Bihar News: औद्योगिक बिहार का सपना जमीन पर उतरने लगा, 706 करोड़ के लैंड बैंक पर लगी मुहर
बिहार सरकार ने नए औद्योगिक क्षेत्र बनाने के लिए नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में कुल 1,294.37 एकड़ भूमि के अधिग्रहण को मंजूरी दी है। इस योजना में बुनियादी ढांचे के लिए धन आवंटित किया गया है और कृषि-आधारित उद्योगों, खाद्य प्रसंस्करण, कपड़ा और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों का समर्थन किया गया है, जिससे स्थानीय समुदायों को रोजगार और आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
*पटना, 27 नवंबर:* राज्य को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के संकल्प के साथ बिहार सरकार ने औद्योगिक बुनियादी ढांचे के विस्तार की दिशा में एक और अहम कदम उठाया है। सरकार ने नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए कुल 1,294.37 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को मंजूरी दी है। इस फैसले से तीनों जिलों में उद्योगों के लिए जमीन उपलब्ध कराई जा सकेगी।

कैबिनेट से मंजूर इस योजना के तहत नालंदा जिले में 564.37 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा, जिसके लिए 382.23 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। समस्तीपुर में 480 एकड़ जमीन के अधिग्रहण पर 261.92 करोड़ रुपये और शेखपुरा में 250 एकड़ जमीन के लिए 62.37 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन तीनों परियोजनाओं की कुल स्वीकृत राशि 706.52 करोड़ रुपये है।
राज्य में उद्योगों के विस्तार की राह में जमीन की उपलब्धता लंबे समय से बड़ी चुनौती रही है। नए औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भूमि अधिग्रहण से कंपनियों को बिहार में उद्योग लगाने के लिए जमीन मिलने में मदद मिलेगी। इससे निवेश आकर्षित करने में भी सहायता मिलेगी। जमीन के साथ बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं, तो बिहार को औद्योगिक राज्य के रूप में विकसित करने का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सकता है।
*रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिल सकता है लाभ*
इन क्षेत्रों में कृषि-आधारित उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, कपड़ा और मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों की संभावनाएं हैं। परियोजनाएं आगे बढ़ती हैं, तो स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बन सकते हैं और आसपास के इलाकों की अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिल सकता है।
आने वाले समय में जमीन के विकास और उद्योगों की स्थापना की प्रगति से साफ होगा कि इन परियोजनाओं का निवेश और रोजगार पर कितना असर पड़ता है। फिलहाल यह मंजूरी बिहार में औद्योगिक ढांचे के विस्तार की दिशा में एक सशक्त कदम मानी जा रही है।


Click it and Unblock the Notifications
