में नए घटनाक्रम आते हैं और फिल्म अपेक्षाकृत बेहतर रफ्तार पकड़ती है। सूरज बड़जात्या पारिवारिक ड्रामा, हल्की नोकझोंक और रिश्तों के बीच पैदा होने वाली उलझनों को अपने पारंपरिक अंदाज में दिखाते हैं लेकिन कमजोर पटकथा कई सीन्स का प्रभाव सीमित कर देती है।
रिश्तों की बात करती है, लेकिन इमोशन अधूरा रह जाता है
-फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसका विषय है। यह उन परंपराओं पर सवाल उठाती है, जिन्हें बिना सोचे-समझे पीढ़ियों से निभाया जाता रहा है। पूर्वा का अपने परिवार के प्रति लगाव और प्रेम का उसके फैसले में साथ देना कहानी को एक प्रगतिशील दिशा देता है। फिल्म यह भी समझाने की कोशिश करती है कि शादी के बाद घर और परिवार की जिम्मेदारी केवल महिला की ही क्यों होनी चाहिए?
-हालांकि जिस विषय में काफी भावनात्मक संभावनाएं थीं, उसे पटकथा और ज्यादा गहराई दे सकती थी। प्रेम और पूर्वा की प्रेम कहानी भी उतनी मजबूती से विकसित नहीं हो पाती, जितनी उम्मीद की जाती है। दोनों के रिश्ते में कुछ खूबसूरत पल जरूर हैं, मगर उनके बीच के भावनात्मक जुड़ाव को और प्रभावी तरीके से दिखाने की गुंजाइश थी। फिल्म विचार तो अच्छा देती है, लेकिन कई जगह दिल तक पहुंचने से पहले ही दृश्य समाप्त हो जाते हैं।
संगीत, सिनेमैटोग्राफी और क्लाइमैक्स
-हिमेश रेशमिया का संगीत फिल्म के माहौल को खूबसूरत बनाने में मदद करता है। 'ये प्रेम मोल लिया' और 'झुमका पटोला' जैसे गाने पहले ही लोकप्रियता हासिल कर चुके हैं और पारिवारिक कहानी के बीच एक रंगीन माहौल तैयार करते हैं। मनोज कुमार खटोई की सिनेमैटोग्राफी फिल्म को खूबसूरत विजुअल ट्रीटमेंट देती है। घर, रिश्तों और पारिवारिक माहौल को पर्दे पर अच्छे ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
-एडिटिंग थोड़ी और चुस्त होती, तो फिल्म का प्रभाव बेहतर हो सकता था। कुछ दृश्यों को छोटा करके कहानी की गति बढ़ाई जा सकती थी। हालांकि, फिल्म का क्लाइमैक्स सकारात्मक एहसास छोड़ता है और दर्शकों को रिश्तों के प्रति एक उम्मीद भरा नजरिया देता है।
आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की एक्टिंग कैसी है?
-फिल्म में अभिनय इसका सबसे मजबूत पक्ष है। आयुष्मान खुराना प्रेम मिश्रा के किरदार में सहज नजर आते हैं। वह अपने किरदार को बिना जरूरत के नाटकीय बनाए ईमानदारी से निभाते हैं। प्रेम का अपनी पत्नी के साथ खड़ा होना, उसकी भावनाओं को समझना और परिवार के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करना उसे एक समझदार और भरोसेमंद साथी बनाता है। ऐसे पति को आज की भाषा में 'ग्रीन फ्लैग' कहा जा सकता है।
-शरवरी वाघ पूर्वा के किरदार में काफी प्रभावशाली हैं। उनकी स्क्रीन प्रेजेंस अच्छी है और वह एक आत्मनिर्भर, तेज-तर्रार महिला की भूमिका में जंचती हैं। पूर्वा के फैसलों और उसके परिवार के प्रति भावनात्मक जुड़ाव को शर्वरी ने सहजता से पर्दे पर उतारा है।
-अनुपम खेर अपने अनुभव और स्वाभाविक अभिनय से दादाजी के किरदार में जान डालते हैं। सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा की मौजूदगी पारिवारिक दृश्यों को जीवंत बनाती है। वहीं, स्वानंद किरकिरे परंपरावादी पिता वेद मिश्रा के रूप में काफी प्रभावशाली हैं। उनकी अदाकारी किरदार की सोच और जिद को मजबूती से सामने लाती है।
-शाद रंधावा, गीता अग्रवाल शर्मा, सौम्या टंडन, सुरभि तिवारी, श्रुति सेठ, कृष राव और अशनूर कौर समेत बाकी कलाकार भी अपने किरदारों के साथ न्याय करते हैं। फिल्म में बड़ी स्टार कास्ट होने के बावजूद हर कलाकार को अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का मौका मिलता है।
क्यों देखें 'ये प्रेम मोल लिया'?
-'ये प्रेम मोल लिया' एक ऐसी पारिवारिक फिल्म है, जो मनोरंजन के साथ शादी, घर और रिश्तों को लेकर एक जरूरी सवाल उठाती है। फिल्म का विचार नया और प्रगतिशील है, अभिनय अच्छा है और संगीत भी कहानी को खूबसूरत बनाता है। हालांकि, कमजोर स्क्रीनप्ले, धीमी शुरुआत और रोमांस में भावनात्मक गहराई की कमी इसे एक शानदार फिल्म बनने से रोकती है।
-अगर आप पारिवारिक ड्रामा पसंद करते हैं, सूरज बड़जात्या की फिल्मों के फैन हैं या हिमेश रेशमिया के संगीत का आनंद लेना चाहते हैं, तो ये फिल्म एक बार देखी जा सकती है लेकिन अगर आप मजबूत पटकथा और गहरे इमोशन की उम्मीद लेकर जा रहे हैं, तो फिल्म आपको थोड़ा निराश कर सकती है।


Click it and Unblock the Notifications
